क्या चीन जासूसी विवाद के बीच NVIDIA के CEO पद से हटाए जा सकते हैं जेंसन हुआंग? कंपनी के नियमों में है बड़ा अधिकार
NVIDIA के CEO जेंसन हुआंग चीन से जुड़े कथित जासूसी विवाद को लेकर मुश्किलों में घिर गए हैं. अमेरिकी सांसद ने उनके इस्तीफे की मांग की है. इस बीच कंपनी के बायलॉज में बोर्ड को CEO हटाने का अधिकार दिया गया है. हालांकि, बोर्ड ने फिलहाल हुआंग पर भरोसा जताया है और मामले की स्वतंत्र जांच शुरू कराई है.
Highlights
- अमेरिकी सांसद ने जेंसन हुआंग के इस्तीफे की मांग उठाई
- NVIDIA बोर्ड को CEO हटाने का अधिकार कंपनी नियमों में
- कंपनी ने विवाद की स्वतंत्र जांच शुरू कराई, हुआंग पर भरोसा जताया
दुनिया की दिग्गज चिप निर्माता कंपनी NVIDIA के सीईओ जेंसन हुआंग इन दिनों चीन से जुड़े कथित जासूसी विवाद को लेकर चर्चा में हैं. अमेरिका के एक रिपब्लिकन सांसद ने उन्हें कंपनी के सीईओ पद से इस्तीफा देने की सलाह दी है. आरोप है कि एक चीनी कारोबारी महिला के साथ उनके कथित संबंधों के चलते कंपनी की संवेदनशील जानकारी और अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा पर खतरा पैदा हो सकता है. इस विवाद के बीच सवाल उठ रहा है कि क्या कंपनी अपने सीईओ को पद से हटा सकती है?
सांसद ने क्यों मांगा जेंसन हुआंग का इस्तीफा?
अमेरिकी रिपब्लिकन सीनेटर केविन क्रेमर ने जेंसन हुआंग के इस्तीफे की मांग की है. वह सीनेट बैंकिंग कमेटी के सदस्य हैं. उनका मानना है कि चीनी कारोबारी महिला के साथ हुआंग के कथित संबंधों का इस्तेमाल उन्हें ब्लैकमेल करने के लिए किया जा सकता है. क्रेमर के मुताबिक, NVIDIA जैसी संवेदनशील टेक्नोलॉजी बनाने वाली कंपनी के प्रमुख के मामले में इस तरह का जोखिम गंभीर है. इसलिए उन्हें अपने पद से हट जाना चाहिए.
यह विवाद उस समय बढ़ा जब अमेरिका की खुफिया एजेंसियों से जुड़ी रिपोर्टों में दावा किया गया कि एलिस हुआंग नाम की चीनी कारोबारी महिला का संबंध चीन की खुफिया गतिविधियों से हो सकता है. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि होना बाकी है. चीन ने जासूसी के आरोपों को बेबुनियाद बताया है.
क्या NVIDIA का बोर्ड सीईओ को हटा सकता है?
NVIDIA के कंपनी नियमों यानी बायलॉज में बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स को सीईओ समेत दूसरे अधिकारियों को हटाने का अधिकार दिया गया है. कंपनी के नियमों के सेक्शन 29(a) के मुताबिक, अधिकारियों का पद बोर्ड के भरोसे पर निर्भर करता है. वहीं सेक्शन 32 में कहा गया है कि बोर्ड अपने किसी भी अधिकारी को कभी भी पद से हटा सकता है. इसके लिए किसी खास वजह का होना भी जरूरी नहीं है.
इस फैसले के लिए बोर्ड में मौजूद डायरेक्टर्स के बहुमत का समर्थन जरूरी होगा. यानी अगर बोर्ड को लगता है कि जेंसन हुआंग को सीईओ पद पर बनाए रखना कंपनी के हित में नहीं है, तो वह उन्हें हटा सकता है. हालांकि, अभी तक कंपनी ने ऐसा कोई फैसला नहीं लिया है.
NVIDIA के बोर्ड ने क्या कहा?
NVIDIA के बोर्ड ने 8 नवंबर को मामले की स्वतंत्र जांच शुरू करने का ऐलान किया था. इस जांच की जिम्मेदारी स्वतंत्र डायरेक्टर्स की एक कमेटी को दी गई है. इसमें बाहरी कानूनी विशेषज्ञों की भी मदद ली जाएगी.
बोर्ड का कहना है कि फिलहाल उसके पास ऐसा मानने की कोई वजह नहीं है कि कंपनी के सीक्रेट या अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी जानकारी लीक हुई है. इसके बावजूद सभी उपलब्ध जानकारियों की जांच की जाएगी. बोर्ड ने जेंसन हुआंग और उनकी लीडरशिप टीम पर भरोसा भी जताया है. हुआंग ने भी जांच में पूरा सहयोग करने की बात कही है.
क्या खुद इस्तीफा दे सकते हैं जेंसन हुआंग?
कंपनी के नियमों के मुताबिक, जेंसन हुआंग चाहें तो खुद भी सीईओ का पद छोड़ सकते हैं. इसके लिए उन्हें बोर्ड, कंपनी के प्रेसिडेंट या सेक्रेटरी को लिखित या इलेक्ट्रॉनिक तरीके से इस्तीफे की सूचना देनी होगी. खास बात यह है कि कंपनी के नियमों के सेक्शन 31 के मुताबिक, इस्तीफा प्रभावी होने के लिए बोर्ड की मंजूरी जरूरी नहीं है, जब तक इस्तीफे में कोई अलग शर्त न रखी गई हो.
सीईओ पद जाने पर क्या बोर्ड मेंबर भी नहीं रहेंगे?
नहीं, दोनों पद अलग-अलग हैं. अगर NVIDIA का बोर्ड जेंसन हुआंग को सीईओ पद से हटा भी देता है, तो इसका मतलब यह नहीं होगा कि उनकी बोर्ड सदस्यता भी अपने आप खत्म हो जाएगी. इसी तरह, सीईओ पद से हटाए जाने पर उन्हें कंपनी के अपने शेयर बेचने की भी जरूरत नहीं होगी. बोर्ड में उनकी सदस्यता को लेकर अलग नियम लागू होते हैं. फिलहाल कंपनी की स्वतंत्र जांच और अमेरिकी सांसदों के सवालों के जवाब से ही तय होगा कि इस विवाद का NVIDIA और उसके सीईओ पर कितना असर पड़ता है.
Latest Stories
मदर डेयरी के बाद अमूल ने भी बढ़ाए दूध के दाम, 12 नवंबर से दिल्ली-NCR में महंगा मिलेगा दूध
देश का सबसे साफ शहर बना नवी मुंबई, इंदौर-सूरत को लेकर क्या रहा नतीजा
सरकार का बड़ा ऐलान, 77101 करोड़ रुपये के पैकेज को मंजूरी; दिल्ली में बनेगा म्यूजियम, नोएडा को मिलेगी मेट्रो
