Tata-APL की ₹28000 करोड़ की डील की जांच कर सकता है SEBI, निवेशकों को सता रहा इस बात का डर

Tata Steel और APL Apollo Tubes के बीच 28,000 करोड़ रुपये की प्रस्तावित डील विवादों में घिर गई है. संस्थागत निवेशकों ने सौदे की संरचना, बढ़ते कर्ज और छोटे शेयरधारकों के हितों पर सवाल उठाए हैं. प्रॉक्सी एडवाइजरी फर्मों की आपत्तियों के बाद सेबी भी मामले की पड़ताल कर सकता है. जानिए क्या है पूरा विवाद और निवेशकों की चिंताएं.

केवाईसी Image Credit: Getty Images

Tata Steel और APL Apollo Tubes के बीच प्रस्तावित करीब 28,000 करोड़ रुपये की डील अब सवालों के घेरे में आ गई है. इस सौदे को लेकर सबसे बड़ा सवाल यह है कि इससे फायदा किसे होने वाला है और इसका बोझ किस पर पड़ेगा? जहां Tata Steel इस डील के जरिए APL Apollo में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाकर कंपनी का कंट्रोल हासिल करना चाहती है, वहीं APL Apollo के बड़े संस्थागत निवेशकों को आशंका है कि इस सौदे का फायदा कंपनी के मौजूदा प्रमोटर को मिलेगा, जबकि इसका कर्ज और वित्तीय जोखिम छोटे शेयर धारकों को उठाना पड़ सकता है.

इस मामले में निवेशकों की आपत्तियों और कॉरपोरेट गवर्नेंस से जुड़े सवालों के बाद अब बाजार नियामक Securities and Exchange Board of India (SEBI) भी एक्टिव हो गया है. सेबी Tata Steel और APL Apollo से इस सौदे की जानकारी मांग सकता है. आइए समझते हैं कि आखिर इस डील में क्या होने वाला है, निवेशकों को क्या परेशानी है और सेबी इसकी जांच क्यों कर सकता है.

क्या है Tata Steel और APL Apollo की डील?

इस पूरे सौदे को समझने के लिए दोनों कंपनियों की भूमिका जानना जरूरी है. Tata Steel जहां स्टील बनाने वाली कंपनी है, वहीं APL Apollo Tubes स्टील पाइप और ट्यूब बनाने के कारोबार में है.

प्रस्तावित समझौते के तहत Tata Steel अपनी स्टील ट्यूब और कलर-कोटेड स्टील से जुड़े कारोबार APL Apollo को करीब 28,000 करोड़ रुपये में बेचेगी. इसके साथ ही Tata Steel, APL Apollo में मौजूदा प्रमोटर गुप्ता परिवार की हिस्सेदारी भी खरीदेगी.

यानी इस सौदे में दो बड़े काम एक साथ हो रहे हैं:

  • Tata Steel, APL Apollo में मौजूदा प्रमोटर की हिस्सेदारी खरीदेगी.
  • Tata Steel अपने स्टील ट्यूब और कलर-कोटेड स्टील कारोबार को APL Apollo को बेचेगी.

इसके अलावा Tata Steel पब्लिक शेयरहोल्डर्स से भी अतिरिक्त 26 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने के लिए ओपन ऑफर लाएगी. इसके लिए 2,301.40 रुपये प्रति शेयर का भाव प्रस्तावित है.

अगर प्रमोटर हिस्सेदारी की खरीद और ओपन ऑफर दोनों पूरी हो जाते हैं, तो APL Apollo में Tata Steel की कुल हिस्सेदारी करीब 52.38 फीसदी हो जाएगी. इसके बाद कंपनी का कंट्रोल Tata Steel के पास चला जाएगा और गुप्ता परिवार प्रमोटर की भूमिका से बाहर हो जाएगा.

निवेशकों को आखिर किस बात से है परेशानी?

इस डील पर सबसे बड़ी आपत्ति APL Apollo के संस्थागत निवेशकों की तरफ से आई है.

इन निवेशकों की चिंता है कि सौदे के लिए बड़े पैमाने पर कर्ज लिया जा रहा है. ऐसे में APL Apollo पर कर्ज का बोझ बढ़ सकता है. दूसरी तरफ कंपनी का मौजूदा प्रमोटर अपनी हिस्सेदारी बेचकर बाहर निकल जाएगा.

