NSE IPO: 25 सितंबर को हो सकती है लिस्टिंग, खबर आते ही IFCI और NIACL के शेयरों में उछाल
NSE की संभावित 25 सितंबर लिस्टिंग की खबर से बाजार में हलचल बढ़ी है. रिपोर्ट के मुताबिक SEBI अगले सप्ताह IPO को मंजूरी दे सकता है. खबर के बाद NSE में हिस्सेदारी रखने वाली IFCI और NIACL के शेयरों में तेजी दिखी.

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के बहुप्रतीक्षित IPO को लेकर बाजार में हलचल बढ़ गई है. CNBC-TV18 की रिपोर्ट के मुताबिक, NSE 25 सितंबर को शेयर बाजार में लिस्टिंग का लक्ष्य बना रहा है. रिपोर्ट सामने आने के बाद NSE में हिस्सेदारी रखने वाली कंपनियों के शेयरों में जोरदार खरीदारी देखने को मिली. IFCI और न्यू इंडिया एश्योरेंस (NIACL) के शेयरों में खास तेजी रही. हालांकि, NSE की लिस्टिंग की तारीख की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
अगले हफ्ते मिल सकती है SEBI से मंजूरी
रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) अगले सप्ताह NSE के IPO को मंजूरी दे सकता है. मंजूरी मिलने के बाद NSE अपडेटेड ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) दाखिल कर सकता है.
इसके बाद IPO के प्राइस बैंड का ऐलान 11 सितंबर के आसपास किए जाने की संभावना जताई गई है. CNBC-TV18 के अनुसार, NSE ने SEBI को लिस्टिंग से जुड़ी जानकारी भेजी है और एक्सचेंज की ओर से जवाब का इंतजार किया जा रहा है.
IFCI और NIACL के शेयर क्यों चढ़े?
NSE IPO की खबर का सीधा असर उन कंपनियों पर पड़ा है, जिनके पास एक्सचेंज में हिस्सेदारी है. न्यू इंडिया एश्योरेंस के पास NSE की करीब 1.42 फीसदी हिस्सेदारी है. इसलिए NSE की संभावित लिस्टिंग से इस निवेश की वैल्यू बढ़ने की उम्मीद में NIACL के शेयरों में खरीदारी बढ़ी.
वहीं, IFCI की NSE में सीधी हिस्सेदारी नहीं है. IFCI के पास Stock Holding Corporation of India (SHCIL) की करीब 52 फीसदी हिस्सेदारी है और SHCIL के पास NSE में लगभग 4.4 फीसदी हिस्सेदारी है. इस वजह से NSE की लिस्टिंग से IFCI को अप्रत्यक्ष फायदा मिलने की उम्मीद है.
NSE का IPO क्यों है खास?
NSE का IPO भारतीय शेयर बाजार के सबसे बड़े सार्वजनिक निर्गमों में शामिल हो सकता है. बाजार में प्रस्तावित IPO का आकार करीब 30,000 करोड़ रुपये के आसपास रहने की चर्चा है. यह पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) हो सकता है, यानी IPO से जुटाई गई रकम NSE के बजाय मौजूदा शेयरधारकों को जाएगी.
NSE की संभावित लिस्टिंग को लेकर निवेशकों की नजर अब SEBI की मंजूरी, अपडेटेड DRHP, प्राइस बैंड और IPO की अंतिम तारीख पर है. फिलहाल 25 सितंबर की लिस्टिंग की खबर को रिपोर्ट के तौर पर ही देखा जा रहा है, आधिकारिक घोषणा का इंतजार है.