सोने की कीमतों में गिरावट, चांदी 8900 रुपये हुई सस्ती; जानें- 24 कैरेट वाले गोल्ड का दाम
Gold Price Today: ट्रेडर्स ने कहा कि विदेशी बाजारों में कीमतें मजबूत होने के बावजूद, ज्वैलर्स और इंडस्ट्रियल खरीदारों की तरफ से कम मांग के कारण कीमती मेटल्स पर दबाव बना रहा. विश्लेषकों का कहना है कि मार्केट में हिस्सा लेने वालों द्वारा नई पोजीशन बनाने से कीमती धातु की कीमतों में बढ़ोतरी हुई.

Gold Price Today: मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोने की कीमत 700 रुपये घटकर 1.46 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई और चांदी की कीमत 8,900 रुपये गिर गई, क्योंकि घरेलू सर्राफा बाजार में मांग कम थी. 99.9 फीसदी प्योरिटी वाले गोल्ड की कीमत सोमवार के 1,47,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के क्लोजिंग लेवल से 700 रुपये घटकर 1,46,300 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स सहित) हो गई.
चांदी की कीमतों में गिरावट
ऑल इंडिया सराफा एसोसिएशन के अनुसार, चांदी की कीमत में भी बड़ी गिरावट आई और यह 8,900 रुपये गिरकर 2,26,100 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स सहित) हो गई. इससे पहले के सेशन में चांदी की कीमत 2,35,000 रुपये प्रति किलोग्राम थी.
कीमतों पर दबाव
ट्रेडर्स ने कहा कि विदेशी बाजारों में कीमतें मजबूत होने के बावजूद, ज्वैलर्स और इंडस्ट्रियल खरीदारों की तरफ से कम मांग के कारण कीमती मेटल्स पर दबाव बना रहा. इंटरनेशनल मार्केट में स्पॉट गोल्ड की कीमत थोड़ी बढ़कर 4,020.13 डॉलर प्रति औंस हो गई और चांदी की कीमत लगभग 1 फीसदी बढ़कर 58.06 डॉलर प्रति औंस हो गई.
कच्चे तेल और महंगाई की चिंता
HDFC सिक्योरिटीज में कमोडिटीज के सीनियर एनालिस्ट सौमिल गांधी ने कहा, ‘सोने-चांदी की कीमतों में सोमवार की भारी गिरावट के बाद रिकवरी की कोशिश हुई, लेकिन कच्चे तेल की ऊंची कीमतों, महंगाई को लेकर फिर से चिंता और इस उम्मीद के बीच कि फेडरल रिजर्व सख्त मॉनेटरी पॉलिसी का रुख बनाए रख सकता है, बढ़त सीमित रही.’
फ्यूचर्स ट्रेड में गोल्ड
मंगलवार को फ्यूचर्स ट्रेड में सोने की कीमतें 1,303 रुपये बढ़कर 1,41,612 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गईं, क्योंकि मजबूत स्पॉट डिमांड के कारण सट्टेबाजों ने नई पोजीशन बनाईं. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर, अगस्त डिलीवरी के लिए सोने के कॉन्ट्रैक्ट्स 1,095 लॉट के कारोबार में 1,303 रुपये या 0.93 प्रतिशत बढ़कर 1,41,612 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड हुए.
विश्लेषकों का कहना है कि मार्केट में हिस्सा लेने वालों द्वारा नई पोजीशन बनाने से कीमती धातु की कीमतों में बढ़ोतरी हुई.
ग्लोबल स्तर पर, न्यूयॉर्क में गोल्ड फ्यूचर्स 0.70 फीसदी बढ़कर 4,030.57 डॉलर प्रति औंस हो गए.