ट्रंप के ईरान अल्टीमेटम से सहमा बाजार, सोना ₹600 और चांदी ₹2000 हुई सस्ती; जानें कहां पहुंची कीमतें
ईरान को लेकर ट्रंप की सख्त चेतावनी के बीच बुलियन बाजार में गिरावट देखने को मिली. निवेशकों की सतर्कता बढ़ने से सोना और चांदी दोनों फिसले, जबकि तेल कीमतों में उछाल ने बाजार की चिंता और बढ़ा दी. गिरावट के बाद जानें कहां पहुंची कीमतें.
Gold and Silver Price Today 7 April 2026: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और अमेरिका की कड़ी चेतावनियों के बीच बुलियन बाजार में एक बार फिर दबाव देखने को मिला है. मंगलवार, 7 अप्रैल को दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोना और चांदी दोनों की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई, जिससे यह साफ संकेत मिला कि निवेशक फिलहाल सतर्क रुख अपना रहे हैं. खासतौर पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान को दिए गए अल्टीमेटम ने बाजार की दिशा को प्रभावित किया है.
टूटकर कहां पहुंची चांदी?
ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के मुताबिक, चांदी की कीमत में 2,000 रुपये की गिरावट आई, जिसके बाद यह 2,40,000 रुपये प्रति किलोग्राम (टैक्स सहित) पर आ गई. इससे पहले सोमवार को चांदी 2,42,000 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी. यानी एक दिन में करीब 1 फीसदी की कमजोरी देखने को मिली.
सोना कितना टूटा?
सोने की बात करें तो 99.9 फीसदी शुद्धता वाला सोना भी गिरावट से अछूता नहीं रहा. इसकी कीमत 600 रुपये फिसलकर 1,53,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई, जबकि पिछले कारोबारी सत्र में यह 1,53,800 रुपये पर बंद हुआ था. इस गिरावट के पीछे मुख्य वजह निवेशकों की सतर्कता और अनिश्चित माहौल को माना जा रहा है.
क्या है एक्सपर्ट्स की राय?
कमोडिटी बाजार के जानकारों का कहना है कि ट्रंप द्वारा ईरान को होर्मुज स्ट्रेट खोलने के लिए दी गई डेडलाइन और सैन्य कार्रवाई की चेतावनी ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है. HDFC सिक्योरिटीज के सीनियर एनालिस्ट सौमिल गांधी के अनुसार, इस तरह के बयान बाजार में अस्थिरता को बढ़ाते हैं, जिससे बुलियन में मुनाफावसूली देखने को मिलती है.
अंतरराष्ट्रीय बाजार की स्थिति?
अंतरराष्ट्रीय बाजार में मिला-जुला रुख देखने को मिला. स्पॉट गोल्ड हल्की बढ़त के साथ करीब 4,659 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड करता दिखा, जबकि सिल्वर करीब 1 फीसदी गिरकर 72.14 डॉलर प्रति औंस पर आ गया. यह संकेत देता है कि ग्लोबल निवेशक भी फिलहाल स्पष्ट दिशा के इंतजार में हैं.
ट्रंप के बयान ने बढ़ाई तेल बाजार में हलचल
ट्रंप के बयान ने कच्चे तेल के बाजार में हलचल जरूर बढ़ा दी है. संभावित सैन्य टकराव की आशंका से क्रूड ऑयल की कीमतों में उछाल आया है. वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) करीब 3 फीसदी बढ़कर 115 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया, जबकि ब्रेंट क्रूड भी 110 डॉलर के आसपास ट्रेड करता दिखा. तेल की कीमतों में यह तेजी आगे चलकर महंगाई और बाजार पर अतिरिक्त दबाव डाल सकती है.
ये भी पढ़ें- ईरान की ‘संजीवनी’ है खार्ग आइलैंड, जानें 18 किमी के इस टापू में छिपा है कितना तेल; ट्रंप की नजर क्यों?
Latest Stories
पश्चिम एशिया तनाव: गैस संकट से बंद हुए ढाबे; खाने वाले तेल और चीनी की मांग में आई गिरावट: रिपोर्ट
ईरान की ‘संजीवनी’ है खार्ग आइलैंड, जानें 18 किमी के इस टापू में छिपा है कितना तेल; ट्रंप की नजर क्यों?
हवाई सफर करने वालों को झटका! Air India ने बढ़ाया फ्यूल सरचार्ज, अब दूरी के हिसाब से देना होगा ज्यादा किराया
