डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा दावा, बोले- ‘होर्मुज पर अमेरिका का पूरा कंट्रोल; पूरी तरह से ढह रही ईरान की अर्थव्यवस्था

ट्रुथ सोशल पर किए गए एक पोस्ट में ट्रंप ने ABC न्यूज की उस रिपोर्ट को खारिज कर दिया जिसमें कहा गया था कि वह ईरान को बातचीत की मेज पर वापस लाने की कोशिश कर रहे हैं. इसके बाद ट्रंप ने सीधे तौर पर ईरानी आबादी से सरकार को चुनौती देने का आह्वान किया.

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप. Image Credit: money9live

Highlights

  • ट्रंप ने बातचीत की कोशिश की रिपोर्ट को किया खारिज.
  • वैश्विक तेल की कीमतों में $4 प्रति बैरल से अधिक की बढ़ोतरी हुई.
  • ट्रंप ने ईरानी आबादी से सरकार को चुनौती देने का आह्वान किया.

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि अब स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर वॉशिंगटन का ‘लगभग पूरा कंट्रोल’ है और ईरान की अर्थव्यवस्था ‘पूरी तरह से ढह रही है’. यह बात ऐसे समय में कही गई है जब दोनों देशों के बीच हमलों का दौर तेज होने के साथ तनाव भी बढ़ रहा है.

बातचीत की कोशिश की रिपोर्ट को किया खारिज

ट्रुथ सोशल पर किए गए एक पोस्ट में ट्रंप ने ABC न्यूज की उस रिपोर्ट को खारिज कर दिया जिसमें कहा गया था कि वह ईरान को बातचीत की मेज पर वापस लाने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि उन्हें ईरान को किसी समझौते के लिए मजबूर करने में कोई दिलचस्पी नहीं है.

ट्रंप ने कहा, ‘मैं ईरान को बातचीत की मेज पर लाने के लिए मजबूर नहीं कर रहा हूं, जैसा कि ABC फेक न्यूज ने बताया है. अगर वे कोई ऐसा समझौता करते हैं जो उनके लिए बेकार है, तो मुझे उससे कोई फर्क नहीं पड़ता.’

उन्होंने आगे कहा कि उन्हें मौजूदा हालात ज्यादा पसंद हैं, जिसमें उनके शब्दों में ‘होर्मुज जलडमरूमध्य पर लगभग पूरा नियंत्रण’ है और ईरान की अर्थव्यवस्था ‘पूरी तरह से ढह रही है’. वे बस वही कर रहे हैं जो होना ही है.

इसके बाद ट्रंप ने सीधे तौर पर ईरानी आबादी से सरकार को चुनौती देने का आह्वान किया. कहा, ‘ईरानी लोग कब उठेंगे और लड़ेंगे?’

नए हमले की शुरुआत

ट्रंप का यह बयान तब आया जब मंगलवार को अमेरिका ने ईरान के ठिकानों पर कई हवाई हमले किए, जिसके जवाब में तेहरान ने जॉर्डन, बहरीन और इराक में अमेरिकी संपत्तियों और ठिकानों पर जवाबी कार्रवाई की. ये नए हमले वीकेंड में हुई गोलीबारी और सोमवार को होर्मुज से निकल रहे दो टैंकरों पर हुए हमलों के बाद हुए.

क्रूड की कीमतों में इजाफा

नतीजतन, मंगलवार को वैश्विक तेल की कीमतों में $4 प्रति बैरल से अधिक की बढ़ोतरी हुई और कीमतें पांच हफ्ते के उच्चतम स्तर पर पहुंच गईं.

होर्मुज को लेकर गतिरोध और बढ़ा

इस ताजा तनाव ने होर्मुज को लेकर गतिरोध और बढ़ा दिया है. होर्मुज एक अहम वैश्विक ऊर्जा मार्ग है जिसे ईरान ने शिपिंग के लिए असल में बंद कर दिया है. इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने कहा कि अमेरिकी हमलों से इस रणनीतिक जलमार्ग पर ‘पकड़ और मजबूत’ होगी.

ईरान की चेतावनी

ईरान के अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि अगर तेहरान को खाड़ी के जरिए तेल निर्यात करने से रोका गया, तो कोई दूसरा देश भी ऐसा नहीं कर पाएगा.

युद्धविराम की संभावना खारिज

इस बीच ट्रंप ने एक और युद्धविराम की संभावना को खारिज कर दिया है. उन्होंने कहा कि ईरान के साथ समझौते का कोई मूल्य नहीं है और ईरान को पहले ही काफी मौके दिए जा चुके हैं.

अमेरिका और ईरान के बीच यह ताजा टकराव महीनों से चले आ रहे तनाव और जून में हुए उस समझौते के बाद हुआ है जो जल्द ही टूट गया था, होर्मुज पर नियंत्रण इस विवाद के मुख्य मुद्दों में से एक था.

यह भी पढ़ें: Anthropic की 35 अरब डॉलर की बड़ी डील, Nvidia की Lambda से बढ़ाएगी AI कंप्यूटिंग क्षमता