मल्टीबैगर रिटर्न देने वाले शेयर का बुरा हाल, 90% की बड़ी गिरावट से निवेशकों को झटका; कैसे बिगड़ी स्टॉक की चाल?
Indo Thai Securities Share: ब्रोकरेज फर्म के शेयरों में आई इस गिरावट से उन निवेशकों को बड़ा नुकसान हुआ है, जिन्होंने इस साल की शुरुआत में इसमें पैसा लगाया था. शेयर ने लगातार दो साल तक मल्टीबैगर रिटर्न दिया था. शेयर ने 2024 में 455 फीसदी की जोरदार तेजी दर्ज की थी.

Indo Thai Securities Share: ब्रोकरेज कंपनी Indo Thai Securities के शेयर ने लगातार दो साल तक निवेशकों को शानदार रिटर्न दिया, लेकिन 2026 में इसमें भारी गिरावट आई है. साल की शुरुआत से अब तक शेयर करीब 90 फीसदी टूटकर दो साल से ज्यादा के निचले स्तर पर पहुंच गया. कंपनी के कमजोर वित्तीय नतीजे इस गिरावट की बड़ी वजह बने हैं.
ब्रोकरेज फर्म के शेयरों में आई इस गिरावट से उन निवेशकों को बड़ा नुकसान हुआ है, जिन्होंने इस साल की शुरुआत में इसमें पैसा लगाया था. शेयर का भाव गिरने के साथ कंपनी का मार्केट कैप भी घटकर करीब 420 करोड़ रुपये रह गया है.
दो साल में दिया था शानदार रिटर्न
Indo Thai Securities ने लगातार दो साल तक मल्टीबैगर रिटर्न दिया था. शेयर ने 2024 में 455 फीसदी की जोरदार तेजी दर्ज की थी. इसके बाद पिछले साल यानी 2025 में इसमें 132% की बढ़ोतरी हुई. हालांकि, 2026 में आई भारी गिरावट ने पिछले वर्षों की तेजी का बड़ा हिस्सा मिटा दिया है. हालांकि, इसके बावजूद शेयर का पांच साल का रिटर्न 188% बना हुआ है.
पब्लिक शेयरहोल्डिंग
Trendlyne के शेयरहोल्डिंग डेटा के मुताबिक, सितंबर तिमाही के अंत में कंपनी में रिटेल और अन्य पब्लिक शेयरधारकों की कुल हिस्सेदारी बढ़कर 45 फीसदी हो गई. एक साल पहले इसी अवधि में यह 39.5% थी. वहीं, प्रमोटर्स की हिस्सेदारी 54.8% रही. प्रमोटर्स कंपनी के सबसे बड़े शेयरधारक बने हुए हैं.
कमजोर नतीजों से शेयर पर दबाव
शेयर में गिरावट की प्रमुख वजह कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन का कमजोर रहना है. पिछले वर्षों में शेयर में आई तेज रैली के बाद मुनाफावसूली की आशंका ने भी इसमें गिरावट को ट्रिगर किया हो, ऐसा हो सकता है. कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में 35.58 करोड़ रुपये का कंसोलिडेटेड नेट लॉस दर्ज किया. एक साल पहले इसी तिमाही में कंपनी को 14.61 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट हुआ था.
कंपनी का ऑपरेशनल रेवेन्यू सालाना आधार पर 68.1 फीसदी घटकर 7.54 करोड़ रुपये रह गया. Q2 FY26 में यह 23.62 करोड़ रुपये था. इस दौरान कंपनी का EBITDA भी निगेटिव हो गया. दूसरी तिमाही में EBITDA 42.51 करोड़ रुपये के घाटे में रहा, जबकि पिछले साल की समान तिमाही में यह 20.17 करोड़ रुपये पॉजिटिव था.
पहली छमाही में भी कंपनी को घाटा
वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में भी कंपनी का प्रदर्शन कमजोर रहा. Indo Thai Securities को इस दौरान 24.47 करोड़ रुपये का नेट लॉस हुआ. पिछले वित्त वर्ष की पहली छमाही यानी H1 FY26 में कंपनी ने 22.86 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट दर्ज किया था.
पहली छमाही में कंपनी का ऑपरेशनल रेवेन्यू सालाना आधार पर 62.1 फीसदी घटकर 14.27 करोड़ रुपये रह गया. जबकि एक साल पहले यह 37.64 करोड़ रुपये था.
H1 FY27 में कंपनी का EBITDA 26.54 करोड़ रुपये के घाटे में रहा. जबकि पिछले साल की समान अवधि में EBITDA 30.49 करोड़ रुपये पॉजिटिव था.
शेयर की चाल
बुधवार को Indo Thai Securities के शेयर 31.88 रुपये पर 2.15 फीसदी की तेजी के साथ बंद हुआ. शेयर में पिछले एक साल में 90 फीसदी से अधिक की गिरावट आई है.
डिस्क्लेमर: Money9live कभी भी किसी शेयर, आईपीओ और म्यूचुअल फंड में निवेश की सलाह नहीं देता है. ये खबर केवल आपकी जानकारी के लिए है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.