Stocks to Watch: Adani Enterprises से Tata Steel तक, आज इन शेयरों में दिखेगा एक्शन; जानें वजह
बुधवार को Adani Enterprises, Tata Steel, PhysicsWallah, Hyundai Motor India, Lenskart और Hindalco समेत कई शेयर खबरों के चलते फोकस में रहेंगे. कहीं बड़ी ब्लॉक डील हुई है तो कहीं फंड जुटाने, नई साझेदारी और कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान हुआ है. जानिए आज किन शेयरों में दिख सकता है एक्शन.

शेयर मार्केट में सोमवार को तेज गिरावट के बाद बुधवार, 25 नवंबर को कई कंपनियों के शेयरों में हलचल देखने को मिल सकती है. इनमें Adani Enterprises, Tata Steel, PhysicsWallah, Hyundai Motor India, Lenskart Solutions और Hindalco Industries जैसे शेयर शामिल हैं. इन कंपनियों ने हाल ही में कारोबार, निवेश, फंड जुटाने और प्रबंधन से जुड़े अहम ऐलान किए हैं, जिनका असर इनके शेयरों पर दिख सकता है.
Adani Enterprises
Adani Enterprises का शेयर सब्सिडियरी और फंड जुटाने से जुड़ी खबरों के चलते फोकस में रह सकता है. कंपनी ने 12 नवंबर को Nashik Phata Road Limited नाम से एक नई पूर्ण स्वामित्व वाली सब्सिडियरी बनाई है. कंपनी को इसका सर्टिफिकेट ऑफ इनकॉरपोरेशन 23 नवंबर को मिला.
इसके अलावा, Adani Airport Holdings ने 360 ONE Alternates Asset Management के साथ समझौता कर 2790 करोड़ रुपये यानी करीब 300 मिलियन डॉलर जुटाने का फैसला किया है. इस फंड जुटाने के बाद कंपनी की कुल इक्विटी फंडिंग करीब 1.35 अरब डॉलर हो जाएगी.
Tata Steel और APL Apollo Tubes
Tata Steel ने APL Apollo Tubes के 2.77 करोड़ शेयर करीब 5825 करोड़ रुपये में खरीदे हैं. यह सौदा ब्लॉक डील के जरिए 2100 रुपये प्रति शेयर के भाव पर हुआ. ये शेयर प्रमोटर ग्रुप की कंपनी S Gupta Holding Private Limited से खरीदे गए हैं.
दूसरी तरफ, इस सौदे के बाद APL Apollo Tubes का शेयर सोमवार को 21% से ज्यादा टूट गया. इसलिए दोनों कंपनियों के शेयरों पर निवेशकों की नजर रहेगी.
Lenskart Solutions
Lenskart Solutions का शेयर भी फोकस में रहेगा. सोमवार को दो विदेशी निवेशकों ने ब्लॉक डील के जरिए कंपनी के करीब 1.27 करोड़ शेयर बेचे. इनकी कुल कीमत करीब 920.58 करोड़ रुपये रही.
Steadview Capital Mauritius ने 835.22 करोड़ रुपये और LTR Focus Fund ने 85.37 करोड़ रुपये के शेयर बेचे. दोनों सौदे 725 रुपये प्रति शेयर के भाव पर हुए. Goldman Sachs की कंपनियों और Societe Generale ने इन शेयरों का बड़ा हिस्सा खरीदा.
Hyundai Motor India
Hyundai Motor India ने अपनी गाड़ियों के चुनिंदा मॉडल और वैरिएंट की कीमतें बढ़ाने का ऐलान किया है. नई कीमतें 1 दिसंबर 2026 से लागू होंगी. कंपनी के मुताबिक, अलग-अलग मॉडल के हिसाब से कीमतों में बढ़ोतरी होगी और अधिकतम इजाफा 8,000 रुपये तक रहेगा.
