Driving License Rule बदलने वाला है? 50 साल तक Valid होगा DL!

भारत में ड्राइविंग लाइसेंस (DL) और परिवहन सेवाओं से जुड़े नियमों में जल्द ही बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं. सरकार कई ऐसे प्रस्तावों पर विचार कर रही है, जिनसे आम लोगों को काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है. इन बदलावों में ड्राइविंग लाइसेंस की वैधता को बढ़ाकर 50 साल की उम्र तक करना और वाहन स्वामित्व ट्रांसफर प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन करना प्रमुख है. वर्तमान में, ड्राइविंग लाइसेंस आमतौर पर 20 साल के लिए वैध होता है, लेकिन नए प्रस्ताव के तहत इसे 50 साल की उम्र तक वैध किया जा सकता है.

इससे बार-बार लाइसेंस रिन्यू कराने की झंझट खत्म होगी और लोगों को आरटीओ (Regional Transport Office) के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. इसके अलावा, गाड़ी खरीदने या बेचने पर होने वाला स्वामित्व ट्रांसफर भी अब ऑनलाइन माध्यम से पूरा किया जा सकेगा, जिससे पेपरवर्क और समय की बचत होगी.

सरकार का इन बदलावों के पीछे मुख्य उद्देश्य लोगों की सुविधा बढ़ाना, आरटीओ सिस्टम को अधिक डिजिटल और पारदर्शी बनाना है. इससे लाखों लोगों का समय बचेगा और आरटीओ कार्यालयों में भीड़ भी कम होगी. हालांकि, यह ध्यान रखना महत्वपूर्ण है कि ये सभी बदलाव अभी केवल प्रस्ताव के स्तर पर हैं और सरकार ने इन पर कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया है. जब तक आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं होती, मौजूदा नियम ही लागू रहेंगे.

Short Videos