Tata-Mahindra की बढ़ेगी टेंशन! Hyundai ला रही है सस्ती EV, देशभर में बिछाएगी फास्ट चार्जिंग नेटवर्क
भारत में इलेक्ट्रिक कार बाजार की प्रतिस्पर्धा तेज होने जा रही है. हुंडई मोटर इंडिया ने इसी साल अपनी पहली मास-मार्केट इलेक्ट्रिक कार लॉन्च करने का ऐलान किया है. कंपनी चेन्नई प्लांट से दो नए मॉडल उतारेगी और अगले 2-3 वर्षों में देशभर में हाई-कैपेसिटी चार्जिंग नेटवर्क भी तैयार करेगी.
भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में इलेक्ट्रिक वाहनों की जंग अब और तेज होने वाली है. दिग्गज कार निर्माता कंपनी हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड (HMIL) ने गुरुवार को एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि वह इसी साल अपने चेन्नई मैन्युफैक्चरिंग प्लांट से दो नए मॉडल बाजार में उतारेगी. सबसे खास बात यह है कि इनमें कंपनी की पहली ‘मास-मार्केट’ यानी आम ग्राहकों के बजट वाली इलेक्ट्रिक कार शामिल होगी. हुंडई ने साफ किया है कि वह तमिलनाडु को भारत के लिए अपना ‘फ्लैगशिप ईवी हब’ बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.
चार्जिंग नेटवर्क का बिछेगा जाल
सस्ती और बजट अनुकूल इलेक्ट्रिक कारें लाने की अपनी योजना के तहत हुंडई चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी तेजी से काम कर रही है. कंपनी का टारगेट अगले 2 से 3 सालों के भीतर देश के सभी प्रमुख शहरों और हाईवे तक अपनी पहुंच बढ़ाना है. इसके लिए प्रमुख शहरी इलाकों और ट्रांजिट कॉरिडोर (रास्तों) पर हाई-कैपेसिटी चार्जिंग स्टेशनों का एक मजबूत नेटवर्क तैयार किया जा रहा है, ताकि ग्राहकों को सफर के दौरान चार्जिंग की कोई फिक्र न रहे.
हुंडई मोटर इंडिया के एमडी और सीईओ तरुण गर्ग ने कहा, “चेन्नई प्लांट से इसी साल दो नए मॉडल का रोल-आउट हमारे ईवी इकोसिस्टम को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम है. हम ईवी के लोकलाइजेशन को बढ़ावा देने के साथ-साथ एक कुशल वर्कफोर्स तैयार करने पर भी ध्यान दे रहे हैं.”
यह भी पढ़ें: मारुति ने लॉन्च की भारत की पहली फ्लेक्स-फ्यूल कार, पेट्रोल नहीं एथेनॉल होगा असली फ्यूल, देखें कैसी है WagonR
तमिलनाडु से ग्लोबल मार्केट तक का सफर
हुंडई का तमिलनाडु से बेहद पुराना और मजबूत रिश्ता रहा है. कंपनी अब तक तमिलनाडु में बनी 39 लाख से अधिक गाड़ियों को दुनिया के 150 से ज्यादा देशों में एक्सपोर्ट कर चुकी है. इसके अलावा, कंपनी ने तमिलनाडु का पहला ‘बैटरी सब-असेंबली प्लांट’ भी स्थापित किया है, जहां ईवी पावरट्रेन, पावर इलेक्ट्रॉनिक्स और अन्य मुख्य कल-पुर्जों का स्थानीय स्तर पर निर्माण किया जा रहा है.
Latest Stories
मारुति ने लॉन्च की भारत की पहली फ्लेक्स-फ्यूल कार, पेट्रोल नहीं एथेनॉल होगा असली फ्यूल, देखें कैसी है Wagon R
दिल्ली में भरवा रहे टैंक, यूपी में चला रहे गाड़ियां! CNG के दामों ने बदल दी कैब ड्राइवरों की रणनीति
भारत में शुरू होने वाला है फ्लेक्स-फ्यूल का दौर, E100 की कीमत पर जल्द होगा फैसला; पेट्रोल से 20% तक सस्ता होने की उम्मीद
