Vijay Kedia को फिर पसंद आया यह मल्टीबैगर स्टॉक, 5 साल में दे चुका 1349% रिटर्न, जानें क्या करती है कंपनी
विजय केडिया ने Websol Energy System लिमिटेड में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई है. जून 2026 तिमाही में केडिया ने 3.4 लाख से अधिक शेयर खरीदे हैं. ऐसे में जब इतना बड़ा दिग्गज निवेशक इस कंपनी में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाता है, तो आम निवेशकों का ध्यान भी इस पर जाना स्वाभाविक है.

Websol Energy Share: दिग्गज निवेशक विजय केडिया ने सोलर सेल बनाने वाली कंपनी Websol Energy System में अपनी हिस्सेदारी बढ़ा दी है. जून 2026 तिमाही में केडिया ने 3.4 लाख से ज्यादा अतिरिक्त शेयर खरीदे हैं. ऐसे में जब इतना बड़ा दिग्गज निवेशक इस कंपनी में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाता है, तो आम निवेशकों का ध्यान भी इस पर जाना स्वाभाविक है. आइए जानते हैं कंपनी की पूरी डिटेल.
कितनी है हिस्सेदारी?
trendlyne के डेटा के मुताबिक, जून 2026 तिमाही के आखिरी तक विजय केडिया के पास Websol Energy के 47,85,044 शेयर थे, जो कंपनी की 1.10 फीसदी हिस्सेदारी के बराबर हैं. इससे पहले मार्च 2026 तिमाही में उनके पास 44,44,444 शेयर यानी 1.02 फीसदी हिस्सेदारी थी. शेयर के पिछले बंद भाव 98.22 रुपये के आधार पर उनकी हिस्सेदारी की कीमत करीब 47.6 करोड़ रुपये बैठती है.
इस साल की शुरुआत में भी Websol Energy चर्चा में आया था, जब विजय केडिया ने इसे अपने पोर्टफोलियो में शामिल किया था. इसके बाद शेयर में तेज उछाल देखने को मिला था.
शेयर का प्रदर्शन कैसा रहा?
Websol Energy System Ltd का मौजूदा मार्केट कैप करीब 4,320 करोड़ रुपये है. 16 जुलाई को दोपहर 3:33 बजे तक कंपनी का शेयर 1.38 फीसदी की बढ़त के साथ 99.50 रुपये पर कारोबार कर रहा था. पिछले 52 हफ्तों में इस शेयर ने 157 रुपये का हाई और 50.40 रुपये का लो लेवल छुआ है. कंपनी का प्राइस-टू-अर्निंग (P/E) रेशियो 14.2 और बुक वैल्यू 14.5 रुपये प्रति शेयर है. वहीं, कंपनी का ROCE 63.2 फीसदी और ROE 66.9 फीसदी है, जो मजबूत परिचालन प्रदर्शन और बेहतर रिटर्न को दिखाता है. कंपनी फिलहाल कोई डिविडेंड नहीं देती है और इसके शेयर का फेस वैल्यू 1 रुपये है.
5 साल में दिया 1349.71 फीसदी का रिटर्न
Websol Energy System Ltd के शेयर ने पिछले एक हफ्ते में 1.70 फीसदी का रिटर्न दिया है. वहीं, तीन महीने में यह शेयर 10 फीसदी से ज्यादा चढ़ा है. पिछले छह महीनों में भी कंपनी के शेयर ने दमदार प्रदर्शन करते हुए करीब 19 फीसदी का रिटर्न दिया है. हालांकि, बीते एक साल के दौरान शेयर दबाव में रहा, लेकिन लंबी अवधि में इसने शानदार प्रदर्शन किया है. पिछले पांच सालों में Websol Energy के शेयर ने निवेशकों को 1,349.71 फीसदी का दमदार रिटर्न दिया है.
कंपनी के नतीजे रहे दमदार
मार्च 2026 तिमाही (Q4FY26) में Websol Energy का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 158 फीसदी बढ़कर 124 करोड़ रुपये हो गया. एक साल पहले इसी तिमाही में कंपनी का मुनाफा 48 करोड़ रुपये था. कंपनी का परिचालन से राजस्व भी 132 फीसदी बढ़कर 401 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की समान तिमाही में 173 करोड़ रुपये था.
कंपनी ने क्या कहा?
Websol Energy का कहना है कि भारत का सोलर मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर सरकार की PLI योजना, ALMM नीति, नवीकरणीय ऊर्जा लक्ष्यों और घरेलू मांग बढ़ने से मजबूत स्थिति में है. कंपनी का मानना है कि उत्पादन क्षमता बढ़ने और विस्तार योजनाओं से फ्यूचर में उसे फायदा मिल सकता है.
इसे भी पढ़ें- उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बाद सपाट बंद हुआ शेयर बाजार, सेंसेक्स 77,186 और निफ्टी 24,072 के पार क्लोज
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.