Sun Pharma Q1 Results: कंपनी का कमाल, जून तिमाही में 27% बढ़ा मुनाफा; रेवेन्यू 10.5% उछला

Sun Pharma ने Q1FY27 के शानदार नतीजे जारी किए हैं. कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 27 फीसदी बढ़कर 2,895 करोड़ रुपये पहुंच गया, जबकि रेवेन्यू 10.5 फीसदी बढ़कर 15,300 करोड़ रुपये हो गया. EBITDA और ऑपरेटिंग प्रदर्शन में भी सुधार देखने को मिला है.

सन फार्मा Image Credit: Money9live/Social Media

Sun Pharma Q1 Results: देश की सबसे बड़ी दवा कंपनियों में शामिल Sun Pharma ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (Q1FY27) के नतीजे जारी कर दिए हैं. अप्रैल-जून 2026 तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 27 फीसदी बढ़कर 2,895 करोड़ रुपये पर पहुंच गया. पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी ने 2,279 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया था. वहीं, कंपनी का ऑपरेशंस से रेवेन्यू भी मजबूत बढ़त के साथ 10.5 फीसदी बढ़कर 15,300 करोड़ रुपये हो गया. पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में यह 13,844 करोड़ रुपये था.

Q1FY27 में EBITDA में भी दर्ज हुई बढ़ोतरी

तिमाही के दौरान Sun Pharma का EBITDA 3 फीसदी बढ़कर 4,418 करोड़ रुपये पर पहुंच गया. हालांकि, EBITDA मार्जिन 28.9 फीसदी रहा. मजबूत ऑपरेटिंग प्रदर्शन और बेहतर प्रॉफिटेबिलिटी ने कंपनी के वित्तीय नतीजों को सहारा दिया.

भारत और ग्लोबल बिजनेस से मिला मजबूत सपोर्ट

कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर कीर्ति गणोरकर ने कहा कि पहली तिमाही का प्रदर्शन भारत के बाजार और इनोवेटिव मेडिसिन्स बिजनेस की मजबूत ग्रोथ की वजह से बेहतर रहा. उन्होंने कहा कि अमेरिका और अन्य अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी कंपनी के इनोवेटिव प्रोडक्ट्स को अच्छी प्रतिक्रिया मिली, जिससे कारोबार को मजबूती मिली. उनके मुताबिक, कंपनी लगातार ऐसे प्रोडक्ट्स पर फोकस कर रही है, जिनमें बेहतर मार्जिन और लंबी अवधि की ग्रोथ की संभावना हो.

सेमाग्लूटाइड को लेकर मिली अहम मंजूरी

कंपनी ने बताया कि उसे सेमाग्लूटाइड से जुड़े प्रोडक्ट्स के लिए भारत, ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका में रेगुलेटरी मंजूरियां मिली हैं. कंपनी के अनुसार, यह उपलब्धि जटिल पेप्टाइड प्रोडक्ट्स विकसित करने की उसकी क्षमता को दिखाता है. सेमाग्लूटाइड को मोटापा और टाइप-2 डायबिटीज के इलाज में इस्तेमाल होने वाली महत्वपूर्ण दवा माना जाता है. इस क्षेत्र में बढ़ती मांग को देखते हुए कंपनी इसे भविष्य के ग्रोथ इंजन के रूप में देख रही है.

Organon अधिग्रहण तय समय पर

Sun Pharma ने यह भी बताया कि Organon के शेयरधारकों ने प्रस्तावित अधिग्रहण को मंजूरी दे दी है. कंपनी का कहना है कि यह सौदा तय योजना के मुताबिक आगे बढ़ रहा है और इसके 2027 की शुरुआत तक पूरा होने की उम्मीद है. विशेषज्ञों का मानना है कि इस अधिग्रहण से Sun Pharma को अपने वैश्विक कारोबार का विस्तार करने और प्रोडक्ट पोर्टफोलियो को मजबूत बनाने में मदद मिल सकती है.

कैसा है शेयर का हाल

शुक्रवार को कंपनी का शेयर 0.59 फीसदी की गिरावट के साथ 1,989.40 रुपये पर ट्रेड कर रहा था. वहीं, पिछले एक सप्ताह में इसमें 2.29 फीसदी की तेजी दर्ज की गई है.

यह भी पढ़ें: FII, DII से लेकर प्रमोटर्स तक की पसंद बने ये 3 स्टॉक, ताबड़तोड़ कर रहे खरीदारी; क्या आपके पोर्टफोलियो में हैं शामिल?

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.