Waste से Wealth का फॉर्मूला, ये 4 भारतीय कंपनियां कबाड़ से कमा रही हैं करोड़ों रुपये, रखें नजर

भारत में सर्कुलर इकोनॉमी तेजी से निवेश का नया थीम बन रही है. Ganesha Ecosphere, Baheti Recycling, Eco Recycling और Jain Resource Recycling जैसी कंपनियां प्लास्टिक, ई वेस्ट, एल्युमिनियम और कॉपर स्क्रैप को प्रोसेस कर करोड़ों रुपये का कारोबार कर रही हैं.

भारत में सर्कुलर इकोनॉमी तेजी से निवेश का नया थीम बन रही है. Image Credit: Canva/Money9 live

Recycling Stocks: कबाड़ अब केवल बेकार सामान नहीं रह गया है, बल्कि यह कई कंपनियों के लिए कमाई का बड़ा जरिया बन चुका है. भारत में रीसाइक्लिंग और सर्कुलर इकोनॉमी का बाजार तेजी से बढ़ रहा है. सरकार की ईपीआर नीति और रीसाइक्लिंग को बढ़ावा देने वाली योजनाओं से इस सेक्टर को मजबूती मिल रही है. प्लास्टिक, ई वेस्ट, एल्यूमिनियम और कॉपर स्क्रैप को दोबारा इस्तेमाल कर कई कंपनियां करोड़ों रुपये का कारोबार कर रही हैं. आइए जानते हैं ऐसी चार कंपनियों के बारे में जो वेस्ट से वेल्थ का सफल मॉडल बना चुकी हैं.

Ganesha Ecosphere

Ganesha Ecosphere देश की सबसे बड़ी रीसाइकल्ड पॉलिएस्टर बनाने वाली कंपनियों में शामिल है. कंपनी इस्तेमाल हो चुकी पीईटी बोतलों को इकट्ठा कर उनसे रीसाइकल्ड पॉलिएस्टर फाइबर, यार्न और फूड ग्रेड आरपीईटी ग्रेन्यूल तैयार करती है. कंपनी वारंगल संयंत्र में क्षमता बढ़ा रही है. विस्तार पूरा होने के बाद इसकी कुल आरपीईटी क्षमता लगभग एक लाख टन प्रतिवर्ष तक पहुंचने की उम्मीद है. कंपनी को वैश्विक ब्रांडों से भी अच्छी मांग मिल रही है.

Baheti Recycling

Baheti Recycling एल्यूमिनियम स्क्रैप को प्रोसेस कर ऑटो, स्टील और कंस्ट्रक्शन कंपनियों के लिए एल्यूमिनियम एलॉय तैयार करती है. कंपनी की स्मेल्टिंग क्षमता 38000 मीट्रिक टन सालाना है. अब कंपनी एल्यूमिनियम वायर रॉड प्रोजेक्ट पर भी काम कर रही है. इसके पूरा होने पर कारोबार की क्षमता लगभग 500 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है. कंपनी ऊर्जा बचाने वाली तकनीक पर भी निवेश कर रही है.

Eco Recycling

Eco Recycling यानी Ecoreco भारत की पहली संगठित ई वेस्ट रीसाइक्लिंग कंपनी मानी जाती है. कंपनी लैपटॉप, मोबाइल, सर्वर और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से सोना, चांदी, तांबा और एल्यूमिनियम जैसी धातुएं निकालती है. इसके अलावा कंपनी आईटी एसेट डिस्पोजल और सुरक्षित डाटा नष्ट करने की सेवा भी देती है. हाल ही में कंपनी ने लिथियम आयन बैटरी रीसाइक्लिंग सुविधा शुरू की है, जिससे कोबाल्ट, निकल और मैंगनीज जैसे महत्वपूर्ण खनिज निकाले जाएंगे.

यह भी पढ़ेंः ट्रैक्टर से टेक्नोलॉजी तक, इस ऑटो कंपनी का बड़ा प्लान, AI और इलेक्ट्रिक मशीनों पर लगाया ₹160 करोड़ का दांव

Jain Resource Recycling

Jain Resource Recycling दुनिया के कई देशों से कॉपर, लेड और एल्यूमिनियम स्क्रैप खरीदकर उन्हें वैल्यू एडेड उत्पादों में बदलती है. कंपनी कॉपर कैथोड, वायर रॉड, बसबार और अन्य धातु उत्पाद तैयार करती है. अहमदाबाद में ज्वाइंट वेंचर और नई क्षमता विस्तार योजनाओं के जरिए कंपनी अपने कारोबार को तेजी से बढ़ाने की तैयारी कर रही है. इससे आने वाले वर्षों में उत्पादन और मुनाफा दोनों बढ़ने की उम्मीद है.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.