CSK vs RR: 13वें ओवर में खत्म हुआ मुकाबला, राजस्थान की एकतरफा जीत; सूर्यवंशी-जयसवाल ने मचाया धमाल
आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 8 विकेट से हराकर एकतरफा जीत दर्ज की. वैभव सूर्यवंशी की 17 गेंदों में 52 रन की विस्फोटक पारी ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया. इससे इतर, जयसवाल की संयम से भरी पारी ने मैच को काफी हद तक सपोर्ट किया.
IPL 2026 CSK vs RR: आईपीएल 2026 के तीसरे मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को पूरी तरह एकतरफा अंदाज में 8 विकेट से हरा दिया. वानखेड़े जैसे हाई-स्कोरिंग ट्रैक के उलट इस मैच में चेन्नई की बल्लेबाजी पूरी तरह फ्लॉप रही और टीम 19.4 ओवर में महज 127 रन पर सिमट गई. इसके जवाब में राजस्थान ने लक्ष्य का पीछा करते हुए सिर्फ 12.1 ओवर में ही मैच खत्म कर दिया और दो ही विकेट गंवाए. इस शानदार जीत के हीरो रहे वैभव सूर्यवंशी, जिन्होंने तेजतर्रार बल्लेबाजी से मुकाबले को पूरी तरह RR के पक्ष में झुका दिया.
चेन्नई की बल्लेबाजी रही पूरी तरह नाकाम
टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत ही लड़खड़ाती नजर आई. टॉप ऑर्डर के बल्लेबाज रन बनाने के लिए संघर्ष करते रहे और नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे. टीम की ओर से जेमी ओवर्टन ने जरूर कुछ संघर्ष दिखाया और 36 गेंदों में 43 रन की पारी खेली, लेकिन उन्हें किसी दूसरे बल्लेबाज का खास साथ नहीं मिला. कार्तिक शर्मा (18) और सरफराज खान (17) ने छोटे-छोटे योगदान दिए, लेकिन टीम को सम्मानजनक स्कोर तक नहीं पहुंचा सके.
वहीं दूसरी ओर, राजस्थान के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया. जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर और रविंद्र जडेजा ने दो-दो विकेट लेकर चेन्नई की कमर तोड़ दी. वहीं संदीप शर्मा, रवि बिश्नोई और बृजेश शर्मा ने भी एक-एक विकेट लेकर दबाव बनाए रखा.
128 का लक्ष्य, लेकिन RR के लिए आसान काम
छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया. यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी की ओपनिंग जोड़ी ने मैच को एकतरफा बना दिया. सूर्यवंशी ने महज 15 गेंद पर ही अर्धशतक जड़ दिया. इससे इतर, जयसवाल ने 36 गेंद में 38 रनों की नॉट-आउट पारी खेली. इसमें उन्होंने 1 छक्का और 3 चौका लगाया. दोनों बल्लेबाजों ने तेजी से रन बटोरे और पावरप्ले में ही चेन्नई के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया. वैभव सूर्यवंशी ने अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से सभी का ध्यान खींचा और मैच को जल्दी खत्म करने में अहम भूमिका निभाई. सूर्यवंशी ने 17 गेंद में 52 रनों की दमदार पारी खेली जिसमें उन्होंने 5 छक्के और 4 चौका लगाया. उनके साथ यशस्वी जायसवाल ने भी बेहतरीन तालमेल दिखाया. इस जोड़ी ने मैच का रुख इतना तेजी से बदला कि चेन्नई वापसी का मौका ही नहीं बना सकी.
कप्तान रियान पराग ने खत्म किया मैच
आखिर में कप्तान रियान पराग ने अपनी शानदार पारी से टीम को जीत दिलाई. राजस्थान ने 12.1 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया, जो इस सीजन की सबसे तेज जीतों में से एक मानी जा रही है. तीसरे नंबर पर आए कप्तान पराग ने 14 गेंद में 11 रनों की पारी खेली जिसमें उन्होंने 1 छक्का और 1 चौका लगाया.
हेड टू हेड में मुकाबला बना संतुलित
इस जीत के साथ राजस्थान और चेन्नई के बीच हेड टू हेड रिकॉर्ड और दिलचस्प हो गया है. अब तक दोनों टीमों के बीच खेले गए मुकाबलों में कांटे की टक्कर देखने को मिली है, जहां जीत का अंतर बेहद कम है. इस मैच ने साफ कर दिया कि राजस्थान रॉयल्स इस सीजन में खतरनाक फॉर्म में नजर आ रही है. वहीं चेन्नई सुपर किंग्स को अपनी बल्लेबाजी पर गंभीरता से काम करना होगा, वरना आगे की राह मुश्किल हो सकती है.
ये भी पढ़ें- कश्मीर से लेकर दिल्ली तक बारिश, कई राज्यों में येलो अलर्ट जारी; जानें- कैसा रहेगा मौसम का हाल
