Hero की नई इलेक्ट्रिक बाइक की टेस्टिंग शुरू, Vida UBX जल्द होगी लॉन्च! जानें फीचर्स और डिजाइन

हीरो मोटोकॉर्प की नई इलेक्ट्रिक बाइक Vida UBX टेस्टिंग के दौरान नजर आई है. इस इलेक्ट्रिक स्ट्रीटफाइटर में स्पोर्टी डिजाइन, USD फोर्क्स, मोनोशॉक सस्पेंशन और TFT डिस्प्ले जैसे फीचर्स मिल सकते हैं. प्रोटोटाइप में 80 फीसदी चार्ज पर 134 किलोमीटर की रेंज दिखाई गई. इसकी संभावित कीमत 2.5 से 3.1 लाख रुपये हो सकती है.

Hero Vida UBX इलेक्ट्रिक बाइक Image Credit:

हीरो मोटोकॉर्प (Hero MotoCorp) इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर सेगमेंट में अपनी पकड़ मजबूत करने की तैयारी कर रही है. कंपनी की नई इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल Vida UBX को भारतीय सड़कों पर टेस्टिंग के दौरान देखा गया है. इस बाइक को हाल ही में इटली के मिलान में आयोजित EICMA 2026 में पेश किया गया था. अब इसकी टेस्टिंग से संकेत मिल रहे हैं कि कंपनी इसे प्रोडक्शन मॉडल के रूप में बाजार में उतारने की तैयारी कर रही है.

टेस्टिंग के दौरान कैसी दिखी नई इलेक्ट्रिक बाइक?

टेस्टिंग के दौरान बाइक पूरी तरह से कैमोफ्लाज यानी कवर से ढकी हुई नजर आई. हालांकि, इसके डिजाइन और बॉडी स्ट्रक्चर से काफी जानकारी सामने आई है. बाइक में स्ट्रीटफाइटर स्टाइल दिया गया है. इसका डिजाइन स्पोर्टी और अग्रेसिव नजर आता है.

इसमें सिंगल LED प्रोजेक्टर हेडलैंप, पतले LED इंडिकेटर्स और ऊपर की तरफ उठा हुआ हैंडलबार दिया गया है. बाइक के पहियों में सीधे स्पोक वाला डिजाइन देखने को मिला है. इसके अलावा इसमें TFT डिस्प्ले भी दिया गया है, जो इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर के साथ छोटे फ्लाईस्क्रीन का काम करता है.

मिलेंगे प्रीमियम सस्पेंशन और डिस्क ब्रेक

Vida UBX के प्रोटोटाइप में कई प्रीमियम हार्डवेयर देखने को मिले हैं. इसमें आगे की तरफ USD फ्रंट फोर्क्स और पीछे मोनोशॉक सस्पेंशन दिया गया है. ब्रेकिंग के लिए दोनों पहियों में डिस्क ब्रेक मिलने की उम्मीद है.

बाइक में मिड-माउंटेड इलेक्ट्रिक मोटर दी गई है, जो चेन ड्राइव के जरिए पिछले पहिये को पावर पहुंचाती है. इसकी बैटरी को बाइक के बीच वाले हिस्से में लगाया गया है. इसके अलावा इसमें सिंगल-पीस सीट, हैंडगार्ड्स और ऑल LED लाइटिंग जैसे फीचर्स भी देखने को मिल सकते हैं.

कितनी मिलेगी रेंज और कितनी होगी कीमत?

कंपनी ने अभी तक Vida UBX की बैटरी क्षमता, मोटर पावर, टॉर्क और टॉप स्पीड की आधिकारिक जानकारी नहीं दी है. इसलिए इसकी वास्तविक रेंज और परफॉर्मेंस को लेकर फिलहाल इंतजार करना होगा.

हालांकि, EICMA 2026 में दिखाए गए प्रोटोटाइप की स्क्रीन पर 80 फीसदी बैटरी चार्ज होने पर 134 किलोमीटर की रेंज दिखाई गई थी. लेकिन इसे कंपनी की आधिकारिक क्लेम्ड रेंज नहीं माना जा सकता.

कब होगी लॉन्च?

Vida UBX की लॉन्चिंग को लेकर कंपनी ने अभी कोई आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल 2027 के मध्य तक भारतीय बाजार में आ सकती है. इसकी संभावित एक्स-शोरूम कीमत 2.5 लाख से 3.1 लाख रुपये के बीच बताई जा रही है. हालांकि, कीमत और लॉन्च टाइमलाइन की आधिकारिक पुष्टि बाकी है.

यह भी पढ़ें- नई Creta से ऑफ रोडर SUV तक, 2027 में Hyundai की ये 5 गाड़ियां मचाएंगी धमाल!