कंपनी ने बताया कि कच्चे माल और अन्य इनपुट की लागत बढ़ने के कारण यह फैसला लिया गया है. अब तक कंपनी ने लागत का बड़ा हिस्सा खुद वहन किया था, लेकिन अब इसका कुछ बोझ ग्राहकों पर डाला जाएगा.
PhysicsWallah
PhysicsWallah अब ऑनलाइन पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से आगे बढ़कर उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उतर रही है. कंपनी पंजाब के पटियाला में PhysicsWallah Digital University स्थापित कर रही है.
इस डिजिटल यूनिवर्सिटी के जरिए अंडरग्रेजुएट, पोस्टग्रेजुएट और करियर से जुड़े कोर्स ऑनलाइन उपलब्ध कराए जाएंगे. यह कंपनी के कारोबार के विस्तार की दिशा में अहम कदम है.
Alembic Pharmaceuticals
Alembic Pharmaceuticals को अमेरिकी दवा नियामक USFDA से Bosutinib Tablets की 400 mg खुराक के लिए अंतिम मंजूरी मिल गई है. यह दवा क्रोनिक मायलॉइड ल्यूकेमिया के इलाज में इस्तेमाल होती है.
कंपनी को इससे पहले इसी दवा की 100 mg और 500 mg खुराक के लिए भी मंजूरी मिल चुकी है और इन दोनों की बिक्री शुरू हो चुकी है.
यह भी पढ़ें- HDFC SKY vs Kotak Neo: F&O ट्रेडिंग में कौन सस्ता? डिलीवरी शेयर खरीदने पर किसमें होगी ज्यादा बचत
Hindalco Industries
Hindalco Industries ने Satish Pai को कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर और मुख्य प्रबंधकीय अधिकारी के रूप में दोबारा नियुक्त किया है. इसके साथ ही Hemant Sikka को डिप्टी मैनेजिंग डायरेक्टर बनाया गया है.
अन्य शेयर जो रहेंगे फोकस में
- Adani Power: CRISIL ने कंपनी की क्रेडिट रेटिंग को AA/Stable से बढ़ाकर AA+/Stable कर दिया है.
- Jupiter Wagons: कंपनी ने दक्षिण कोरिया की Woojin Industrial Systems के साथ जॉइंट वेंचर किया है. इसमें Jupiter Wagons की 80% हिस्सेदारी होगी. इस साझेदारी से कंपनी मेट्रो कोच और प्रोपल्शन सिस्टम बनाने के कारोबार में उतरेगी.
- Vishnu Chemicals: कंपनी ने फ्रांस की DCX Chrome SAS के साथ मिलकर DCX Vishnu Private Limited नाम से जॉइंट वेंचर बनाया है.
- Polyplex Corporation: कंपनी की थाईलैंड स्थित सब्सिडियरी ने अपना CPP प्रोडक्शन लाइन बंद करने का फैसला किया है.
- Gujarat Fluorochemicals: कंपनी की सब्सिडियरी GFCL EV Products ने बैटरी मटीरियल के कारोबार के लिए नई पूर्ण स्वामित्व वाली कंपनी बनाई है.
- Torrent Power: कंपनी की सब्सिडियरी Torrent Green Energy ने Torrent Urja 48 नाम से नई सब्सिडियरी बनाई है.
- Lloyds Metals and Energy: कंपनी की सब्सिडियरी Lloyds Steel ने Indrajit Labour Supply नाम से नई कंपनी बनाई है.
- ABB India: ABB ने इलेक्ट्रिक मोटर, पंखे और वेंटिलेशन टेक्नोलॉजी बनाने वाली कंपनी Ziehl-Abegg को खरीदने के लिए समझौता किया है. इस सौदे की एंटरप्राइज वैल्यू 2.65 अरब डॉलर है.
डिस्क्लेमर: Money9live कभी भी किसी शेयर, आईपीओ और म्यूचुअल फंड में निवेश की सलाह नहीं देता है. ये खबर केवल आपकी जानकारी के लिए है.