E20 Petrol से गाड़ियों के इंजन को नहीं है खतरा! तेल कंपनियों की जांच में नहीं मिली कोई खराबी
पिछले कुछ समय से E20 Petrol को लेकर दावे किए जा रहे हैं कि पेट्रोल में पानी की मिलावट और ज्यादा क्लोराइड है, तेल कंपनियों ने इन दावों की जांच कर सफाई दी है कि जांच में फिलहाल किसी भी तरह की कोई गड़बड़ी नहीं मिली है.

E20 Petrol की गुणवत्ता को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं, इन सभी सवालों के जवाब में अब हिंदुस्तान पेट्रोलियम, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन और भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन ने सफाई देते हुए कहा कि ई20 पेट्रोल में पानी की मिलावट और ज्यादा क्लोराइड को लेकर जो दावे किए जा रहे थे उन दावों की जांच की गई है. जांच में अभी तक कोई भी गड़बड़ी नहीं मिली है और सप्लाई चेन में फ्यूल की क्वालिटी तय लिमिट के अंदर ही रही.
OMCs (IOC, BPCL और HPCL) ने कहा कि सरकार ने पेट्रोल ब्लेंडिंग में इस्तेमाल होने वाले इथेनॉल के लिए कड़े क्लोराइड स्पेसिफिकेशन्स तय किए हैं और कम्प्लायंस पक्का करने के लिए रिफाइनरियों, डिस्टिलरियों, डिपो, टर्मिनलों और रिटेल आउटलेट्स पर हाई-फ्रीक्वेंसी मॉनिटरिंग शुरू की है.ऑयल कंपनियों का कहना है कि जांच के दौरान ई20 पेट्रोल की क्वालिटी तय मानकों के मुताबिक ही मिली, ऐसे में लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है. इसका मतलब ये भी है कि ई20 पेट्रोल से इंजन के भी खराबी का कोई खतरा नहीं है.
रिफाइनरी से लिए गए सैंपल की भी हुई जांच
कंपनियों के मुताबिक, रिफाइनरियों से लिए गए 100 से ज्यादा पेट्रोल सैंपल में क्लोराइड का लेवल 1 पार्ट पर मिलियन (ppm) या उससे कम पाया गया, जबकि पिछले 10 दिनों में टेस्ट किए गए 80 डिस्टिलरी के इथेनॉल सैंपल में क्लोराइड की मात्रा 3 ppm से कम पाई गई है.
डिपो से लिए सैंपल भी हुए पास
देश भर के डिपो और टर्मिनल से लिए गए 80 से ज्यादा सैंपल में भी क्लोराइड का लेवल 3 ppm से कम पाया गया है. कंपनियों ने कहा कि रिटेल लेवल पर, पिछले कुछ दिनों में इकट्ठा किए गए 160 से ज्यादा E20 सैंपल में क्लोराइड का लेवल 0-3 ppm रेंज में रिकॉर्ड किया गया, जबकि कई सौ ppm का दावा किया जा रहा था. इसका मतलब ये हुआ कि सभी दावे बेबुनियाद हैं.
पेट्रोल में पानी का सबूत नहीं
कंपनियों ने यह भी कहा कि लगभग 90,000 रिटेल आउटलेट्स पर अंडरग्राउंड स्टोरेज टैंक का इंस्पेक्शन शुरू हो गया है और दिन में 8 से 12 बार चेक किया जा रहा है. उन्होंने आगे कहा कि अभी तक स्टोरेज टैंक में पानी घुसने का कोई सबूत नहीं मिला है.
तेल मंत्री ने कही थी ये बात
हाल ही में तेल मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने E20 फ्यूल की क्वालिटी पर चिंताओं को खारिज करते हुए कहा था कि भारत के इथेनॉल ब्लेंडिंग प्रोग्राम को लेकर विवाद पैदा करने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने कहा कि 28 जुलाई के एक लेटर में फ्यूल की क्वालिटी पर ऑफिशियली चिंता जताए जाने से करीब दो हफ्ते पहले मिनिस्ट्री ने टेस्टिंग शुरू कर दी थी.
ये भी पढ़ें- पायलटों की बल्ले-बल्ले! Air India ने पे-स्ट्रक्चर किया रिवाइज, 17% तक बढ़ गई सैलरी