Toyota Innova Hycross Facelift में मिलेंगे बड़े बदलाव, पहली बार दिखा नया लुक

टोयोटा इनोवा हाईक्रॉस फेसलिफ्ट का पहला टीजर जारी हो गया है. कंपनी इसे 25 नवंबर 2026 को भारत में लॉन्च करेगी. नई एमपीवी में अपडेटेड हेडलाइट्स, नई ग्रिल, बड़े डिजिटल डिस्प्ले और बदला हुआ इंटीरियर मिलने की उम्मीद है. इसका सबसे बड़ा आकर्षण फ्लेक्स फ्यूल स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड इंजन हो सकता है, जो ज्यादा इथेनॉल मिश्रित ईंधन पर चलेगा.

टोयोटा इनोवा हाईक्रॉस फेसलिफ्ट Image Credit:

टोयोटा अपनी लोकप्रिय 7-सीटर एमपीवी इनोवा हाईक्रॉस को नए अवतार में पेश करने की तैयारी कर रही है. कंपनी ने नई इनोवा हाईक्रॉस फेसलिफ्ट का पहला टीजर जारी कर दिया है. इसमें नई डिजाइन वाली हेडलाइट्स की झलक देखने को मिली है. नई एमपीवी को भारत में 25 नवंबर 2026 को लॉन्च किया जाएगा. इसमें एक्सटीरियर से लेकर इंटीरियर और इंजन तक में कई बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं.

नए डिजाइन में दिखेगी टोयोटा इनोवा हाईक्रॉस

टोयोटा के टीजर में नई इनोवा हाईक्रॉस की हेडलाइट्स की झलक दिखाई गई है. इसमें एलईडी डीआरएल का नया डिजाइन देखने को मिलेगा, जो टोयोटा टैसर से मिलता-जुलता हो सकता है. इसके अलावा कार में नई फ्रंट ग्रिल, अपडेटेड बंपर और नए डिजाइन के अलॉय व्हील मिलने की उम्मीद है. पीछे की तरफ टेललाइट्स और बंपर में भी बदलाव किए जा सकते हैं. हालांकि, कार का ओवरऑल डिजाइन और साइड प्रोफाइल मौजूदा मॉडल जैसा ही रहने की संभावना है.

इंटीरियर में मिल सकती है बड़ी स्क्रीन

नई इनोवा हाईक्रॉस के केबिन में भी कई बदलाव देखने को मिल सकते हैं. इसमें मौजूदा 10.1 इंच की जगह 12.3 इंच का बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया जा सकता है. इसके साथ 12.3 इंच का डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले मिलने की भी उम्मीद है. कंपनी सीटों की नई अपहोल्स्ट्री और इंटीरियर के लिए नए कलर ऑप्शन भी दे सकती है. इन बदलावों से कार का केबिन पहले के मुकाबले ज्यादा प्रीमियम और आधुनिक हो सकता है.

फ्लेक्स फ्यूल हाइब्रिड इंजन होगा सबसे बड़ा बदलाव

नई इनोवा हाईक्रॉस का सबसे बड़ा आकर्षण इसका फ्लेक्स फ्यूल स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड इंजन हो सकता है. टोयोटा इसमें मौजूदा 2.0 लीटर पेट्रोल इंजन का अपडेटेड वर्जन दे सकती है, जिसे ज्यादा इथेनॉल मिश्रित ईंधन पर चलने के लिए तैयार किया जाएगा. केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने भी टोयोटा की E100 इथेनॉल से चलने वाली इनोवा हाईक्रॉस को लेकर जानकारी दी है. हालांकि, कंपनी ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि भारत में लॉन्च होने वाला प्रोडक्शन मॉडल E85, E100 या किसी दूसरे इथेनॉल मिश्रण पर चलेगा. अगर यह तकनीक लॉन्च मॉडल में आती है तो यह भारत की पहली फ्लेक्स फ्यूल स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड पैसेंजर कारों में शामिल हो सकती है.

मौजूदा पेट्रोल और हाइब्रिड इंजन भी रहेंगे

फेसलिफ्ट मॉडल में मौजूदा 2.0 लीटर पेट्रोल इंजन का विकल्प जारी रहने की उम्मीद है. यह इंजन करीब 173 एचपी की पावर और 204 एनएम का टॉर्क जनरेट करता है. इसे सीवीटी गियरबॉक्स के साथ जोड़ा गया है. वहीं, स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड वर्जन में पेट्रोल इंजन के साथ इलेक्ट्रिक मोटर मिलती है. यह ई-सीवीटी ट्रांसमिशन के साथ आता है. नए मॉडल में इन इंजन विकल्पों को जारी रखने की संभावना है.

कितनी हो सकती है नई इनोवा हाईक्रॉस की कीमत?

फिलहाल भारतीय बाजार में टोयोटा इनोवा हाईक्रॉस की एक्स-शोरूम कीमत 19.53 लाख रुपये से 31.84 लाख रुपये के बीच है. फेसलिफ्ट मॉडल में नए फीचर्स और डिजाइन अपडेट मिलने के कारण इसकी कीमत में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है. नई इनोवा हाईक्रॉस की कीमत और वेरिएंट की पूरी जानकारी 25 नवंबर को लॉन्च के दौरान सामने आएगी.

यह भी पढ़ें- बिना बैरियर के टोल वसूली शुरू, FASTag में बैलेंस नहीं हुआ तो लगेगा झटका