Bosch से Maruti Suzuki तक, अगस्त में इन 5 शेयरों से मिलेगा डिविडेंड; जानें रिकॉर्ड डेट
अगस्त 2026 में Bosch, Disa India, Maruti Suzuki, Industrial & Prudential Investment Company और Gillette India अपने निवेशकों को डिविडेंड देने जा रही हैं. अगर आप डिविडेंड से नियमित कमाई करना चाहते हैं, तो इन शेयरों की रिकॉर्ड डेट, डिविडेंड राशि और कंपनी के डिविडेंड ट्रैक रिकॉर्ड के बारे में जानना जरूरी है.

Dividend Stocks August 2026: अगर आप शेयर बाजार में सिर्फ कीमत बढ़ने का इंतजार नहीं करते, बल्कि नियमित कमाई भी चाहते हैं, तो अगस्त 2026 आपके लिए खास हो सकता है. बाजार में जारी उतार-चढ़ाव के बीच कई दिग्गज कंपनियां अपने निवेशकों को डिविडेंड देने जा रही हैं. ऐसे में Bosch, Disa India, Maruti Suzuki, Industrial & Prudential Investment Company और Gillette India जैसे शेयर निवेशकों की नजर में हैं.
Bosch देगा 270 रुपये का डिविडेंड
इस सूची में पहला नाम Bosch का है. कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 10 रुपये फेस वैल्यू वाले प्रत्येक इक्विटी शेयर पर 270 रुपये का अंतिम डिविडेंड घोषित किया है. इसके लिए रिकॉर्ड डेट 4 अगस्त 2026 तय की गई है. हालांकि, यह भुगतान पिछले साल दिए गए करीब 512 रुपये प्रति शेयर के मुकाबले लगभग आधा है.
फिर भी कंपनी का डिविडेंड ट्रैक रिकॉर्ड मजबूत रहा है. पिछले पांच वर्षों में कंपनी का औसत डिविडेंड पेआउट रेशियो करीब 59.69 फीसदी रहा है और औसतन 369 रुपये प्रति शेयर का डिविडेंड दिया गया है. इक्विटीमास्टर की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी 2001 से अब तक 33 बार डिविडेंड घोषित कर चुकी है.
Disa India देगी 200 रुपये प्रति शेयर
दूसरे नंबर पर Disa India है. कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 200 रुपये प्रति शेयर का अंतिम डिविडेंड घोषित किया है. इसके लिए रिकॉर्ड डेट 5 अगस्त 2026 तय की गई है. पिछले पांच वर्षों में कंपनी का औसत डिविडेंड पेआउट रेशियो 58.76 फीसदी रहा है.
इस दौरान औसतन 174 रुपये प्रति शेयर डिविडेंड दिया गया है. कंपनी वर्ष 2001 से अब तक 27 बार डिविडेंड का ऐलान कर चुकी है. Disa India इंजीनियरिंग और मेटल कास्टिंग टेक्नोलॉजी के क्षेत्र की प्रमुख कंपनी है और कई औद्योगिक क्षेत्रों को सर्विस देती है.
Maruti Suzuki भी देगी डिविडेंड
देश की सबसे बड़ी पैसेंजर कार निर्माता Maruti Suzuki ने भी निवेशकों को राहत दी है. कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 140 रुपये प्रति शेयर का अंतिम डिविडेंड घोषित किया है. इसके लिए रिकॉर्ड डेट 7 अगस्त 2026 तय की गई है. कंपनी का डिविडेंड हिस्ट्री लगातार मजबूत रहा है.
पिछले कुछ वर्षों में कंपनी ने अपने डिविडेंड में लगातार बढ़ोतरी की है. Maruti Suzuki वर्ष 2004 से अब तक 23 बार डिविडेंड का भुगतान कर चुकी है. कंपनी की मजबूत वित्तीय स्थिति और नकदी प्रवाह इसे लंबे समय के निवेशकों के लिए आकर्षक बनाते हैं.
Industrial & Prudential Investment Company का भी ऐलान
Industrial & Prudential Investment Company ने भी वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 10 रुपये फेस वैल्यू वाले प्रत्येक शेयर पर 120 रुपये का अंतिम डिविडेंड घोषित किया है. कंपनी ने इसके लिए रिकॉर्ड डेट 12 अगस्त 2026 तय की है.
पिछले पांच वर्षों में कंपनी का औसत डिविडेंड पेआउट रेशियो 27.63 फीसदी रहा है. कंपनी 2002 से अब तक 25 बार डिविडेंड दे चुकी है. यह एक एनबीएफसी है, जो मुख्य रूप से लंबी अवधि के इक्विटी निवेश और एसेट मैनेजमेंट के कारोबार में सक्रिय है.
Gillette India भी करेगी भुगतान
इस सूची में आखिरी नाम Gillette India का है. कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 60 रुपये प्रति शेयर का अंतिम डिविडेंड घोषित किया है. इसके लिए रिकॉर्ड डेट 23 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है. Gillette India पिछले कई वर्षों से नियमित रूप से डिविडेंड देती रही है.
कंपनी Gillette, Oral-B और Braun जैसे प्रमुख ब्रांड्स के जरिए भारतीय बाजार में मजबूत उपस्थिति रखती है. पर्सनल ग्रूमिंग सेगमेंट में कंपनी की मजबूत बाजार हिस्सेदारी इसे निवेशकों के लिए भरोसेमंद कंपनियों में शामिल करती है.
यह भी पढ़ें: Stocks to Watch: L&T, Tata Capital, LIC, Phoenix Mills समेत इन शेयरों पर रखें नजर, दिखेगी हलचल!
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.