Aadhaar Update FREE! ऑनलाइन डॉक्यूमेंट अपडेट के लिए नहीं देनी होगी फीस, बाकी बदलाव के लिए तय शुल्क

UIDAI ने Aadhaar अपडेट की आधिकारिक फीस स्पष्ट कर दी है, जिसमें बायोमेट्रिक अपडेट के लिए ₹125 और डेमोग्राफिक बदलाव के लिए ₹75 शुल्क तय है. हालांकि, दस्तावेज अपडेट ऑनलाइन पूरी तरह फ्री किया जा सकता है, जिससे यूजर्स को अतिरिक्त खर्च से बचने का मौका मिलता है.

आधार कार्ड अपडेट Image Credit: Getty Images Editorial

अगर आप अपना आधार कार्ड अपडेट कराने की सोच रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बहुत जरूरी है. अक्सर देखा जाता है कि आधार केंद्रों पर संचालक लोगों से मनमाना पैसा वसूलते हैं. इसी लूट-खसोट को रोकने के लिए भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने अपडेट की आधिकारिक दरों को फिर से स्पष्ट कर दिया है. अब आपको न तो भ्रम में रहने की जरूरत है और न ही एक रुपया भी फालतू देने की.

आधार अपडेट की नई दरें एक नजर में

UIDAI ने विभिन्न सेवाओं के लिए अलग-अलग शुल्क तय किए हैं. आपकी सुविधा के लिए पूरी लिस्ट नीचे दी गई है:

अपडेट का प्रकारशुल्क (रुपये)मुख्य बातें
बायोमेट्रिक अपडेट125इसमें फिंगरप्रिंट, आइरिस और फोटो शामिल है.
डेमोग्राफिक अपडेट75नाम, लिंग, जन्म तिथि, पता, मोबाइल और ईमेल अपडेट के लिए.
डॉक्यूमेंट अपडेट (ऑफलाइन)75आधार केंद्र पर जाकर पहचान या पते के दस्तावेज जमा करने पर.
डॉक्यूमेंट अपडेट (ऑनलाइन)फ्रीनिर्धारित समय सीमा तक पोर्टल के जरिए अपडेट करने पर कोई शुल्क नहीं.
नया आधार नामांकनफ्रीपहली बार आधार बनवाने का कोई चार्ज नहीं है.

बायोमेट्रिक और डेमोग्राफिक अपडेट

अगर आप अपना फोटो, उंगलियों के निशान (फिंगरप्रिंट) या आंखों की पुतली (आइरिस) अपडेट कराते हैं, तो आपको 125 रुपये देने होंगे. हालांकि, 5 से 17 साल के बच्चों के लिए अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट पूरी तरह मुफ्त है, बशर्ते इसे तय समय सीमा के भीतर कराया जाए. वहीं, नाम, पता या मोबाइल नंबर जैसे बदलावों (डेमोग्राफिक अपडेट) के लिए 75 रुपये का शुल्क निर्धारित है.

घर बैठे फ्री में अपडेट करें दस्तावेज

UIDAI डिजिटल इंडिया को बढ़ावा देने के लिए ऑनलाइन सेवाओं पर जोर दे रहा है. अगर आप आधार केंद्र जाकर अपने दस्तावेज (ID या एड्रेस प्रूफ) अपडेट कराते हैं, तो 75 रुपये देने पड़ेंगे. लेकिन, यही काम अगर आप UIDAI के आधिकारिक ऑनलाइन पोर्टल के जरिए करते हैं, तो यह सेवा फिलहाल मुफ्त है.

यह भी पढ़ें: FD में निवेश की ये 5 गलतियां करा देंगी बड़ा नुकसान, 1% की चूक से लाखों का होगा घाटा, जानें निवेश का सही तरीका

UIDAI ने साफ किया है कि ये सभी शुल्क टैक्स सहित हैं और इनसे एक भी रुपया ज्यादा मांगना गलत है. प्राधिकरण ने सलाह दी है कि किसी भी आधार केंद्र पर जाने से पहले आधिकारिक दरों की जानकारी जरूर रखें ताकि आप ठगी का शिकार न हों. पारदिर्शता लाने के मकसद से ही इन दरों को सार्वजनिक किया गया है.