44°C की तपिश होगी कम! 11 जून से दिल्ली, यूपी-बिहार समेत 5 राज्यों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं से बदलेगा मौसम
उत्तर भारत में अगले कुछ दिनों के दौरान मौसम तेजी से बदलने वाला है. यूपी और बिहार में बारिश और आंधी का दौर देखने को मिलेगा, जबकि दिल्ली-NCR में 11 और 12 जून को तेज हवाओं और बारिश के चलते तापमान में बड़ी गिरावट आ सकती है. मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है.

IMD WEATHER ALERT: दक्षिण-पश्चिम मानसून ने पूर्वोत्तर भारत, सिक्किम और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ते हुए अपनी रफ्तार तेज कर दी है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में मानसून के बिहार, झारखंड, ओडिशा और मध्य भारत के कुछ हिस्सों की ओर बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं.
यूपी में मौसम का हाल?
मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 10 जून से 15 जून तक कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. 10 से 12 जून के बीच पूर्वी यूपी में और 10 जून को पश्चिमी यूपी में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं 11 और 12 जून को कुछ इलाकों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार वाली आंधी चलने का भी अनुमान है.
हालांकि बारिश के बावजूद पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में 9 से 11 जून तक लू चलने की भी संभावना जताई गई है.
बिहार में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
बिहार में 9 से 15 जून के बीच रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रह सकता है. 10 से 12 जून के बीच कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है. इसके साथ ही 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. 10 से 12 जून के दौरान कुछ स्थानों पर 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार वाली आंधी भी चल सकती है. इसके अलावा मौसम विभाग ने लोगों को बिजली गिरने और तेज हवाओं के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है.
दिल्ली-NCR में 12 जून को बड़ी राहत
दिल्ली में फिलहाल गर्मी का असर बना हुआ है और 10 जून को अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. हालांकि दोपहर और शाम के समय बादल बनने और गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं.
11 जून को मौसम करवट ले सकता है. शाम और रात के दौरान हल्की बारिश, गरज-चमक, धूलभरी आंधी और 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाएं चलने की संभावना है.
12 जून को दिल्ली-NCR में मौसम और ज्यादा बदल सकता है. हल्की बारिश, गरज-चमक और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाओं के साथ तापमान गिरकर 34 से 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.
पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में भी असर
पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में 11 से 15 जून के बीच बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. 11 और 12 जून को हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के कई इलाकों में धूलभरी आंधी, तेज हवाएं और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है.
इसे भी पढ़ें- Wipro के शेयरधारकों की लॉटरी? 11 जून से खुल रहा ₹15000 करोड़ का बायबैक, आपको कितना मिलेगा फायदा