Wipro ने किया डिविडेंड का ऐलान! Q1 में दर्ज किया ₹3352 करोड़ का प्रॉफिट; रेवेन्यू में 11% की बढ़ोतरी
Wipro ने FY27 की Q1 रिजल्ट जारी कर दिए हैं. कंपनी का कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट 3,352 करोड़ रुपये रहा, जबकि रेवेन्यू में 11 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई. कंपनी ने निवेशकों के लिए 2 रुपये प्रति शेयर इंटरिम डिविडेंड का भी ऐलान किया है.

Wipro Q1 Results: देश की प्रमुख IT कंपनी Wipro ने वित्त वर्ष 2026-27 (FY27) की पहली तिमाही (Q1) के नतीजे जारी कर दिए हैं. कंपनी का मुनाफा सालाना आधार पर लगभग स्थिर रहा है. जून तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट बढ़कर 3,352 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में 3,330 करोड़ रुपये था. यानी कंपनी के मुनाफे में केवल 1 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई. हालांकि, रेवेन्यू के मोर्चे पर कंपनी ने बेहतर प्रदर्शन किया है. रेवेन्यू फ्रॉम ऑपरेशंस सालाना आधार पर 11 प्रतिशत बढ़कर 24,479 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो एक वर्ष पहले की समान तिमाही में 22,135 करोड़ रुपये था.
निवेशकों को मिलेगा डिविडेंड
तिमाही नतीजों के साथ Wipro के बोर्ड ने निवेशकों के लिए 2 रुपये प्रति शेयर इंटरिम डिविडेंड को भी मंजूरी दी है. इससे कंपनी के शेयरधारकों को अतिरिक्त रिटर्न मिलेगा. डिविडेंड की घोषणा ऐसे समय में हुई है, जब IT सेक्टर लगातार वैश्विक आर्थिक सुस्ती और ग्राहकों की सीमित IT स्पेंडिंग जैसी चुनौतियों का सामना कर रहा है.
IT सर्विसेज बिजनेस का प्रदर्शन
जून तिमाही में कंपनी के मुख्य IT सर्विसेज बिजनेस से 2.61 अरब डॉलर का रेवेन्यू आया.
- तिमाही आधार (QoQ) पर इसमें 1.4 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई.
- जबकि सालाना आधार (YoY) पर इसमें 1 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई.
वहीं कॉन्स्टेंट करेंसी के आधार पर देखें, तो IT सर्विसेज रेवेन्यू में 1.2 प्रतिशत की तिमाही गिरावट और 0.9 प्रतिशत की सालाना बढ़ोतरी दर्ज की गई.
ऑपरेटिंग मार्जिन में आई गिरावट
कंपनी का IT सर्विसेज ऑपरेटिंग मार्जिन इस तिमाही में 16 प्रतिशत रहा. यह पिछली तिमाही की तुलना में 130 बेसिस पॉइंट्स और पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 120 बेसिस पॉइंट्स कम है. ऑपरेटिंग मार्जिन में गिरावट से संकेत मिलता है कि लागत का दबाव अभी भी पूरी तरह कम नहीं हुआ है.
लार्ज डील्स ने दिखाई मजबूती
हालांकि रेवेन्यू ग्रोथ सीमित रही, लेकिन नए ऑर्डर मिलने के मामले में कंपनी का प्रदर्शन बेहतर रहा. तिमाही के दौरान टोटल बुकिंग्स 3.37 अरब डॉलर रहीं. हालांकि, यह तिमाही आधार पर 2.4 प्रतिशत कम हैं. वहीं लार्ज डील बुकिंग्स बढ़कर 1.63 अरब डॉलर पहुंच गईं, जो कॉन्स्टेंट करेंसी के आधार पर पिछली तिमाही की तुलना में 12.9 प्रतिशत अधिक हैं. यह संकेत देता है कि बड़े एंटरप्राइज ग्राहक अब भी Wipro पर भरोसा जता रहे हैं.
कैश फ्लो और एट्रिशन की स्थिति
जून तिमाही में कंपनी का ऑपरेटिंग कैश फ्लो 3,290 करोड़ रुपये रहा, जो नेट इनकम का 98 प्रतिशत है. वहीं, पिछले 12 महीनों में कंपनी का वॉलंटरी एट्रिशन रेट 13.9 प्रतिशत रहा, जो यह दिखाता है कि कर्मचारियों के कंपनी छोड़ने की रफ्तार अब पहले की तुलना में नियंत्रित बनी हुई है.
कैसा है शेयर का हाल
गुरुवार को कंपनी का शेयर 1.77 फीसदी बढ़कर 177.74 रुपये पर पहुंच गया. पिछले एक सप्ताह में इसमें 2.71 फीसदी की तेजी आई है, जबकि बीते एक महीने में इसमें 2.58 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है.
यह भी पढ़ें: Vijay Kedia को फिर पसंद आया यह मल्टीबैगर स्टॉक, 5 साल में दे चुका 1349% रिटर्न, जानें क्या करती है कंपनी
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.