डीमर्जर के बाद वेदांता का 100 अरब डॉलर का बड़ा प्लान, निवेशकों की होगी मौज!
लंबे समय से चर्चा में रहा वेदांता का डी-मर्जर अब पूरा हो चुका है. इस प्रक्रिया के तहत चार नई कंपनियों की लिस्टिंग भी हो गई है. वेदांता एल्यूमिनियम इनमें सबसे मूल्यवान साबित हुई, जिसकी लिस्टिंग ₹522 (एनएसई) और ₹527 (बीएसई) पर हुई. इस डी-मर्जर से कुल ₹63,500 करोड़ की वैल्यू अनलॉक हुई, जो पिछले कुछ महीनों में निवेशकों के पोर्टफोलियो में जुड़ गई है.
अनिल अग्रवाल का अगला बड़ा कदम वेदांता रिसोर्सेज की अमेरिकी बाजार में लिस्टिंग की संभावना है. उनका लक्ष्य वेदांता को मौजूदा ₹3,66,000 करोड़ से बढ़ाकर 100 अरब डॉलर (लगभग ₹9.5 लाख करोड़) का वैश्विक व्यापार समूह बनाना है. यह रणनीति कंपनी को केवल एक भारतीय मेटल कंपनी से एक ग्लोबल पावरहाउस में बदलने पर केंद्रित है. डी-मर्जर के माध्यम से अलग-अलग व्यवसायों जैसे ऑयल एंड गैस, एल्यूमिनियम, पावर और आयरन एंड स्टील को स्वतंत्र पहचान मिलेगी, जिससे उनकी वृद्धि की रफ्तार तेज होगी. अमेरिकी लिस्टिंग से वेदांता को दुनिया के सबसे बड़े पूंजी बाजार से निवेश आकर्षित करने और वैश्विक निवेशकों तक अपनी पहुंच बढ़ाने का अवसर मिलेगा. यह कदम कंपनी के विस्तार योजनाओं को नई ताकत देगा.
