EV खरीदने वालों की पहली पसंद बनी TVS! जुलाई के आंकड़े देखकर चौंक जाएंगे आप

TVS Motor ने जुलाई 2026 में 55,480 इलेक्ट्रिक वाहनों का रजिस्ट्रेशन कर अब तक की सबसे बड़ी मासिक EV बिक्री का रिकॉर्ड बनाया. कंपनी की कुल वाहन बिक्री भी 38% बढ़कर 6.30 लाख यूनिट रही, जिससे इलेक्ट्रिक दोपहिया बाजार में उसकी बढ़त और मजबूत हुई.

दोपहिया वाहन निर्माता TVS Motor Image Credit:

देश की प्रमुख दोपहिया वाहन निर्माता TVS Motor Company ने जुलाई 2026 में इलेक्ट्रिक वाहन (EV) बिक्री का नया रिकॉर्ड बना दिया है. VAHAN के आंकड़ों के अनुसार, कंपनी ने जुलाई में 55,480 इलेक्ट्रिक स्कूटरों का रजिस्ट्रेशन कराया, जो अब तक का सबसे बड़ा मासिक आंकड़ा है. इससे पहले कंपनी ने मार्च 2026 में 51,781 EV रजिस्ट्रेशन का रिकॉर्ड बनाया था. इस शानदार प्रदर्शन के साथ TVS ने इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार में अपनी मजबूत पकड़ और भी मजबूत कर ली है.

कुल बिक्री में भी शानदार उछाल

TVS Motor की कुल थोक बिक्री (Wholesales) भी जुलाई में रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई. कंपनी ने जुलाई 2026 में 6,29,675 वाहनों की बिक्री की, जो पिछले साल जुलाई के 4,56,350 यूनिट के मुकाबले 38 फीसदी अधिक है.

कंपनी की कुल दोपहिया बिक्री भी 38 फीसदी बढ़कर 6,03,138 यूनिट रही. वहीं, घरेलू बाजार में दोपहिया वाहनों की बिक्री 42 फीसदी बढ़कर 4,37,394 यूनिट पहुंच गई. यह पिछले साल इसी महीने बेची गई 3,08,720 यूनिट से काफी ज्यादा है.

इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग में जबरदस्त तेजी

TVS की इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बिक्री में सबसे ज्यादा तेजी देखने को मिली. कंपनी ने जुलाई 2026 में 60,934 इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन बेचे, जबकि जुलाई 2025 में यह आंकड़ा 23,605 यूनिट था. यानी कंपनी की EV बिक्री में 158 फीसदी की सालाना बढ़ोतरी दर्ज की गई.

विदेशी बाजार में भी कंपनी का प्रदर्शन मजबूत रहा. जुलाई में अंतरराष्ट्रीय कारोबार 29 फीसदी बढ़कर 1,84,264 यूनिट पर पहुंच गया. वहीं, तीन-पहिया वाहनों की बिक्री भी 51 फीसदी बढ़कर 26,537 यूनिट रही.

बजाज और एथर भी दौड़ में

जुलाई के VAHAN आंकड़ों के मुताबिक, बजाज ऑटो ने 45,592 इलेक्ट्रिक वाहनों का रजिस्ट्रेशन कराया और दूसरे स्थान पर रही. वहीं, Ather Energy ने 30,324 यूनिट के साथ तीसरा स्थान हासिल किया. हालांकि, रिकॉर्ड बिक्री के दम पर TVS फिलहाल इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार में सबसे मजबूत खिलाड़ी बनकर उभरी है.

यह भी पढ़ें- Honda Cars Discount: नई कार खरीदने पर 2.45 लाख तक की छूट! सस्ती मिल रही ये 4 गाड़ियां