सोना खरीदने वालों के लिए खुशखबरी! एक दिन में 4800 रुपये सस्ता हुआ गोल्ड, चांदी भी टूटी

सोने और चांदी की कीमतों में बुधवार को भारी गिरावट दर्ज की गई. राष्ट्रीय राजधानी में सोना 4800 रुपये टूटकर 1.54 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया, जबकि चांदी 5300 रुपये सस्ती होकर 2.55 लाख रुपये प्रति किलोग्राम रह गई.

सोने और चांदी की कीमतों में बुधवार को भारी गिरावट दर्ज की गई. Image Credit: money9live

Gold Price Today: सोने और चांदी की कीमतों में बुधवार को जोरदार गिरावट दर्ज की गई. राष्ट्रीय राजधानी में सोने का भाव 4800 रुपये टूटकर 1.54 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया. वहीं चांदी की कीमत में 5300 रुपये की कमी आई और इसका भाव 2.55 लाख रुपये प्रति किलोग्राम रह गया. मजबूत रुपये, कमजोर वैश्विक संकेतों और शेयर बाजार में निवेशकों की बढ़ती रुचि के कारण कीमती मेटल्स पर दबाव बना है. इसके अलावा अमेरिकी फेडरल रिजर्व के ब्याज दर फैसले से पहले निवेशक सतर्क नजर आ रहे हैं.

सोने की कीमत में आई बड़ी गिरावट

अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक, 99.9 फीसदी शुद्धता वाला सोना 4800 रुपये गिरकर 1,54,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया. इससे पहले पिछले कारोबारी सत्र में सोना 1,59,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था. लगातार दूसरे दिन सोने की कीमतों में कमजोरी देखने को मिली है. इससे ज्वेलरी खरीदने की योजना बना रहे ग्राहकों को कुछ राहत मिल सकती है.

चांदी भी हुई सस्ती

सोने के साथ चांदी की कीमतों में भी तेज गिरावट दर्ज की गई. चांदी का भाव 5300 रुपये घटकर 2,55,400 रुपये प्रति किलोग्राम रह गया. पिछले कारोबारी सत्र में यह 2,60,700 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी. बाजार में कमजोर मांग और वैश्विक स्तर पर नरम रुख के कारण चांदी पर भी दबाव बना हुआ है.

शेयर बाजार की मजबूती का असर

विशेषज्ञों का मानना है कि निवेशकों का रुझान फिलहाल शेयर बाजार की ओर बढा है. मजबूत इक्विटी बाजार के कारण निवेशक सोने और चांदी जैसी सुरक्षित परिसंपत्तियों से दूरी बना रहे हैं. बेहतर रिटर्न की उम्मीद में निवेशकों का पैसा शेयरों में जा रहा है, जिससे कीमती मेटल्स की मांग प्रभावित हुई है.

यह भी पढ़ें- पहली नौकरी वालों के खाते में आएगा ₹15000, 19 जून को PM मोदी जारी करेंगे ₹2400 करोड़, जानें डिटेल

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कमजोरी

वैश्विक बाजार में स्पॉट गोल्ड मामूली गिरावट के साथ 4327.54 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता दिखा. वहीं चांदी 0.18 फीसदी की गिरावट के साथ 69.89 डॉलर प्रति औंस पर रही. अंतरराष्ट्रीय कीमतों में नरमी का असर घरेलू बाजार पर भी देखने को मिला, जिससे सोना और चांदी दोनों कमजोर हुए.