Google Maps का नया AI फीचर लॉन्च: अब 3D में दिखेगा रास्ता, Ask Maps बताएगा कैफे, चार्जिंग पॉइंट और ट्रैवल प्लान

Google Maps जल्द ही बड़ा AI अपग्रेड लाने जा रहा है. Gemini तकनीक के साथ आने वाले नए फीचर्स में रियल-टाइम 3D नेविगेशन, Ask Maps के जरिए स्मार्ट सुझाव और ऑटोमैटिक ट्रैवल इटिनरेरी शामिल होंगे. इससे यूजर्स को रास्ता ढूंढने के साथ-साथ आसपास की जगहों, बेहतर रूट और पार्किंग विकल्पों की जानकारी भी आसानी से मिल सकेगी.

गूगल मैप Image Credit: Nikolas Kokovlis/NurPhoto via Getty Images

स्मार्टफोन के दौर में रास्ता ढूंढना पहले से कहीं ज्यादा आसान हो गया है, लेकिन अब मैप्स सिर्फ रास्ता दिखाने तक सीमित नहीं रहेंगे. टेक दिग्गज Google अपने लोकप्रिय नेविगेशन प्लेटफॉर्म Google Maps में बड़ा बदलाव करने जा रहा है. कंपनी इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित नए फीचर्स जोड़ रही है, जो यूजर्स को सिर्फ दिशा ही नहीं बताएंगे बल्कि जगहों की सिफारिश करेंगे, यात्रा की योजना बनाएंगे और रियल-टाइम 3D वातावरण में रास्ता दिखाएंगे.

Google Maps में AI का बड़ा अपग्रेड

Google अपने डिजिटल मैपिंग प्लेटफॉर्म को नए डिजाइन और AI तकनीक के साथ अपडेट कर रहा है. इस बदलाव के पीछे कंपनी की Gemini AI तकनीक होगी, जो Google Maps को पहले से ज्यादा स्मार्ट और इंटरैक्टिव बनाने का काम करेगी.

नई तकनीक के जरिए यूजर्स को केवल नेविगेशन ही नहीं बल्कि आसपास की जगहों के बारे में बेहतर सुझाव भी मिलेंगे. इससे यात्रा की योजना बनाना और नए शहरों में घूमना पहले से ज्यादा आसान हो सकता है.

Ask Maps फीचर देगा स्मार्ट सुझाव

इस अपडेट का सबसे अहम फीचर “Ask Maps” होगा. यह एक कन्वर्सेशनल टूल की तरह काम करेगा, जहां यूजर सवाल पूछकर आसपास की सुविधाओं के बारे में जानकारी पा सकेंगे.

उदाहरण के तौर पर, यूजर पूछ सकते हैं कि आसपास ऐसा कैफे कहां है जहां ज्यादा भीड़ न हो, या ऐसी जगह जहां फोन चार्ज किया जा सके. इसके अलावा यह टूल रोड ट्रिप के लिए कई स्टॉप और घूमने की जगहों के साथ पूरा यात्रा कार्यक्रम भी तैयार कर सकेगा.

Google के मुताबिक, Gemini की सिफारिशें एक विशाल डेटाबेस पर आधारित होंगी. इसमें 30 करोड़ से ज्यादा स्थानों की जानकारी और 50 करोड़ से अधिक लोगों द्वारा दिए गए रिव्यू शामिल हैं, जो पिछले दो दशकों में Google Maps पर जमा हुए हैं.

Immersive Navigation से मिलेगा 3D अनुभव

Google Maps का एक और बड़ा बदलाव “Immersive Navigation” फीचर है. इसके जरिए यूजर्स को रियल-टाइम में 3D वातावरण दिखाई देगा, जिससे रास्ता समझना और भी आसान हो जाएगा. Gemini तकनीक के जरिए तैयार किए गए इस 3D व्यू में प्रमुख इमारतें, सड़क के डिवाइडर और आसपास के महत्वपूर्ण लैंडमार्क साफ दिखाई देंगे. जब यूजर किसी सड़क पर ड्राइव कर रहे होंगे, तब यह फीचर उन्हें उसी तरह का 3D दृश्य दिखाएगा, जिससे उन्हें अपनी लोकेशन जल्दी समझ में आ सके.

इसके अलावा यह फीचर अलग-अलग रास्तों के फायदे और नुकसान भी स्पष्ट रूप से बताएगा और गंतव्य तक पहुंचने के बाद पार्किंग की बेहतर जगह ढूंढने में भी मदद करेगा.

यह भी पढ़ें: सड़क पर मदद के बहाने फोन मांगना भी हो सकता है साइबर जाल, जानें कैसे होती है ठगी, ऐसे रहें सेफ

कब और कहां मिलेगा नया फीचर

Google के अनुसार, Ask Maps फीचर शुरुआत में अमेरिका और भारत में iPhone और Android के लिए Google Maps मोबाइल ऐप पर उपलब्ध होगा. बाद में इसे कंप्यूटर और अन्य देशों में भी विस्तार दिया जाएगा. वहीं Immersive Navigation फीचर फिलहाल अमेरिका में ही शुरू किया जाएगा. यह मोबाइल ऐप के साथ-साथ उन कारों में भी काम करेगा जिनमें Apple CarPlay या Android Auto का सपोर्ट मौजूद है.

Google का कहना है कि AI से जुड़े संभावित जोखिमों को ध्यान में रखते हुए सिस्टम में सुरक्षा उपाय भी जोड़े गए हैं, ताकि Gemini गलत या काल्पनिक लोकेशन दिखाने जैसी समस्याओं से बचा रहे.