शेयर बाजार में इस हफ्ते कैसी रहेगी चाल? WPI महंगाई, कच्चे तेल और FII समेत इन 10 फैक्टर्स पर रखें नजर
भारतीय शेयर बाजार में इस हफ्ते कई अहम फैक्टर्स का असर देखने को मिल सकता है. निवेशकों की नजर अक्टूबर के WPI महंगाई आंकड़ों, कच्चे तेल की कीमतों, FII की खरीदारी और रुपये की चाल पर रहेगी. इसके अलावा Nvidia के नतीजे, अमेरिकी फेड की बैठक के मिनट्स और पश्चिम एशिया का तनाव भी बाजार की दिशा के लिए अहम रहेंगे.

भारतीय शेयर बाजार के लिए 16 नवंबर से शुरू हो रहा हफ्ता कई अहम घटनाक्रमों के लिहाज से महत्वपूर्ण रहने वाला है. घरेलू स्तर पर थोक महंगाई (WPI) के आंकड़े, कच्चे तेल की कीमतें और पश्चिम एशिया में जारी तनाव बाजार की चाल को प्रभावित कर सकते हैं. इसके अलावा विदेशी निवेशकों (FII) की खरीदारी, रुपये की चाल और नए IPO भी निवेशकों के रडार पर रहेंगे.
वैश्विक बाजारों की बात करें तो निवेशकों की नजर Nvidia के नतीजों, अमेरिकी फेडरल रिजर्व की पिछली बैठक के मिनट्स और दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के आर्थिक आंकड़ों पर रहेगी. इनसे ब्याज दरों और ग्लोबल मार्केट के रुख को लेकर संकेत मिल सकते हैं.
बाजार को प्रभावित कर सकते हैं ये 10 फैक्टर
1. अमेरिकी फेड की बैठक के मिनट्स
अमेरिकी फेडरल रिजर्व 18 नवंबर यानी बुधवार को 27-28 अक्टूबर को हुई अपनी पॉलिसी बैठक के मिनट्स जारी करेगा. फेडरल ओपन मार्केट कमेटी (FOMC) की अगली बैठक 8-9 दिसंबर 2026 को होनी है.
हाल ही में फेड गवर्नर क्रिस्टोफर वॉलर ने कहा था कि अगर पिछले महीने महंगाई के आंकड़ों में कमी भी दिखाई देती है, तब भी केंद्रीय बैंक को दिसंबर में शॉर्ट टर्म उधारी की लागत बढ़ानी चाहिए. उन्होंने यह भी कहा था कि अगर महंगाई का अनुमान बिगड़ता है तो फेड को ब्याज दरों में आधा फीसदी की बड़ी बढ़ोतरी पर विचार करना चाहिए.
2. कच्चे तेल की कीमतों पर रहेगी नजर
अमेरिका और ईरान के बीच तनाव और पश्चिम एशिया में जारी घटनाक्रम के चलते कच्चे तेल की कीमतें भी बाजार के लिए अहम रहेंगी. ईरान की संसद के स्पीकर मोहम्मद-बाकर कलीबाफ ने रविवार, 15 नवंबर को अमेरिका को आगे की सैन्य कार्रवाई के खिलाफ चेतावनी दी. उन्होंने कहा कि तेहरान बातचीत या फिर से संघर्ष, दोनों के लिए तैयार है. उनके मुताबिक, ईरान किसी समझौते पर तभी विचार करेगा, जब वॉशिंगटन उसकी सात शर्तें स्वीकार करेगा.
पश्चिम एशिया में लगातार हमलों के बीच शुक्रवार को ब्रेंट क्रूड की कीमतों में तेजी आई. इससे पहले नवंबर के पहले हफ्ते में इसमें करीब 13% की गिरावट आई थी और कीमत करीब 97 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई थी.
3. विदेशी निवेशकों की खरीदारी जारी रहेगी या बदलेगा रुख?
विदेशी निवेशकों ने नवंबर के पहले पखवाड़े में भारतीय शेयर बाजार में जोरदार वापसी की है. दो महीने तक लगातार नेट बिकवाली के बाद विदेशी निवेशकों ने 2 से 13 नवंबर के बीच नौ कारोबारी सत्रों में भारतीय शेयरों में 84,290 करोड़ रुपये का निवेश किया.
विदेशी निवेशकों की खरीदारी के पीछे ग्लोबल मार्केट में AI से जुड़े शेयरों में बिकवाली, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और भारतीय बड़ी कंपनियों के शेयरों का आकर्षक वैल्यूएशन जैसे कारण रहे.
नवंबर की खरीदारी के बाद 2026 में भारतीय शेयरों से विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) की कुल निकासी घटकर करीब 2.1 लाख करोड़ रुपये रह गई है. कुछ हफ्ते पहले यह आंकड़ा करीब 3 लाख करोड़ रुपये था.
