अकाउंट में अचानक आए पैसे तो रहें सावधान, SBI ने UPI फ्रॉड पर किया अलर्ट; कैसे बचें?
SBI ने ‘जंप्ड डिपॉजिट स्कैम’ को लेकर ग्राहकों को चेतावनी दी है. इसमें जालसाज पहले खाते में छोटी रकम भेजते हैं और फिर गलती से ट्रांसफर होने का दावा करके पैसे लौटाने को कहते हैं. इस दौरान पीड़ित को बड़ी UPI पेमेंट मंजूर करने के लिए फंसाया जा सकता है. बैंक ने सतर्क रहने और संदिग्ध घटनाओं की रिपोर्ट करने की सलाह दी है.

SBI UPI Fraud Alert: भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने ग्राहकों को ‘जंप्ड डिपॉजिट स्कैम’ को लेकर सतर्क किया है. इस ठगी में जालसाज पहले किसी व्यक्ति के बैंक खाते में थोड़ी रकम भेजते हैं. फिर गलती से पैसे ट्रांसफर होने का दावा करके उसे रकम लौटाने के लिए कहते हैं. इसी दौरान वे पीड़ित को UPI के जरिए बड़ी रकम के पेमेंट को मंजूरी देने के लिए फंसा सकते हैं.
SBI ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर नेशनल साइबर सिक्योरिटी मंथ स्पेशल कैंपेन 6.0 के तहत यह चेतावनी दी. बैंक ने ग्राहकों से कहा कि अगर कोई अनजान व्यक्ति गलती से पैसे भेजने और उन्हें तुरंत वापस करने का दावा करे, तो जल्दबाजी में कोई कदम न उठाएं.
कैसे काम करता है ‘जंप्ड डिपॉजिट स्कैम’?
इस स्कैम में ठग पहले पीड़ित के खाते में छोटी रकम जमा करते हैं. इसके बाद वे दावा करते हैं कि पैसे गलती से ट्रांसफर हो गए हैं और उन्हें तुरंत लौटाने की जरूरत है. पीड़ित पर जल्दी फैसला लेने का दबाव बनाया जाता है और भावनात्मक बातें करके उसे बिना जांच-पड़ताल के कार्रवाई करने के लिए उकसाया जाता है.
असल ठगी तब होती है, जब जालसाज पीड़ित को UPI के जरिए बड़ी रकम के पेमेंट को मंजूरी देने के लिए राजी कर लेते हैं. जैसे ही पीड़ित ऐसे पेमेंट को मंजूरी देता है, पैसा ठग के खाते में ट्रांसफर हो सकता है. इसलिए बैंक ग्राहकों को अनजान लोगों के कहने पर किसी भी संदिग्ध पेमेंट रिक्वेस्ट को मंजूरी नहीं देनी चाहिए.
UPI फ्रॉड से कैसे बचें?
SBI ने ग्राहकों को सलाह दी है कि संदिग्ध फोन नंबर को तुरंत ब्लॉक करें और ऐसी किसी भी घटना की जानकारी प्राथमिकता के आधार पर बैंक को दें. अगर खाते में अचानक किसी अनजान व्यक्ति से पैसे आए हैं, तो उन्हें लौटाने की जल्दबाजी न करें. पहले बैंक के आधिकारिक माध्यमों से ट्रांजैक्शन की पुष्टि करें. बैंक ने भावनात्मक दबाव में आकर फैसला लेने और बिना पुष्टि के किसी इमरजेंसी UPI रिक्वेस्ट को मंजूरी देने से भी बचने को कहा है.
SBI ने 1600 से शुरू होने वाले नंबरों से आने वाली कॉल को बैंक की वास्तविक और सुरक्षित कॉल बताया है. हालांकि, किसी भी कॉल पर निजी जानकारी साझा करने या पेमेंट की मंजूरी देने से पहले कॉल करने वाले की पहचान और अनुरोध की पुष्टि करना जरूरी है.
बैंक ने अपने संदेश में कहा कि खाते में अचानक रकम आना भरोसा जीतने का तरीका हो सकता है. इसलिए अनजान व्यक्ति के कहने पर पैसे वापस भेजने या किसी पेमेंट रिक्वेस्ट को मंजूरी देने से पहले बैंक से संपर्क करके पूरी जानकारी की जांच करें.
इसे भी पढ़ें- FPIs ने अक्टूबर में निकाले ₹44166 करोड़, 2026 में कुल निकासी ₹3 लाख करोड़ पार; कब थमेगी बिकवाली?