महंगे पेट्रोल ने बदल दिया ऑटो बाजार का मूड, शहर से लेकर गांव तक E-स्कूटर के मुरीद हो रहे ग्राहक
भारत में इलेक्ट्रिक स्कूटरों की मांग अब सिर्फ बड़े शहरों तक सीमित नहीं रही. पेट्रोल की बढ़ती कीमत, कम रनिंग कॉस्ट और ग्राहकों के बढ़ते भरोसे के कारण Tier-2, Tier-3 शहरों और ग्रामीण इलाकों में EV अपनाने की रफ्तार तेज हो गई है.

भारत में इलेक्ट्रिक स्कूटर (e-scooter) का क्रेज अब सिर्फ दिल्ली-मुंबई जैसे बड़े मेट्रो शहरों तक सीमित नहीं रह गया है. ईवी अब तेजी से देश के छोटे शहरों (टियर-2, टियर-3) और ग्रामीण इलाकों की तरफ बढ़ चुकी है. ईवी की रिपोर्ट के मुताबिक, कभी बड़े शहरों के दम पर रफ्तार पकड़ने वाला यह बाजार अब बदल रहा है, क्योंकि आम भारतीय उपभोक्ता इसे अपना रहा है.
क्यों आ रहा है यह बदलाव?
छोटे शहरों और कस्बों में इलेक्ट्रिक स्कूटरों की मांग बढ़ने के पीछे कुछ मुख्य कारण हैं:
- लगातार महंगे होते पेट्रोल ने आम आदमी की जेब पर बोझ बढ़ाया है, जिससे लोग इलेक्ट्रिक के किफायती विकल्प की तरफ बढ़ रहे हैं.
- शुरुआत में लोग इस तकनीक को लेकर हिचकिचा रहे थे, लेकिन अब ग्राहकों का भरोसा बढ़ा है और वे इसे एक प्रैक्टिकल गाड़ी मान रहे हैं.
- कम खर्च में ज्यादा दूरी तय करने की खूबी ग्राहकों को सबसे ज्यादा आकर्षित कर रही है.
पुरानी कंपनियों को मिल रहा है फायदा
बाजार के इस नए मोड़ ने ईवी इंडस्ट्री के लीडर्स की स्थिति को भी बदल दिया है. शुरुआत में नई और सिर्फ ईवी बनाने वाली कंपनियों ने अपनी तकनीक और इनोवेशन के दम पर बड़े शहरों में बढ़त बनाई थी. लेकिन जैसे ही बाजार छोटे शहरों और गांवों की तरफ बढ़ा, ग्राहकों की प्राथमिकताएं बदल गईं.
यह भी पढ़ें: पेट्रोल से 20 रुपये सस्ता E85 ईंधन हुआ लॉन्च, जानें क्या है यह और किन वाहनों में होगा इस्तेमाल
अब ग्राहकों को तकनीक के साथ-साथ मजबूत डीलरशिप नेटवर्क, सर्विस सेंटर, आसान लोन और भरोसेमंद ब्रांड चाहिए. यही वजह है कि भारत की पुरानी और स्थापित टू-व्हीलर कंपनियां जैसे TVS मोटर, बजाज ऑटो और हीरो मोटोकॉर्प अब बाजार में तेजी से अपनी पकड़ मजबूत कर रही हैं.
पेट्रोल- डीजल के मौजूदा दाम
दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 102.12 रुपये प्रति लीटर हो गई है. वहीं, डीजल की कीमत 95.20 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गई है.