तेल संकट का असर दिखना शुरू! 2 रुपये बढ़े प्रीमियम पेट्रोल के दाम, नॉर्मल तेल के रेट में कोई इजाफा नहीं
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच भारत में प्रीमियम पेट्रोल की कीमतों में ₹2 से ₹2.3 प्रति लीटर तक बढ़ोतरी की गई है. HPCL और IOCL के प्रीमियम फ्यूल महंगे हुए हैं, जबकि आम पेट्रोल के दाम फिलहाल स्थिर रखे गए हैं.
Petrol Price Hike Today: पश्चिम एशिया में जारी तनाव के चलते क्रूड ऑयल की खौलती कीमतों का असर भारतीय तेल कंपनियों पर दिखना शुरू हो चुका है. शुक्रवार 20 मार्च को भारतीय तेल कंपनियों ने अपने प्रीमियम पेट्रोल की कीमतों में इजाफा कर दिया है और नए रेट आज सुबह से लागू हो चुके हैं. हालांकि, राहत की बात यह है कि नॉर्मल या रेगुलर पेट्रोल की कीमतों में फिलहाल किसी भी तरह का बदलाव तेल मार्केटिंग कंपनियों ने नहीं किया है.
20 मार्च 2026 से प्रीमियम पेट्रोल की कीमत में ₹2 से ₹2.3 प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की गई है. टीवी9 की रिपोर्ट के मुताबिक, HPCL का Power पेट्रोल और IOCL का ‘XP95’ जैसे ब्रांडेड फ्यूल महंगे हुए हैं. प्रीमियम पेट्रोल का इस्तेमाल आमतौर पर बेहतर इंजन परफॉर्मेंस और ज्यादा माइलेज के लिए किया जाता है. अब इस बढ़ोतरी के बाद, महीने भर के ईंधन के खर्च में भी बढ़ोतरी देखने को मिलेगी. यानी कुल मिलाकर ग्राहकों की जेब पर बोझ बढ़ जाएगा.
आम पेट्रोल की कीमत स्थिर
जहां प्रीमियम पेट्रोल महंगा हुआ है, वहीं रेगुलर पेट्रोल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है. इससे फिलहाल वो ग्राहक राहत की सांस ले सकते हैं, जो रेगुलर पेट्रोल का इस्तेमाल अपनी गाड़ियों में करते हैं.
कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर के पार
इंटरनेशनल मार्केट में कच्चे तेल की कीमतें खौल रही हैं. शुक्रवार को कच्चे तेल की कीमतों में हल्की गिरावट देखने को मिली है, लेकिन यह अभी भी 100 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर बना हुआ है. ब्रेंट क्रूड करीब $108 प्रति बैरल और WTI करीब $95 प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा है.
ईरान द्वारा खाड़ी देशों के तेल और गैस ठिकानों पर हमले के बाद सप्लाई प्रभावित हुई है, जिससे कीमतों में तेजी आई है. हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ये आश्वाशन दिया है कि इजरायल अब ईरान के किसी भी एनर्जी ढांचे पर हमला नहीं करेगा और साथ ही ईरान को भी कतर के एनर्जी ढांचे को नुकसान नहीं पहुंचाने के लिए अगाह किया है.
