Suzuki ने लॉन्च किया नया Burgman Street 2026, TFT डिस्प्ले और कीलेस फीचर्स से लैस; जानें कीमत
सुजुकी मोटरसाइकिल इंडिया ने 2026 Burgman Street को भारत में 1.02 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) की शुरुआती कीमत पर लॉन्च किया है. नया मॉडल TFT डिस्प्ले, कीलेस इग्निशन और राइड कनेक्ट जैसे एडवांस फीचर्स के साथ आता है. स्कूटर में प्रीमियम डिजाइन, बेहतर कंफर्ट और 124cc इंजन के साथ बेहतर सिटी राइडिंग एक्सपीरियंस मिलता है. इसके अलावा 24.6 लीटर अंडरसीट स्टोरेज और USB चार्जिंग जैसी सुविधाएं भी दी गई हैं.

Suzuki Burgman Street Launch 2026: भारतीय टू-व्हीलर मार्केट में प्रीमियम स्कूटर सेगमेंट को और मजबूत करते हुए सुजुकी मोटरसाइकिल इंडिया ने 2026 बर्गमैन स्ट्रीट को लॉन्च कर दिया है. इसकी शुरुआती कीमत 1.02 लाख रुपये (एक्स-शोरूम, दिल्ली) रखी गई है, जबकि यह अपडेटेड मॉडल 8 अप्रैल 2026 से डीलरशिप पर उपलब्ध होगा. कंपनी ने इस बार स्कूटर को ज्यादा प्रीमियम डिजाइन, एडवांस टेक्नोलॉजी और बेहतर राइडिंग एक्सपीरियंस के साथ पेश किया है. 2018 में लॉन्च के बाद से बर्गमैन स्ट्रीट ने 125cc सेगमेंट में मजबूत पकड़ बनाई है और अब तक 11 लाख से ज्यादा ग्राहक इसे अपना चुके हैं.
नए वेरिएंट और कीमतें
2026 बर्गमैन स्ट्रीट को दो प्रमुख वेरिएंट में लॉन्च किया गया है. राइड कनेक्ट एडिशन की कीमत 1,01,944 रुपये रखी गई है, जबकि नए राइड कनेक्ट TFT एडिशन की कीमत 1,13,220 रुपये है. इसके अलावा, बर्गमैन स्ट्रीट EX वेरिएंट भी 1,07,902 रुपये में बिक्री के लिए उपलब्ध रहेगा. इस तरह कंपनी ने अलग-अलग बजट और जरूरत के ग्राहकों को ध्यान में रखते हुए पूरी रेंज तैयार की है.
डिजाइन और स्टाइल में बड़ा बदलाव
नए मॉडल में “स्लीक मॉडर्न” डिजाइन थीम अपनाई गई है, जो इसे पहले से ज्यादा स्टाइलिश बनाती है. इसमें शार्प बॉडीवर्क, स्प्लिट LED हेडलैंप, LED टेल लैंप, कॉम्पैक्ट इंडिकेटर, स्मोक्ड विंडस्क्रीन और मेटैलिक फिनिश एम्ब्लेम दिए गए हैं. इसका मैक्सी-स्कूटर स्टांस पहले जैसा ही रखा गया है, लेकिन अब इसमें ज्यादा प्रीमियम फील देखने को मिलती है.
TFT और कीलेस फीचर्स से लैस
इस बार सबसे बड़ा अपडेट फीचर्स में देखने को मिला है. नए TFT वेरिएंट में 4.2 इंच का कलर TFT डिस्प्ले दिया गया है, जो सुजुकी राइड कनेक्ट फीचर्स के साथ आता है. साथ ही इसमें कीलेस इग्निशन सिस्टम, रिमोट फॉब और आंसर-बैक फंक्शन जैसे एडवांस फीचर्स शामिल किए गए हैं. इसके अलावा USB चार्जिंग पोर्ट, ड्यूल स्टोरेज, ड्यूल यूटिलिटी हुक, इंजन स्टार्ट/स्टॉप सिस्टम और साइड स्टैंड इंटरलॉक जैसे फीचर्स इसे और प्रैक्टिकल बनाते हैं.
बेहतर कंफर्ट और ज्यादा स्पेस
राइडिंग कंफर्ट को ध्यान में रखते हुए स्कूटर में लंबी और कुशनिंग वाली सीट दी गई है. फ्लेक्सिबल फ्लोरबोर्ड और फ्रंट फुटरेस्ट लंबी दूरी के लिए आरामदायक बनाते हैं. इसमें 24.6 लीटर का अंडरसीट स्टोरेज और 5.5 लीटर का फ्यूल टैंक दिया गया है, जिसमें टेल-माउंटेड फ्यूल लिड के जरिए रिफ्यूलिंग आसान हो जाती है.
इंजन और परफॉर्मेंस
2026 बर्गमैन स्ट्रीट में 124cc का सिंगल-सिलेंडर, एयर-कूल्ड इंजन दिया गया है, जो 6.2 किलोवॉट पावर और 10.2 न्यूटन मीटर टॉर्क जनरेट करता है. इस बार टॉर्क में हल्का सुधार किया गया है, जिससे लो और मिड-रेंज परफॉर्मेंस बेहतर होती है और सिटी राइडिंग ज्यादा स्मूद बनती है. सस्पेंशन के लिए इसमें टेलिस्कोपिक फ्रंट और स्विंगआर्म रियर सेटअप दिया गया है, जबकि सेफ्टी के लिए CBS शामिल है.
यह भी पढ़ें: जंग के बाद LPG इंपोर्ट में 40% कमी, अब इन देशों से हो रही है सबसे ज्यादा खरीद, अमेरिका टॉप पर; चेक करें लिस्ट