RBI MPC से पहले शेयर बाजार में लौटी रौनक! 2 दिन में 1000 अंक चढ़ा सेंसेक्स, ये हैं 3 बड़े कारण

पिछले हफ्ते की लगातार चार सत्रों की गिरावट के बाद भारतीय शेयर बाजार में लगातार दूसरे सत्र में तेजी है. सेंसेक्स इस हफ्ते 1,000 अंकों से ज्यादा चढ़ चुका है. RBI MPC के फैसले, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और FPIs की शॉर्ट कवरिंग को तेजी की बड़ी वजह माना जा रहा है

शेयर बाजार Image Credit: Money9 Live

पिछले हफ्ते लगातार चार कारोबारी सत्रों में जोरदार गिरावट के बाद भारतीय शेयर बाजार में अब लगातार दूसरे सत्र में खरीदारी देखने को मिल रही है. इस हफ्ते अब तक BSE सेंसेक्स में 1000 अंकों से ज्यादा की तेजी आ चुकी है, जबकि Nifty 50 इंडेक्स ने लगातार दो सत्रों में 300 अंकों से ज्यादा की बढ़त दर्ज की है. बाजार में इस तेजी के बीच निवेशकों की नजर RBI की मौद्रिक नीति समिति यानी MPC की बैठक के फैसले पर टिकी हुई है. RBI MPC की तीन दिन की बैठक सोमवार से शुरू हुई है और इसका आखिरी फैसला बुधवार को आना है. ऐसे में आइए जानते हैं कि पिछले दो कारोबारी दिनों में भारतीय शेयर बाजार में तेजी के पीछे कौन से बड़े कारण हैं.

RBI MPC बैठक से क्या उम्मीद?

सकारात्मक अमेरिकी महंगाई और गैर-कृषि पेरोल (NFP) के आंकड़ों के बाद उम्मीद बढ़ी है कि अमेरिकी फेड अक्टूबर 2026 की बैठक में ब्याज दरों में बढ़ोतरी नहीं करेगा. इससे RBI पर भी ब्याज दरों को लेकर दबाव कम हो सकता है. इसके अलावा Q2FY27 के मजबूत GDP आंकड़ों के बाद भी RBI को राहत मिली है.

मिंट की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी फेड पर दबाव कम होने और अमेरिका के महंगाई व गैर-कृषि पेरोल के सकारात्मक आंकड़ों के बाद उम्मीद है कि RBI MPC बैठक में ब्याज दरों को मौजूदा स्तर पर बनाए रखने का फैसला कर सकती है. भारत में फिलहाल अमेरिका जैसी महंगाई का दबाव नहीं है.

₹100 से नीचे आया ब्रेंट क्रूड

भारतीय शेयर बाजार में तेजी की दूसरी बड़ी वजह कच्चे तेल की कीमतों में नरमी है. हालिया तेजी के बाद ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गई है. मध्य पूर्व में सप्लाई से जुड़ी दिक्कतों में कुछ राहत और कुछ देशों की ओर से कच्चे तेल की नई सप्लाई शुरू होने से कीमतों पर दबाव आया है. फिलहाल ब्रेंट क्रूड ऑयल 98 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है.

FPIs की शॉर्ट कवरिंग से बाजार को सहारा

बाजार में तेजी की तीसरी बड़ी वजह विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों यानी FPIs की शॉर्ट कवरिंग मानी जा रही है. FPI 150 इंडेक्स के हीटमैप को देखें तो इसमें शामिल 50% से ज्यादा शेयर हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं. इनमें से ज्यादातर शेयरों में पिछले बंद भाव के मुकाबले अच्छी बढ़त देखने को मिल रही है. इससे संकेत मिलता है कि FPIs भारतीय शेयर बाजार में खरीदारी कर रहे हैं.

बाजार में तेजी की आगे क्या उम्मीद?

कुल मिलाकर RBI MPC के फैसले से पहले ब्याज दरों में बदलाव नहीं होने की उम्मीद, ब्रेंट क्रूड की कीमतों में नरमी और FPIs की शॉर्ट कवरिंग ने भारतीय शेयर बाजार को सहारा दिया है. हालांकि, बाजार की आगे की दिशा RBI के फैसले, कच्चे तेल की कीमतों और विदेशी निवेशकों की गतिविधियों पर निर्भर करेगी. ऐसे में निवेशकों की नजर अब कल यानी बुधवार को आने वाले RBI MPC के फैसले पर रहेगी.

इसे भी पढ़ें- एक हफ्ते में NSE 1% फिसला, BSE 6% चढ़ा! अब किस शेयर में है कमाई का मौका?

डिस्क्लेमर: मनी9लाइव कभी किसी शेयर, आईपीओ या म्यूचुअल फंड में निवेश की सलाह नहीं देता है, ये खबर केवल जानकारी के लिए है.