Zepto की वैल्यूएशन घटी, Swiggy और Eternal के शेयरों में आई तेजी; जानें निवेशकों ने क्यों बढ़ाया भरोसा
Zepto की IPO वैल्यूएशन घटकर करीब 3 अरब डॉलर रहने की खबर के बाद Swiggy और Eternal के शेयरों में जोरदार तेजी देखी गई. निवेशकों का मानना है कि कम वैल्यूएशन से क्विक कॉमर्स सेक्टर में कैश बर्न और भारी डिस्काउंट की होड़ कम हो सकती है.

क्विक कॉमर्स सेक्टर में सोमवार को निवेशकों का फोकस Swiggy और Eternal के शेयरों पर रहा. Zepto के आने वाले IPO की वैल्यूएशन पहले के मुकाबले कम होने की खबर के बाद दोनों कंपनियों के शेयरों में जोरदार तेजी देखने को मिली. इंडस्ट्री के जानकारों का मानना है कि अगर Zepto कम वैल्यूएशन पर बाजार में आता है तो कैश बर्न और भारी डिस्काउंट वाली रणनीति पर लगाम लग सकती है. इससे Swiggy और Eternal के लिए कंपटीशन आसान हो सकती है.
Zepto की वैल्यूएशन में कटौती बनी तेजी की वजह
रिपोर्ट के मुताबिक, Zepto अब अपने IPO के लिए करीब 3 अरब डॉलर की पोस्ट मनी वैल्यूएशन पर निवेशकों से बातचीत कर रही है. इससे पहले कंपनी करीब 5 अरब डॉलर की वैल्यूएशन का लक्ष्य लेकर चल रही थी. बाजार ने इसे इस संकेत के रूप में देखा कि अब निवेशक केवल तेजी से विस्तार करने वाली कंपनियों के बजाय मुनाफे पर भी जोर दे रहे हैं. इसी उम्मीद ने Swiggy और Eternal के शेयरों को सपोर्ट दिया.
Swiggy और Eternal के शेयरों में आई तेजी
दोपहर करीब एक बजे Swiggy का शेयर करीब 4 फीसदी चढ़कर 268 रुपये पर बंद हुए. वहीं Eternal का शेयर भी करीब 4.23 फीसदी की तेजी के साथ 308 रुपये पर कारोबार करता दिखा. पिछले दो कारोबारी सत्रों में भी Swiggy के शेयर करीब 6 फीसदी और Eternal के शेयर 9 फीसदी से ज्यादा मजबूत हुए हैं. निवेशकों का मानना है कि कंपटीशन कम होने से इन कंपनियों की कमाई बेहतर हो सकती है.
मजबूत कैश रिजर्व से बढ़ा निवेशकों का भरोसा
Swiggy और Eternal दोनों के पास मजबूत कैश रिजर्व है. जून तिमाही के अंत तक Swiggy के पास करीब 10800 करोड़ रुपये का कैश और शॉर्ट टर्म निवेश था. वहीं Eternal के पास करीब 16000 करोड़ रुपये की नकदी और लिक्विड निवेश मौजूद था. मजबूत बैलेंस शीट के कारण दोनों कंपनियां जरूरत पड़ने पर प्रतिस्पर्धा का सामना करने में सक्षम मानी जा रही हैं
यह भी पढ़ें- मजबूत ऑर्डर बुक, हाई ROE और मजबूत ग्रोथ प्लान, चमक सकते है ये 3 स्टॉक; रखें नजर
Zepto के IPO पर आगे क्या रहेगा नजर
रिपोर्ट के अनुसार Zepto करीब 5000 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी कर सकती है और ऑफर फॉर सेल का हिस्सा सीमित रह सकता है. हालांकि कंपनी की वैल्यूएशन और डील का अंतिम फैसला अभी नहीं हुआ है. निवेशकों की नजर अब इस बात पर रहेगी कि Zepto किस वैल्यूएशन पर बाजार में आती है और उसका असर क्विक कॉमर्स सेक्टर की कंपटीशन पर कितना पड़ता है.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.