इस रियल एस्टेट शेयर में लगा 20% का अपर सर्किट, रिकॉर्ड वॉल्यूम से मिला सपोर्ट, जानें क्यों पकड़ी रफ्तार?
बुधवार को Raymond Realty का शेयर 19.99 फीसदी की तेजी के साथ 569.6 रुपये पर कारोबार करता दिखा. पिछले एक हफ्ते में शेयर करीब 33 फीसदी चढ़ चुका है. हालांकि, लंबी अवधि की बात करें तो शेयर अभी भी पिछले एक साल में करीब 45 फीसदी टूटा हुआ है.

रियल एस्टेट कंपनी Raymond Realty के शेयर में बुधवार, 6 मई 2026 को जबरदस्त तेजी देखने को मिली. मजबूत तिमाही नतीजों के बाद शेयर 20 फीसदी के अपर सर्किट पर पहुंच गया. यह शेयर का अब तक का सबसे बड़ा सिंगल-डे उछाल माना जा रहा है. सिर्फ कीमत ही नहीं, ट्रेडिंग वॉल्यूम में भी बड़ा उछाल देखने को मिला. NSE पर कंपनी के करीब 1.26 करोड़ शेयरों में कारोबार हुआ, जो इसके 30 दिन के औसत 8.42 लाख शेयरों से करीब 15 गुना ज्यादा है.
तिमाही नतीजों के बाद शेयर में जोरदार खरीदारी
कंपनी ने 5 मई 2026 को एक्सचेंज फाइलिंग में Q4FY26 और पूरे FY26 के ऑडिटेड नतीजे जारी किए थे. इसके बाद निवेशकों ने शेयर में जमकर खरीदारी की.
Q4FY26 में कैसा रहा प्रदर्शन?
मार्च 2026 तिमाही में Raymond Realty की कुल आय 53 फीसदी बढ़कर 1,176 करोड़ रुपये पहुंच गई, जो पिछले साल समान तिमाही में 770 करोड़ रुपये थी. ऑपरेशंस से रेवेन्यू 51 फीसदी बढ़कर 1,157 करोड़ रुपये रहा. पिछले साल यह आंकड़ा 766 करोड़ रुपये था. कंपनी का EBITDA 49 फीसदी बढ़कर 253 करोड़ रुपये पहुंच गया. हालांकि EBITDA मार्जिन मामूली गिरावट के साथ 21.5 फीसदी रहा, जो पिछले साल 22.1 फीसदी था. टैक्स से पहले मुनाफा यानी PBT 34 फीसदी बढ़कर 206 करोड़ रुपये हो गया. वहीं नेट प्रॉफिट 44 फीसदी की तेजी के साथ 161 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो पिछले साल 112 करोड़ रुपये था.
FY26 में भी दिखी मजबूत ग्रोथ
पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी की कुल आय 29 फीसदी बढ़कर 3,039 करोड़ रुपये हो गई. FY25 में यह 2,351 करोड़ रुपये थी. ऑपरेशंस से रेवेन्यू भी 29 फीसदी बढ़कर 2,991 करोड़ रुपये पहुंच गया. EBITDA 13 फीसदी बढ़कर 495 करोड़ रुपये रहा, लेकिन EBITDA मार्जिन घटकर 16.3 फीसदी पर आ गया. पिछले साल यह 18.6 फीसदी था. कंपनी का नेट प्रॉफिट 11 फीसदी बढ़कर 305 करोड़ रुपये पहुंच गया, जबकि FY25 में यह 274 करोड़ रुपये था.
आगे कंपनी की रणनीति क्या है?
कंपनी का कहना है कि FY26 में मजबूत प्री-सेल्स, नए लॉन्च और बेहतर रेवेन्यू रिकग्निशन से प्रदर्शन को सपोर्ट मिला. Raymond Realty आगे भी MMR और पुणे मार्केट पर फोकस बनाए रखेगी. कंपनी का जोर एसेट लाइट और JDA बेस्ड बिजनेस मॉडल पर रहेगा.
शेयर का प्रदर्शन कैसा रहा?
बुधवार को Raymond Realty का शेयर 19.99 फीसदी की तेजी के साथ 569.6 रुपये पर कारोबार करता दिखा. पिछले एक हफ्ते में शेयर करीब 33 फीसदी चढ़ चुका है. हालांकि, लंबी अवधि की बात करें तो शेयर अभी भी पिछले एक साल में करीब 45 फीसदी टूटा हुआ है.
इसे भी पढ़ें- FIIs इस महारत्न कंपनी पर लट्टू! 18 मई को बोर्ड करेगा नतीजों और डिविडेंड पर फैसला, रडार पर रखें शेयर
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.