TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

मदर डेयरी के बाद अमूल ने भी बढ़ाए दूध के दाम, 12 नवंबर से दिल्ली-NCR में महंगा मिलेगा दूध

दिल्ली-NCR में 12 नवंबर से दूध खरीदना महंगा हो जाएगा. मदर डेयरी के बाद अमूल ने भी दूध की कीमतों में 2 से 6 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की है. टोंड, फुल क्रीम, डबल टोंड और गाय के दूध के नए रेट लागू होंगे. आखिर दूध की कीमतें क्यों बढ़ाई गई हैं? दूध की सप्लाई में कमी, मिल्क फैट की बढ़ती कीमतों और किसानों से महंगी खरीद का आम लोगों की जेब पर क्या असर पड़ेगा, जानिए पूरी जानकारी.

मदर डेयरी के बाद अमूल ने भी बढ़ाए दूध के दाम. Image Credit: Amul

Highlights

  • मदर डेयरी के बाद अमूल ने भी बढ़ाए दूध के दाम, 2 से 6 रुपये प्रति लीटर तक महंगा हुआ दूध.
  • 12 नवंबर से दिल्ली-NCR में लागू होंगी दूध की नई कीमतें.
  • दूध की सप्लाई में कमी और मिल्क फैट की बढ़ती कीमतें हैं दाम बढ़ने की बड़ी वजह.

दिल्ली-NCR में रहने वाले लोगों को अब दूध खरीदने के लिए ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे. मदर डेयरी के बाद अब अमूल ने भी दूध की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है. दोनों कंपनियों ने दूध के अलग-अलग वैरिएंट के दाम 2 रुपये से लेकर 6 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ाए हैं. नई कीमतें 12 नवंबर से लागू होंगी. दूध की कीमतों में इस बढ़ोतरी का असर टोंड, फुल क्रीम और डबल टोंड समेत कई वैरिएंट पर पड़ेगा. कंपनियों ने यह फैसला दूध की सप्लाई में कमी और किसानों से दूध खरीदने की बढ़ती लागत के चलते लिया है.

किस दूध के कितने बढ़े दाम?

दूध की कीमतों में बढ़ोतरी अलग-अलग वैरिएंट के हिसाब से की गई है. टोंड दूध के दाम 2 रुपये प्रति लीटर बढ़ाए गए हैं, जबकि फुल क्रीम दूध 4 रुपये प्रति लीटर महंगा हुआ है. फुल क्रीम भैंस के दूध की कीमत में सबसे ज्यादा 6 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है.

दिल्ली-NCR में अब फुल क्रीम पैकेज्ड दूध 72 रुपये के बजाय 76 रुपये प्रति लीटर मिलेगा. पैकेज्ड टोंड दूध की कीमत 60 रुपये से बढ़कर 62 रुपये हो गई है. वहीं, बल्क वेंडिंग मशीन से मिलने वाला टोंड दूध अब 58 रुपये के बजाय 60 रुपये प्रति लीटर मिलेगा.

डबल टोंड दूध की कीमत 54 रुपये से बढ़कर 56 रुपये प्रति लीटर हो गई है. गाय के दूध के दाम 62 रुपये से बढ़कर 65 रुपये प्रति लीटर हो गए हैं. वहीं, 6.5 फीसदी फैट वाले फुल क्रीम भैंस के दूध के लिए अब 80 रुपये के बजाय 86 रुपये प्रति लीटर खर्च करने होंगे.

क्यों महंगा हुआ दूध?

दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की सबसे बड़ी वजह कंपनियों की खरीद लागत में इजाफा होना है. पिछले कुछ महीनों में दूध की फैट कीमतों में करीब 20 से 25 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है. इसके अलावा पशुओं के चारे की कीमतें बढ़ने से किसानों की लागत भी बढ़ गई है.

आमतौर पर फ्लश सीजन में दूध का प्रोडक्शन और उपलब्धता बढ़ती है, लेकिन इस बार इसके बावजूद दूध की सप्लाई में कमी देखने को मिल रही है. इसका असर दूध की फैट उपलब्धता पर पड़ा है. ऐसे में डेयरी कंपनियों के लिए दूध खरीदना महंगा हो गया है.

जब ताजे दूध की सप्लाई मांग के मुकाबले कम पड़ती है, तो कंपनियां लिक्विड दूध तैयार करने के लिए मिल्क पाउडर और मिल्क फैट का इस्तेमाल करती हैं. लेकिन मिल्क फैट की कीमतें बढ़ने से इस प्रक्रिया की लागत भी बढ़ गई है.

यह भी पढ़ेंः महंगाई की एक और मार, मदर डेयरी का दूध हुआ महंगा, एक लीटर पर इतने रुपये बढ़ गई कीमत

किसानों से महंगा दूध खरीद रहीं कंपनियां

दूध की सप्लाई बढ़ाने और किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए डेयरी कंपनियों ने उनसे दूध खरीदने की कीमतें भी बढ़ाई हैं. इंडस्ट्री से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, अमूल ने दूध की फैट के आधार पर खरीद दर बढ़ाकर 1000 रुपये प्रति किलोग्राम कर दी है. इससे किसानों को दूध के लिए 60 रुपये प्रति लीटर से ज्यादा मिल पा रहे हैं.

वहीं, मदर डेयरी ने बढ़ी हुई लागत का कुछ बोझ ग्राहकों पर डालने का फैसला किया है. कंपनी अपनी दूध बिक्री से होने वाली कमाई का 75 से 80 फीसदी हिस्सा किसानों को पेमेंट करती है. दिल्ली-NCR में मदर डेयरी ने इससे पहले 14 मई 2026 को दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की थी.

रोजाना 35 लाख लीटर दूध बेचती है मदर डेयरी

दिल्ली-NCR में मदर डेयरी सबसे बड़ी दूध सप्लायर कंपनियों में शामिल है. कंपनी अपने आउटलेट, जनरल ट्रेड और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए रोजाना करीब 35 लाख लीटर दूध बेचती है. वहीं, अलग-अलग बाजारों में कंपनी की कुल दैनिक दूध बिक्री 50 लाख लीटर से ज्यादा है.

पिछले वित्त वर्ष में कंपनी का टर्नओवर 17 फीसदी बढ़कर 20,300 करोड़ रुपये रहा. इस ग्रोथ में दूध उत्पादों और कुकिंग ऑयल की बढ़ती मांग का योगदान रहा.