Budget 2027: 12 अक्टूबर से शुरू होंगी प्री बजट बैठकें, 6 अक्टूबर तक देनी होगी ये जानकारी

वित्त मंत्रालय ने बजट 2027 28 की तैयारी शुरू कर दी है. इसके लिए प्री बजट बैठकें 12 अक्टूबर से शुरू होंगी और 13 नवंबर तक चलेंगी. इन बैठकों में वित्त वर्ष 2026 27 के संशोधित अनुमान और 2027 28 के बजट अनुमान पर चर्चा होगी. सभी मंत्रालयों और विभागों को जरूरी जानकारी 6 अक्टूबर तक जमा करनी होगी. बजट अगले साल 1 फरवरी को पेश होने की संभावना है. इसमें रोजगार, घरेलू मांग और आर्थिक सुधारों पर जोर रहने की उम्मीद है.

बजट 2027 की तैयारी के लिए 12 अक्टूबर से प्री बजट बैठकें शुरू होंगी. Image Credit: Canva, tv9

वित्त मंत्रालय ने अगले वित्त वर्ष के आम बजट की तैयारी शुरू कर दी है. केंद्रीय बजट 2027-28 के लिए प्री बजट बैठकों का सिलसिला 12 अक्टूबर से शुरू होगा. वित्त मंत्रालय के बजट विभाग की ओर से 23 सितंबर को जारी नोटिस के मुताबिक ये बैठकें 13 नवंबर तक चलेंगी. इन बैठकों में वित्त वर्ष 2026-27 के संशोधित अनुमान और वित्त वर्ष 2027-28 के बजट अनुमान पर चर्चा की जाएगी. सभी मंत्रालयों और विभागों को जरूरी जानकारी 6 अक्टूबर तक जमा करनी होगी. इन बैठकों के पूरा होने के बाद बजट अनुमान को शुरुआती तौर पर अंतिम रूप दिया जाएगा.

12 अक्टूबर से शुरू होंगी प्री बजट बैठके

वित्त मंत्रालय के बजट विभाग ने सभी मंत्रालयों और विभागों को प्री बजट बैठकों का कार्यक्रम भेज दिया है. इन बैठकों की शुरुआत 12 अक्टूबर से होगी और इसकी अध्यक्षता व्यय सचिव करेंगे. बैठक में अलग- अलग मंत्रालयों और विभागों के ग्रांट और खर्च से जुडे़ प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी. मंत्रालयों और विभागों को अपने खर्च और बजट जरूरतों से जुड़ी जरूरी जानकारी पहले से तैयार करने को कहा गया है. इस प्रक्रिया का मकसद अगले वित्त वर्ष के लिए सरकार के खर्च का शुरुआती खाका तैयार करना है.

6 अक्टूबर तक देनी होगी जरूरी जानकारी

सभी मंत्रालयों और विभागों को बैठक से पहले जरूरी आंकडे़ और जानकारी 6 अक्टूबर तक जमा करनी होगी. इस जानकारी के आधार पर वित्त मंत्रालय वित्त वर्ष 2026-27 के संशोधित अनुमान की समीक्षा करेगा. इसके साथ ही वित्त वर्ष 2027-28 के लिए बजट अनुमान पर भी चर्चा होगी. मंत्रालयों की ओर से मांगे गए बजट और उनके खर्च की जरूरतों को देखते हुए आगे की योजना तैयार की जाएगी.

13 नवंबर तक चलेगा बैठकों का दौर

प्री बजट बैठकों का पूरा कार्यक्रम करीब एक महीने का है. 12 अक्टूबर से शुरू होने वाली ये बैठकें 13 नवंबर तक चलेंगी. इस दौरान अलग-अलग मंत्रालयों और विभागों के साथ उनकी बजट जरूरतों को लेकर चर्चा होगी. वित्त मंत्रालय इन प्रस्तावों को सरकार की आय और खर्च की स्थिति के साथ मिलाकर देखेगा. बैठकों में मिली जानकारी के आधार पर वित्त वर्ष 2027 28 के बजट अनुमान को शुरुआती तौर पर अंतिम रूप दिया जाएगा. इसके बाद बजट तैयार करने की अगली प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.

फरवरी में पेश हो सकता है बजट

बजट 2027 28 अगले साल 1 फरवरी को संसद में पेश किए जाने की संभावना है. यह मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल का चौथा बजट होगा. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण लगातार दसवीं बार आम बजट पेश कर सकती हैं. हालांकि बजट पेश करने की अंतिम तारीख की औपचारिक घोषणा बाद में होगी. प्री बजट बैठकों के बाद सरकार बजट में शामिल किए जाने वाले खर्च और नीतिगत प्रस्तावों पर आगे काम करेगी.

ये भी पढ़ें- गौतम अडानी की बादशाहत, दौलत के मामले में मुकेश अंबानी छूटे पीछे, टॉप 5 में इस महिला ने बनाई जगह

रोजगार और घरेलू मांग पर रह सकता है जोर

अगले बजट की तैयारी ऐसे समय हो रही है जब वैश्विक अर्थव्यवस्था कई चुनौतियों से गुजर रही है. पश्चिम एशिया में जारी संकट से वैश्विक आपूर्ति व्यवस्था पर असर पड रहा है. कच्चे तेल की ऊंची कीमतें भी भारत समेत कई अर्थव्यवस्थाओं के लिए चुनौती बनी हुई हैं. इसके बावजूद भारत की घरेलू अर्थव्यवस्था में मजबूत वृद्धि की उम्मीद है. वित्त वर्ष 2026 27 की पहली तिमाही में भारत की आर्थिक वृद्धि दर 7.8 फीसदी रही है.