Jantar Mantar Chalo: बिना सड़क पर उतरे बने ‘आंदोलनकारी या पुलिस’, घर बैठे ऐसे खेल सकते हैं गेम
जंतर मंतर चलो नाम का एक गेम तेजी से वायरल हो रहा है, इस गेम को उत्तर प्रदेश के बरेली में रहने वाले 27 साल के IT प्रोफेशनल सूरज कुशवाह ने बनाया है. क्या है ये गेम और इस गेम को आप घर बैठे कैसे खेल सकते हैं, चलिए जानते हैं.
Highlights
- दिल्ली प्रदर्शन पर नया वीडियो गेम.
- बरेली के आईटी प्रोफेशनल ने बनाया गेम.
- प्रदर्शनकारी या पुलिस के रोल में खेल सकते हैं गेम.
Jantar Mantar Chalo Game: क्या सड़कों पर उतरे बिना या दिल्ली जाए बिना किसी प्रोटेस्ट में हिस्सा ले सकते हैं? इसका जवाब है हां, रुकिए अगर आप असल में प्रोटेस्ट में हिस्सा लेने से इसे कनेक्ट कर रहे हैं तो ऐसा नहीं है. दरअसल कुछ समय पहले दिल्ली में हुए प्रोटेस्ट पर एक नया वीडियो गेम बन गया है जो प्लेयर्स को प्रदर्शन का अनुभव करने का मौका देता है. इस गेम में जंतर-मंतर तक पहुंचने की कोशिश कर रहे प्रोटेस्टर या उन्हें रोकने की कोशिश कर रहे पुलिस ऑफिसर किसी भी कैरेक्टर को चुन सकते हैं.
यह गेम देश की राजधानी में विरोध प्रदर्शनों की एक सीरीज के बीच आया है. एक युवा टेक्नोलॉजी प्रोफेशनल का बनाया यह गेम, प्रदर्शन आयोजित करने की चुनौतियों को एक गेमिंग एक्सपीरियंस में बदल देता है, जिससे प्लेयर्स प्रोटेस्ट में फिजिकली शामिल हुए बिना वर्चुअली अपनी असहमति जाहिर कर सकते हैं.
किसने बनाया है ये गेम?
जंतर-मंतर चलो नाम के इस गेम को उत्तर प्रदेश के बरेली में रहने वाले 27 साल के IT प्रोफेशनल सूरज कुशवाह ने बनाया है. यह गेम उन मुश्किलों का मजाक उड़ाता है जो प्रदर्शनकारियों को पुलिस की नाकाबंदी, सड़क बंद होने और पब्लिक ट्रांसपोर्ट के बंद होने के बीच राजधानी के मुख्य प्रोटेस्ट साइट जंतर मंतर तक पहुंचने में होती है.
प्लेयर्स काफिला या जुलूस बना सकते हैं, चेकपॉइंट से बचकर प्रदर्शन कर सकते हैं या साइड बदलकर भीड़ को हटाने के लिए डंडे और आंसू गैस का इस्तेमाल कर सकते हैं. रॉयटर्स के मुताबिक, कुशवाह ने कहा, जो भी खबर आ रही थी, वह एक तरह से सर्कस जैसी थी. लोग जंतर मंतर पहुंचने की कोशिश कर रहे थे और उन्हें हिरासत में लिया जा रहा था और मैंने इसे एक 3D गेम की तरह सोचा था. इस गेम को https://mantarjantar.com/ पर खेल सकते हैं.
गेम में क्या करना होता है?
प्लेयर्स दो रोल चुन सकते हैं, आंदोलनकारी या दिल्ली पुलिस ऑफिसर. एक प्रोटेस्टर के तौर पर, मकसद जंतर-मंतर पहुंचना, जुलूस में शामिल होने के लिए लोगों को इकट्ठा करना, बैरिकेड तोड़ना और तय प्रोटेस्ट एरिया के बीच में जितना हो सके उतना देर तक धरना देना है. एक बड़ा काफिला बनाने से गेम में आगे बढ़ना आसान हो जाता है.
यह सफर रुकावटों से भरा है जो दिल्ली में प्रदर्शनों से जुड़ी चुनौतियों को दिखाता है. प्लेयर्स को मेट्रो स्टेशन के गेट बंद होने, लाठीचार्ज और इंटरनेट कनेक्टिविटी में रुकावट के बारे में नोटिफिकेशन मिलता है. गड़बड़ वाले पॉप-अप नेटवर्क आउटेज की नकल करते हैं, जिससे वर्चुअल मार्च में और मुश्किल आ जाती है. हिरासत में लेना भी गेमप्ले का हिस्सा है जो प्लेयर्स पुलिस से बचने में नाकाम रहते हैं, उन्हें नरेला या कपासहेड़ा बॉर्डर जैसी जगहों पर ले जाया जा सकता है.
गेम में गमछा, गोलगप्पे और डिटेंशन सेंटर का रोल
यह गेम पॉलिटिकल सटायर को दिल्ली की रोजमर्रा की जिंदगी के एलिमेंट्स के साथ मिलाती है. प्लेयर्स थोड़ी देर के लिए चाय की दुकान पर रुक सकते हैं या अपना स्टैमिना फिर से भरने के लिए गोलगप्पे खा सकते हैं. CCTV कैमरों से बचने के लिए गमछे का इस्तेमाल एक टूल की तरह किया जा सकता है. गेम में टेम्पररी डिटेंशन सेंटर भी हैं, जिसमें बुराड़ी और कपासहेड़ा ग्राउंड जैसी जगहें वर्चुअल प्रोटेस्ट का हिस्सा बनती है. आस-पास की जगहें सोशल कमेंट्री की एक और लेयर देती हैं. गड्ढे, ओवरफ्लो होते कूड़ेदान और सड़कों को ब्लॉक करती गायें जंतर-मंतर के रास्ते में रुकावटें बन जाती हैं, जबकि सड़क किनारे खाने के स्टॉल आराम के पल देते हैं.
पुलिस के रोल में क्या?
यह गेम दिल्ली पुलिस का साथ चुनने वालों के लिए एक अलग मकसद देता है. प्रोटेस्ट साइट तक पहुंचने की कोशिश करने के बजाय, प्लेयर्स को प्रदर्शनकारियों को वहां पहुंचने से रोकना होगा. वे लाठियां और आंसू गैस का इस्तेमाल कर सकते हैं, प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले सकते हैं और उन्हें पुलिस बसों में ले जा सकते हैं. अलग-अलग मकसद प्लेयर्स को एक ही प्रदर्शन को दो अलग-अलग नजरियों से देखने का मौका देते हैं. बैरिकेड्स, हिरासत और जानी-पहचानी शहरी दिक्कतों को मिलाकर, जंतर मंतर चलो प्रोटेस्ट साइट तक पहुंचने के प्रोसेस को प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच एक मजाकिया मुकाबले में बदल देता है.
ये भी पढ़ें- 3 साल सिक्योरिटी अपडेट्स, 6000mAh बैटरी और Sony सेंसर, लॉन्च हुआ Lava Aura Curve
Latest Stories
3 साल सिक्योरिटी अपडेट्स, 6000mAh बैटरी और Sony सेंसर, लॉन्च हुआ Lava Aura Curve
सीक्रेट चैट्स को कर पाएंगे लॉक, OpenAI ने ChatGPT इस्तेमाल करने वालों को दिया ये नया फीचर
4 कैमरों वाले Samsung Galaxy F70 5G की सेल शुरू, हाथों-हाथ ऐसे मिलेगा 2000 रुपए का डिस्काउंट
