दुल्हन को 8 ग्राम सोने का सिक्का, बच्चों को अंगूठी; अपने पहले बजट में विजय ने महिलाओं के लिए खोला खजाना
मैरी विल्सन ने तमिलनाडु विधानसभा में 'तमिलगा वेट्री कझगम' सरकार का वित्त वर्ष 2026-27 के लिए पहला बजट पेश किया. इस बजट में कई कल्याणकारी योजनाओं की घोषणा की गई. विल्सन ने 2036 तक तमिलनाडु को 1.5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य घोषित किया.

तमिलनाडु के वित्त मंत्री एन. मैरी विल्सन ने बुधवार को विधानसभा में टीवीके सरकार का पहला बजट पेश किया. विल्सन ने मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने टेंडर में कुछ दलों तथा लोगों को मिलने वाला ‘कट’ (कमीशन) बंद कराया है.
कई कल्याणकारी योजनाओं की घोषणा
मैरी विल्सन ने तमिलनाडु विधानसभा में ‘तमिलगा वेट्री कझगम’ सरकार का वित्त वर्ष 2026-27 के लिए पहला बजट पेश किया. इस बजट में कई कल्याणकारी योजनाओं की घोषणा की गई, जिनमें महिलाओं को उनकी शादी के समय 8 ग्राम सोने का सिक्का और सिल्क की साड़ी देना शामिल है.
सोने का सिक्का और सिल्क की साड़ी वाली स्कीम क्या है?
विल्सन ने घोषणा की कि इस स्कीम के तहत महिलाओं को उनकी शादी के समय 8 ग्राम का सोने का सिक्का और एक सिल्क की साड़ी मिलेगी और इसके लिए बजट में 812 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं.
1 ग्राम सोने की अंगूठी
इसके अलावा विल्सन ने घोषणा की कि राज्य भर के सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले बच्चों को 1 ग्राम सोने की अंगूठी प्रदान करने के लिए थाई मामन थांगा मोधिरा थित्तम योजना के तहत 560 करोड़ रुपये आवंटित किए जाएंगे.
हज सब्सिडी में इजाफा
टीवीके सरकार ने अपने पहले बजट में पहली बार हज पर जाने वाले लोगों के लिए सब्सिडी 25,000 रुपये से बढ़ाकर 35,000 रुपये करने का प्रस्ताव रखा है.
छात्रों को लैपटॉप के लिए 2000 करोड़
‘वेट्री मडिकानिनी थिट्टम’ स्कीम के तहत कॉलेज के छात्रों को लैपटॉप दिए जाएंगे, जिसके लिए 2,000 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं. ‘जेन Z’ कहे जाने वाले स्कूली छात्रों को साइकिल के साथ हेलमेट और बोतल होल्डर भी मिलेंगे. इस स्कीम के लिए 777 करोड़ रुपये रखे गए हैं.
तमिलनाडु की अर्थव्यवस्था का लक्ष्य क्या है?
विल्सन ने 2036 तक तमिलनाडु को 1.5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य घोषित किया. यह बजट विधानसभा में मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय और विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन के बीच राजनीतिक टकराव के माहौल में पेश किया गया.
विल्सन ने विधानसभा में 2026-27 का बजट पेश करते हुए कहा कि राज्य को ‘वित्तीय संकट’ से उबारने के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं.
यह भी पढ़ें: KCC पर बड़ा अपडेट! अब बकरी पालन और सूअर पालन करने वालों को भी मिलेगा सस्ता लोन