Ground Report: LPG के लिए मारामारी, ₹2800 में हो रही 14 किलो गैस की कालाबाजारी; रात में भटकती रही महिला लेकिन नहीं मिला सिलेंडर
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच भारत में एलपीजी सप्लाई पर दबाव बढ़ गया है. कई शहरों में गैस सिलेंडर की कमी और कालाबाजारी की शिकायतें सामने आ रही हैं. नोएडा में गैस 200 रुपये प्रति किलो तक बिक रही है, जिससे 14.2 किलो का सिलेंडर करीब 2800 रुपये पड़ रहा है. ग्रामीण इलाकों में भी गैस के लिए लंबी लाइनें लग रही हैं.
Ground Report on LPG shortage: पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण भारत में एलपीजी सप्लाई पर दबाव बढ़ता जा रहा है. खाड़ी देशों से आने वाली गैस की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका के बीच कई शहरों में गैस सिलेंडर की किल्लत और कालाबाजारी की खबरें सामने आने लगी हैं. हालात ऐसे बन गए हैं कि सरकार को भी गैस सिलेंडर की बुकिंग पर 25 दिनों का कैप लगाना पड़ा है, ताकि सप्लाई को संतुलित किया जा सके. हालांकि इस फैसले के बाद कई जगहों पर गैस की कमी और ज्यादा महसूस की जा रही है. इसी बीच उत्तर प्रदेश के झांसी से भी एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है जिसने एलपीजी संकट को और गंभीर बना दिया है. यहां 524 गैस सिलेंडरों (17.33 लाख कीमत का) से भरा ट्रक चोरी हो गया. इस बीच Money9Live ने कई लोगों से बातचीत की है जिन्हें गैस सिलेंडर लेने के लिए अधिक पैसे देने पड़े.
2800 रुपये में पड़ रहा 14.2 किलोग्राम का LPG सिलेंडर
नोएडा के सेक्टर 126 में एलपीजी गैस की कालाबाजारी साफ दिखने लगी है. रिटेल में गैस बेचने वाले दुकानदार 200 रुपये प्रति किलो के हिसाब से एलपीजी गैस बेच रहे हैं. नोएडा के सेक्टर 126, रायपुर खादर (Raipur Khadar) में रहने वाली दीपिका चौहान जब गैस भरवाने घर के पास की दुकान पर पहुंचीं, तो दुकानदार ने उन्हें 200 रुपये प्रति किलो के हिसाब से गैस देने की बात कही. 200 रुपये प्रति किलो के हिसाब से 14.2 किलो के सिलेंडर की कीमत 2800 रुपये से अधिक हो जाती है. नोएडा में एलपीजी सिलेंडर की कीमत 900-950 रुपये चल रही हैं. यानी मुनाफाखोर गैस को तीन गुना से भी अधिक महंगी दर पर बेच रहे हैं. ना चाहते हुए भी दीपिका को गैस भरवानी पड़ी.
रात में भटकती रही लेकिन नहीं मिला सिलेंडर
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक सोसायटी में रहने वाली डिंपल कौर नामक गृहणी ने बताया कि बुधवार रात उन्हें ब्लैक में सिलेंडर लेने के लिए एक शख्स ने करीब 25 किलोमीटर दूर इंदिरापुरम बुलाया और वहां पहुंचने पर भी उन्हें गैस नहीं मिली. डिंपल के मुताबिक, गैस की किल्लत से कालाबाजारी करने वाले भी मनमाना पैसा वसूल रहे हैं. उन्होंने कहा कि वह 2000-2500 रुपये देने के लिए तैयार हैं बावजूद इसके भी उन्हें गैस नहीं मिली.
रोजी-रोटी पर संकट
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर 16बी में मोमोज का ठेला लगाने वाले राजू का कहना है कि सिलेंडर की किल्लत ने उनकी चिंता बढ़ा दी है. अभी उनके पास मौजूद सिलेंडर में जितना गैस है वो उससे अभी काम चला रहे हैं, लेकिन कालाबाजारी बढ़ने और सिलेंडर न मिलने से वो परेशान है. उन्होंने कहा कि हालात जल्द नहीं सुधरे तो रोजी-रोटी मुश्किल में पड़ जाएगी.
नहीं हो रही LPG सप्लाई
गाजियाबाद के प्रताप विहार में रिटेल में गैस बेचने वाले एक शख्स ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से LPG की सप्लाई नहीं हो रही है. उसने कहा, “मेरे यहां गरीब तबका एक किलो-2 किलो गैस लेने आता है. लेकिन उसे गैस नहीं मिल पा रही है. सामान्य दिनों में वह ब्लैक में 70-80 रुपये किलो में रेट में गैस खरीदता है. लेकिन इस समय वह 200 रुपये तक देने को तैयार है. लेकिन उन्हें LPG नहीं मिल पा रही है.”
ग्रामीण इलाके भी अछूते नहीं
अयोध्या जिले के निवासी संदीप कुमार नामक युवक ने बताया कि ग्रामीण इलाकों में भी गैस की दिक्कत बढ़ गई है. संदीप के मुताबिक, गैस एजेंसियों के बाहर लंबी लाइन लग रही है और घंटों के इंतजार के बाद भी निराशा हाथ लग रही है. उन्होंने बताया कि उनके पड़ोसी की बुधवार को अचानक गैस खत्म हो गई जिसके बाद घर से करीब 30 किलोमीटर दूर उन्हें ब्लैक में गैस लेने जाना पड़ा और उनको 14.2 किलोग्राम के सिलेंडर के लिए 1500 रुपये भी देने पड़े जबकि सिलेंडर की कीमत करीब 950 रुपये है.
इसे भी पढ़ें: LPG and Petrol price today: LPG, पेट्रोल और डीजल की आज क्या है कीमतें; जानें अपने शहर के लेटेस्ट रेट
