वेदांता का मेगा डीमर्जर हुआ पूरा, 4 नई कंपनियां शेयर बाजार में लिस्ट, निवेशकों को मिला 18% वैल्यू अनलॉक
लिस्टिंग के दौरान Vedanta Aluminium का शेयर NSE पर 522 रुपये और BSE पर 527 रुपये पर लिस्ट हुआ. वहीं Vedanta Power का शेयर NSE पर 41.80 रुपये और BSE पर 41.30 रुपये पर खुला. Vedanta Oil & Gas का शेयर NSE पर 38 रुपये और BSE पर 39 रुपये पर लिस्ट हुआ.

Vedanta demerger : वेदांता समूह की चार नई कंपनियों Vedanta Aluminium, Vedanta Power, Vedanta Oil & Gas और Vedanta Iron & Steel के शेयर सोमवार, 15 जून को भारतीय शेयर बाजार में लिस्ट हो गए. इसके साथ ही वेदांता समूह के बहुप्रतीक्षित डीमर्जर की प्रक्रिया पूरी हो गई है. प्री-ओपन सत्र के बाद इन कंपनियों की लिस्टिंग हुई, जिसे बाजार में वेदांता समूह के लिए एक बड़े कॉरपोरेट बदलाव के रूप में देखा जा रहा है.
लिस्टिंग के बाद शेयरों की शुरुआत कैसी रही?
लिस्टिंग के दौरान Vedanta Aluminium का शेयर NSE पर 522 रुपये और BSE पर 527 रुपये पर लिस्ट हुआ. वहीं Vedanta Power का शेयर NSE पर 41.80 रुपये और BSE पर 41.30 रुपये पर खुला. Vedanta Oil & Gas का शेयर NSE पर 38 रुपये और BSE पर 39 रुपये पर लिस्ट हुआ. दूसरी ओर Vedanta Iron & Steel के शेयर NSE पर 20 रुपये और BSE पर 21 रुपये पर कारोबार शुरू करते नजर आए. हालांकि लिस्टिंग के कुछ ही समय बाद निवेशकों द्वारा मुनाफावसूली देखने को मिली, जिसके चलते ये शेयर BSE पर अपने 5 प्रतिशत के लोअर सर्किट तक फिसल गए.
शेयरधारकों को कितना मिला फायदा?
लिस्टिंग के बाद पांचों वेदांता कंपनियों का संयुक्त अनुमानित मूल्य प्रति वेदांता शेयर करीब 943.5 रुपये बैठता है. यह वेदांता लिमिटेड के डीमर्जर से पहले 29 अप्रैल के बंद भाव 773.25 रुपये की तुलना में लगभग 18 प्रतिशत अधिक है.
डीमर्जर के तहत शेयरधारकों को क्या मिला?
वेदांता के डीमर्जर को पिछले वर्ष दिसंबर में National Company Law Tribunal (NCLT) से मंजूरी मिली थी. योजना के अनुसार 1:1 अनुपात में डीमर्जर किया गया. यानी निवेशकों को वेदांता लिमिटेड का एक शेयर रखने पर प्रत्येक नई कंपनी का एक-एक शेयर आवंटित किया गया.
वेदांता शेयर में क्या रहा असर?
नई कंपनियों की लिस्टिंग के बाद Vedanta Ltd के शेयर में शुरुआती तेजी कुछ कम हुई और शेयर दिन के निचले स्तर 304.70 रुपये तक पहुंच गया. हालांकि यह अभी भी डीमर्जर के बाद निर्धारित कीमत 291 रुपये से ऊपर कारोबार कर रहा है.
डीमर्जर से क्या होगा फायदा?
वेदांता का कहना है कि डीमर्जर के बाद समूह की कॉरपोरेट संरचना अधिक सरल और स्पष्ट हो जाएगी. प्रत्येक कंपनी अपने-अपने सेक्टर पर फोकस करते हुए स्वतंत्र रूप से कारोबार करेगी. इसके अलावा वैश्विक निवेशकों, सॉवरेन वेल्थ फंड, रिटेल निवेशकों और रणनीतिक निवेशकों को अब अलग-अलग कारोबारों में सीधे निवेश का अवसर मिलेगा.
इसे भी पढ़ें- Vedanta की 4 नई कंपनियों में कौन बनेगी सुपरस्टार? एल्युमिनियम बिजनेस पर बाजार की नजर; सोमवार को दिख सकती है हलचल
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.