पहली बार प्राइवेट सेक्टर के लिए खुल सकता है BSNL CMD का पद, सरकार बाहरी विकल्प पर कर रही विचार
BSNL: इस मामले की जानकारी रखने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि BSNL को चलाने के लिए किसी अनुभवी निजी व्यक्ति को लाने के विकल्प पर विचार किया जा रहा है. यह कदम PK पुरवार के जाने के बाद, एक पूर्णकालिक प्रमुख की नियुक्ति में महीनों की देरी के बाद उठाया जा सकता है.

BSNL: सरकार भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) को प्राइवेट सेक्टर से चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर (CMD) नियुक्त करने की इजाजत दे सकती है. अगर ऐसा होता है, तो यब अब तक चली आ रही है परंपरा के विपरीत होगा और सरकारी टेलीकॉम कंपनी में एक बड़ा बदलाव होगा. ईटी की रिपोर्ट के अनुसार, यह कदम PK पुरवार के जाने के बाद, एक पूर्णकालिक प्रमुख की नियुक्ति में महीनों की देरी के बाद उठाया जा सकता है.
दूरसंचार विभाग (DoT) में उप महानिदेशक (स्टैंडर्ड, रिसर्च और इनोवेशन) रॉबर्ट जे रवि 13 जुलाई 2024 से BSNL के CMD के रूप में अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे हैं.
आने वाले हफ्तों आ सकता है फैसला
इस मामले की जानकारी रखने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि BSNL को चलाने के लिए किसी अनुभवी निजी व्यक्ति को लाने के विकल्प पर विचार किया जा रहा है. इस पद के लिए एक निष्पक्ष और पारदर्शी प्रक्रिया होगी, जिसमें पात्रता की शर्तें साफ तौर पर तय होंगी. उस व्यक्ति ने आगे कहा कि आने वाले हफ्तों में अंतिम फैसला आने की उम्मीद है.
10 से उम्मीदवारों का इंटरव्यू
पिछले साल BSNL ने 10 से ज्यादा उम्मीदवारों का इंटरव्यू लिया था, ज्यादातर डायरेक्टर, प्रिंसिपल या चीफ जनरल मैनेजर के लेवल के, लेकिन किसी की भी नियुक्ति सुनिश्चित नहीं की.
एक अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर बताया कि कुछ डायरेक्टर, जो इस पद के लिए योग्य हो सकते थे, अभी जांच के दायरे में हैं और उनके खिलाफ चार्जशीट भी दायर की गई है. हालांकि, अब तक किसी भी अधिकारी को दोषी नहीं पाया गया है.
ET की रिपोर्ट के मुताबिक, पुरवार, जिनका पांच साल का कार्यकाल जुलाई 2024 में पूरा हुआ भी उन लोगों में शामिल थे जिनके खिलाफ चार्जशीट दायर की गई थी.
अधिकारी ने कहा कि इस तरह की रेगुलेटरी कार्रवाई से कर्मचारियों का मनोबल गिरा है और यह भी जोड़ा कि किसी बाहरी उम्मीदवार को नियुक्त करने से कुछ चुनौतियां खड़ी हो सकती हैं.
रवि को कई बार मिला एक्सटेंशन
सरकार इस पद को इंटरनल तौर भरने की कोशिश कर रही है, लेकिन अगर कोई सही उम्मीदवार नहीं मिलता है, तो इसे प्राइवेट सेक्टर के लिए भी खोला जा सकता है. रवि को उनके अतिरिक्त प्रभार के लिए कई बार एक्सटेंशन मिला है. सबसे हालिया एक्सटेंशन 15 अप्रैल 2026 से तीन महीने के लिए है.
उनके कार्यकाल के दौरान, BSNL ने एक स्वदेशी 4G नेटवर्क शुरू किया, जिसके तहत टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के नेतृत्व वाले एक कंसोर्टियम के जरिए 1,00,000 साइटें लगाई गईं.
BSNL का वित्तीय प्रदर्शन
आर्थिक मोर्चे पर, BSNL ने वित्त वर्ष 25 की तीसरी और चौथी तिमाही में लगातार 262 करोड़ रुपये और 280 करोड़ रुपये का तिमाही मुनाफा दर्ज किया, लेकिन उसके बाद कंपनी को फिर से घाटा होने लगा. वित्त वर्ष 26 की तीसरी तिमाही में, जो कि रिपोर्ट की गई सबसे ताजा अवधि है, कंपनी को लगभग 1,306 करोड़ रुपये का नेट लॉस हुआ.