10000 रुपए महंगा हो गया Vivo का ये फ्लैगशिप फोन, अब खर्च करने होंगे इतने पैसे
Vivo ने मई में लॉन्च हुए X300 FE की कीमत में बढ़ोतरी कर दी है, ये फोन लॉन्च प्राइस से अब 10 हजार रुपए महंगा हो गया है. इस फोन के दो रैम और स्टोरेज ऑप्शन्स हैं और दोनों ही मॉडल्स के लिए अब आपको ज्यादा पैसे चुकाने होंगे.

Vivo X300 FE को मई में भारतीय बाजार में लॉन्च किया गया था लेकिन जब इस फोन को लॉन्च किया गया तब इस हैंडसेट को पिछले साल आए Vivo X200 FE की तुलना ज्यादा कीमत में उतारा गया. अब इस फोन की कीमत में बढ़ोतरी की गई है, ये फोन दो रैम और स्टोरेज ऑप्शन्स में आता है और दोनों ही मॉडल्स महंगे हो गए हैं. कीमतों में बढ़ोतरी की वजह मेमोरी और स्टोरेज कंपोनेंट्स की लगातार बढ़ती कीमतें हैं. वीवो के अलावा, OnePlus, Oppo, Realme और iQOO जैसे दूसरे स्मार्टफोन बनाने वाली कंपनियों ने भी हाल ही में अपने हैंडसेट की कीमतें बढ़ाई हैं.
Vivo X300 FE Price in India
वीवो का ये फोन नई कीमत के साथ कंपनी की साइट पर लिस्ट है, इस हैंडसेट के 12 जीबी रैम और 256 जीबी वेरिएंट की कीमत 89,999 रुपए है. वहीं, 12 जीबी रैम और 512 जीबी वेरिएंट को अब 99,999 रुपए में बेचा जाएगा. लॉन्च के बाद से दोनों ही मॉडल्स की कीमत 10 हजार रुपए बढ़ गई है. याद दिला दें कि बेस वेरिएंट को 79,999 रुपए में लॉन्च किया गया था जबकि 512 जीबी वाला टॉप मॉडल 89,999 रुपए में उतारा गया था.
Vivo X300 FE Specifications
इस वीवो फोन में 6.31 इंच एमोलेड डिस्प्ले है जो 120 हर्ट्ज रिफ्रेश रेट सपोर्ट करती है, ये फोन एचडीआर10 प्लस, 300 हर्ट्ज टच सैंपलिंग रेट, 460ppi पिक्सल डेनिसिटी और 5000 निट्स पीक ब्राइटनेस सपोर्ट के साथ आता है. इसमें स्पीड और मल्टीटास्किंग के लिए कंपनी ने स्नैपड्रैगन 8 जेनरेशन 5 ऑक्टा कोर प्रोसेसर, 12 जीबी रैम और 512 जीबी तक स्टोरेज भी दी है. 6500 एमएएच की दमदार बैटरी फोन में जान फूंकने के लिए दी गई है जो 90 वॉट वायर्ड और 40 वॉट वायरलेस फ्लैश चार्ज सपोर्ट करती है.
रियर में 50 मेगापिक्सल का टेलीफोटो कैमरा सेंसर है जो OIS के साथ आता है, इसमें IMX882 सेंसर है, साथ में 50 मेगापिक्सल IMX921 कैमरा सेंसर और 8 मेगापिक्सल वाइड एंगल कैमरा सेंसर दिया गया है. फ्रंट में 50 मेगापिक्सल का सेल्फी कैमरा भी मिलता है.
ये भी पढ़ें- Boltt के पहले स्मार्टफोन में होगा इतने MP का कैमरा, 25 अगस्त को लॉन्च होंगे ये 2 नए फोन