इटरनल के मुनाफे में 92 फीसदी का उछाल, जोमैटो और ब्लिंकिट की पैरेंट कंपनी का रेवेन्यू ₹24138 करोड़ हुआ
Eternal Q2 results: सितंबर में खत्म हुई तिमाही में, गुरुग्राम बेस्ड इस कंपनी का कुल खर्च 75% बढ़कर 24,166 करोड़ रुपये हो गया. इसके अलावा, 'इटरनल' ने अपने 'गोइंग-आउट इंडिया' (Going-out India) बिजनेस के इंटरन रिस्ट्रक्चरिंग की घोषणा की है.

Eternal Q2 results: जोमैटो और ब्लिंकिट की पैरेंट कंपनी, इटरनल लिमिटेड का मुनाफा वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में जोरदार बढ़ा है. बुधवार को कंपनी ने अपने वित्तीय आंकड़े जारी कर दिए. कंपनी ने बताया कि 30 सितंबर 2026 को समाप्त हुई तिमाही में उसका नेट प्रॉफिट 92 फीसदी बढ़कर 125 करोड़ रुपये हो गया है, जबकि पिछले साल की इसी अवधि में यह 65 करोड़ रुपये था. कंपनी ने पिछली तिमाही में 92 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट दर्ज किया था.
21 अक्टूबर को इटरनल के शेयर 3.5% गिरकर 308.8 रुपये प्रति शेयर पर बंद हुए.
रेवेन्यू में जोरदार उछाल
Q2 में ऑपरेशंस से ‘इटरनल’ (Eternal) का रेवेन्यू सालाना आधार पर 78% बढ़कर 24,138 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले 13,590 करोड़ रुपये था. पिछली तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 20,211 करोड़ रुपये रहा था.
75 फीसदी बढ़ा कंपनी का खर्च
सितंबर में खत्म हुई तिमाही में, गुरुग्राम बेस्ड इस कंपनी का कुल खर्च 75% बढ़कर 24,166 करोड़ रुपये हो गया. एक साल पहले यह खर्च 13,813 करोड़ रुपये था और पिछली तिमाही में 20,314 करोड़ रुपये था.
तिमाही-दर-तिमाही आंकड़े
तिमाही-दर-तिमाही (QoQ) आधार पर, Q1FY27 में दर्ज 92 करोड़ रुपये के मुकाबले नेट प्रॉफिट 36% बढ़कर आ गया है, जबकि पिछले तिमाही के 20,211 करोड़ रुपये के मुकाबले ऑपरेशंस से रेवेन्यू 19.4% बढ़ गया है.
Q2FY27 में EBITDA (ब्याज, टैक्स, डेप्रिसिएशन और अमोर्टाइजेशन से पहले की कमाई) 26.6% QoQ बढ़कर 752 करोड़ रुपये हो गया, जबकि Q1FY27 में यह 594 करोड़ रुपये था. EBITDA मार्जिन पिछली तिमाही के 2.95% से बढ़कर 3.15% हो गया है.
कंपनी की प्लानिंग
कंपनी ने बताया कि उसकी योजना मार्च 2028 तक ब्लिंकिट (Blinkit) के स्टोर नेटवर्क को बढ़ाकर 5,000 आउटलेट करने, मर्ज होने वाली ‘माईगेट’ (Mygate) इकाई में 4.4% हिस्सेदारी हासिल करने और 2026 के अंत तक ‘डार्क.AI’ (Dark.AI) को वैश्विक स्तर पर लॉन्च करने की है.
इसके अलावा, ‘इटरनल’ ने अपने ‘गोइंग-आउट इंडिया’ (Going-out India) बिजनेस के इंटरन रिस्ट्रक्चरिंग की घोषणा की है. इसके तहत, इस बिजनेस को ‘स्लंप सेल’ (slump sale) के जरिए उसकी पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी, ‘ज़ोमैटो एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड’ (ZEPL) को ट्रांसफर किया जाएगा.
इसके साथ ही समूह के कॉरपोरेट स्ट्रक्चर को सुव्यवस्थित करने और ऑपरेशनल तालमेल (synergies) हासिल करने के लिए, दो अन्य सहायक कंपनियों-‘ऑर्बजेन टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड’ और ‘वेस्टलैंड एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड’- के बिजनेस को भी ZEPL में मिलाने का प्रस्ताव है.