PM मोदी का आया बयान तो भागे ये स्टॉक्स, 7 फीसदी तक चढ़े शेयर, जानें कहां से मिला बूस्ट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इलेक्ट्रिक व्हीकल अपनाने की अपील का असर शेयर बाजार में देखने को मिला. जहां कई सेक्टरों के शेयर दबाव में रहे, वहीं EV सेक्टर के शेयरों में जोरदार तेजी दर्ज की गई. Ather Energy, JBM Auto, Ola Electric और Olectra Greentech जैसे स्टॉक्स में 7 फीसदी तक उछाल आया.

EV Stocks: पश्चिम एशिया संकट और बढ़ती तेल कीमतों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील का असर शेयर बाजार में भी देखने को मिला. जहां कई सेक्टरों के शेयर दबाव में नजर आए, वहीं इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) सेक्टर के शेयरों में जोरदार तेजी दर्ज की गई. प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों से पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने, कार पूलिंग अपनाने और इलेक्ट्रिक व्हीकल के इस्तेमाल को बढ़ाने की अपील की थी.
इसके बाद निवेशकों ने EV कंपनियों के शेयरों में खरीदारी बढ़ा दी. सोमवार के कारोबार में Ather Energy, JBM Auto, Ola Electric और Olectra Greentech जैसे शेयरों में मजबूत उछाल देखने को मिला. बाजार में यह संकेत माना जा रहा है कि आने वाले समय में EV सेक्टर को और मजबूती मिल सकती है.
शेयरों में दिखी जोरदार खरीदारी
प्रधानमंत्री मोदी के बयान के बाद इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और ग्रीन एनर्जी से जुड़ी कंपनियों के शेयर तेजी के साथ कारोबार करते दिखे. Ather Energy का शेयर सबसे ज्यादा करीब 6.5 फीसदी तक उछल गया. वहीं JBM Auto में 4 फीसदी से ज्यादा तेजी दर्ज की गई. Ola Electric Mobility में 2.74 फीसदी और Olectra Greentech 2.53 फीसदी तक की तेजी देखने को मिली.
कई सेक्टरों में दबाव लेकिन EV सेक्टर चमका
सोमवार के कारोबार में जहां गोल्ड सहित कई सेक्टरों के शेयरों में गिरावट का माहौल रहा, वहीं EV सेक्टर अलग ही चमकता नजर आया. पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण तेल की कीमतों और सप्लाई को लेकर चिंता बनी हुई है. इसका असर बाजार के कई हिस्सों पर देखने को मिला. लेकिन इलेक्ट्रिक व्हीकल कंपनियों को भविष्य के विकल्प के रूप में देखा जा रहा है. इसी वजह से निवेशकों ने EV शेयरों में तेजी से पैसा लगाया और इन कंपनियों के स्टॉक में मजबूत उछाल आया.
ये भी पढ़ें- Adani Power बना नया पावर किंग… NTPC को छोड़ा पीछे, 2026 में अबतक 50% उछला शेयर; जानें क्यों
रेलवे ट्रांसपोर्ट पर भी जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने कोविड काल की तरह वर्क फ्रॉम होम और वर्चुअल मीटिंग्स को फिर से अपनाने की सलाह भी दी. उन्होंने कहा कि इससे ईंधन की बचत हो सकती है. इसके अलावा उन्होंने माल ढुलाई के लिए रेलवे ट्रांसपोर्ट के इस्तेमाल को बढ़ाने पर भी जोर दिया. उनका कहना था कि इससे डीजल की खपत कम होगी और विदेशी करेंसी की बचत होगी. सरकार की यह सोच ग्रीन मोबिलिटी और टिकाऊ विकास की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.