4. IPO बाजार में भी रहेगी हलचल
प्राइमरी मार्केट में अगले हफ्ते तीन कंपनियों के IPO खुलने वाले हैं. इन इश्यू के जरिए 10,000 करोड़ रुपये से ज्यादा जुटाने की तैयारी है. इनमें दो मेनबोर्ड और एक SME IPO शामिल हैं.
International Finance Corporation (IFC) समर्थित एग्रीकेमिकल्स और बीज बनाने वाली कंपनी Crystal Crop Protection का IPO 18 नवंबर को खुलेगा. कंपनी ने इसके लिए 259-272 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है.
वहीं, कोल इंडिया की सब्सिडियरी Mahanadi Coalfields का IPO 19 नवंबर को खुलेगा और 23 नवंबर को बंद होगा. कंपनी इस इश्यू के जरिए करीब 9,500 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है.
SME कंपनी Watrana Rentals का IPO भी 19 नवंबर को खुलेगा. इसका प्राइस बैंड 232-245 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है.
5. रुपये की चाल पर भी नजर
अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपये की चाल भी बाजार की दिशा को प्रभावित कर सकती है. शुक्रवार को रुपया 7 पैसे कमजोर होकर 94.19 प्रति डॉलर पर बंद हुआ. मजबूत डॉलर और घरेलू शेयर बाजार में कमजोरी के कारण रुपये पर दबाव रहा.
6. अमेरिका-ईरान तनाव से बाजार में उतार-चढ़ाव
अमेरिका और ईरान के बीच तनाव और पश्चिम एशिया के दूसरे घटनाक्रम भी निवेशकों के रडार पर रहेंगे. रविवार को बहरीन की सेना ने कहा कि उसने ईरान की ओर से किए गए कई हवाई हमलों को रोक दिया. वहीं, तेहरान ने दावा किया कि उसने खाड़ी देश में एक अमेरिकी सैन्य ठिकाने पर हमला किया है.
ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की नौसेना ने शनिवार देर रात कहा कि दो तेल टैंकर समुद्री बारूदी सुरंगों से टकराने के बाद फट गए और उनमें आग लग गई. ये टैंकर उसके मुताबिक, होर्मुज स्ट्रेट के दक्षिण में एक अनधिकृत रास्ते से गुजरने की कोशिश कर रहे थे.
इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अगर ईरान या यमन में हूती विद्रोहियों की ओर से कोई नई उकसाने वाली कार्रवाई नहीं होती है तो अमेरिका ईरान पर आगे के हमले रोक सकता है. हालांकि, उन्होंने कहा कि अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी जारी रहेगी.
7. घरेलू आर्थिक आंकड़े देंगे बाजार को संकेत
इस हफ्ते घरेलू आर्थिक आंकड़ों पर भी निवेशकों की नजर रहेगी. सोमवार, 16 नवंबर को अक्टूबर महीने के थोक महंगाई (WPI) के आंकड़े और मर्चेंडाइज ट्रेड डेटा जारी होंगे. इसके अलावा अक्टूबर के पैसेंजर व्हीकल बिक्री के आंकड़े भी 16 नवंबर को जारी किए जाएंगे.
वहीं, 20 नवंबर को 13 नवंबर को खत्म हुए हफ्ते के विदेशी मुद्रा भंडार और अक्टूबर के इंफ्रास्ट्रक्चर आउटपुट के आंकड़े जारी होंगे.
8. दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के आंकड़े
वैश्विक बाजारों की दिशा समझने के लिए निवेशक दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के आर्थिक आंकड़ों पर नजर रखेंगे. इनमें जापान की GDP, अमेरिका की रिटेल बिक्री, ब्रिटेन और यूरोपीय संघ के महंगाई आंकड़े और अमेरिका के रोजगार से जुड़े आंकड़े शामिल हैं.
वैश्विक बाजारों में होने वाले बदलाव का असर भारतीय निवेशकों की धारणा पर भी पड़ सकता है. खासकर अमेरिकी बाजार में टेक्नोलॉजी शेयरों में जारी उतार-चढ़ाव पर नजर रहेगी.
9. Nvidia के नतीजे और AI शेयरों की चाल
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनियों के महंगे वैल्यूएशन और सेमीकंडक्टर निवेश की स्थिरता को लेकर चिंताओं के कारण दुनिया भर के टेक्नोलॉजी शेयरों में समय-समय पर बिकवाली देखने को मिली है.
ऐसे में Nvidia के आने वाले नतीजे AI सेक्टर को लेकर निवेशकों की धारणा का अहम संकेत दे सकते हैं. इसका असर कॉपर की कीमतों पर भी पड़ सकता है.
10. अमेरिकी बॉन्ड यील्ड और डॉलर की चाल
निवेशक अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड और डॉलर की चाल पर भी नजर रखेंगे. अगर इनमें और मजबूती आती है तो वित्तीय परिस्थितियां सख्त हो सकती हैं. इसका असर उभरते बाजारों में आने वाले विदेशी निवेश पर पड़ सकता है.
इसे भी पढ़ें- सरकारी कर्मचारियों के लिए जरूरी खबर! पेंशन कम्यूट कराने से पहले जान लें ये नियम