निवेशकों के सामने सवाल यह है कि अगर कंपनी को कारोबार खरीदने के लिए भारी कर्ज लेना पड़ता है, तो भविष्य में उस कर्ज का भुगतान कंपनी को अपने मुनाफे और कैश फ्लो से करना होगा. इसका असर कंपनी की वित्तीय स्थिति पर पड़ सकता है.

दूसरी चिंता यह है कि इस सौदे की मौजूदा स्ट्रक्चर में प्रमोटर को अपनी हिस्सेदारी बेचकर बाहर निकलने का मौका मिल रहा है, लेकिन कंपनी के छोटे और बड़े गैर-प्रमोटर शेयरधारकों के लिए इसके फायदे स्पष्ट नहीं हैं.

यही वजह है कि कुछ बड़े संस्थागत निवेशकों ने APL Apollo के मैनेजमेंट को अपनी आपत्तियां बता दी हैं. उनका कहना है कि मौजूदा स्वरूप में वे इस सौदे का समर्थन नहीं करेंगे.

SEBI क्यों कर सकता है जांच?

इस पूरे मामले में सबसे अहम सवाल कॉरपोरेट गवर्नेंस का है. दरअसल, प्रॉक्सी एडवाइजरी फर्म Stakeholders Empowerment Services (SES) और Institutional Investor Advisory Services (IiAS) ने इस डील की संरचना पर सवाल उठाए हैं.

Economic Times की एक रिपोर्ट के अनुसार, इन फर्मों को आशंका है कि कहीं इस सौदे को इस तरह तो नहीं बनाया गया है कि संबंधित पक्षों के बीच होने वाले लेनदेन यानी Related Party Transactions (RPT) के नियमों के तहत जरूरी शेयरधारक मंजूरी से बचा जा सके.

अब सवाल यह है कि जब इस डील में मौजूदा प्रमोटर अपनी हिस्सेदारी बेचकर बाहर निकल रहा है और कंपनी के कारोबार में भी बड़ा बदलाव होने जा रहा है, तो क्या इस पूरे सौदे को अलग-अलग हिस्सों में बांटकर इसके काम के तरीके को बदला गया है? प्रॉक्सी एडवाइजरी फर्मों ने इसी पहलू पर सवाल उठाए हैं.

हालांकि, अभी इसे नियमों के उल्लंघन का मामला नहीं माना जा सकता. सेबी की ओर से जानकारी मांगने का उद्देश्य सौदे की संरचना और नियामकीय अनुपालन को समझना होगा.

हिस्सेदारी खरीदने में क्या समस्या आ रही है?

Tata Steel की योजना APL Apollo में करीब 52.38 फीसदी हिस्सेदारी हासिल करने की है. लेकिन इस हिस्सेदारी तक पहुंचने के लिए उसे दो स्तरों पर काम करना होगा.

पहला, कंपनी को मौजूदा प्रमोटर गुप्ता परिवार से हिस्सेदारी खरीदनी होगी. दूसरा, शेयरधारकों के लिए 2,301.40 रुपये प्रति शेयर के भाव पर 26 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने का ओपन ऑफर लाना होगा.

लेकिन यहां परेशानी सिर्फ हिस्सेदारी खरीदने की प्रक्रिया तक सीमित नहीं है. असली सवाल यह है कि इस पूरी डील का वित्तीय बोझ किस पर पड़ेगा और इससे APL Apollo के मौजूदा शेयरधारकों को क्या फायदा मिलेगा.

डील की घोषणा के बाद से APL Apollo के शेयरों में करीब 30 फीसदी की गिरावट आ चुकी है. इससे निवेशकों की चिंता और बढ़ गई है.

यह भी पढ़ें: कैश के ढेर पर बैठी हैं ये तीन महारत्न कंपनियां, मजबूत हैं फंडामेंटल्स, 150% तक उछले शेयर, भाव ₹300

डिस्क्लेमर: Money9live कभी भी किसी शेयर, आईपीओ और म्यूचुअल फंड में निवेश की सलाह नहीं देता है. ये खबर केवल आपकी जानकारी के लिए है.