कहीं बारिश-ओले तो कहीं हीटवेव! यूपी समेत इन 6 राज्यों में अलर्ट; जानें देशभर में मौसम का हाल

11 मई से उत्तर भारत के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग ने यूपी, दिल्ली, हिमाचल, उत्तराखंड समेत कई राज्यों में आंधी, बारिश और ओले गिरने की चेतावनी जारी की है. तेज हवाएं भी चल सकती हैं. वहीं राजस्थान और गुजरात में हीटवेव का खतरा बना रहेगा. IMD ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

क्या है मौसम का हाल Image Credit:

IMD Weather Alert: मई की तपती गर्मी के बीच उत्तर भारत के लोगों को जल्द राहत मिल सकती है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक 11 से 14 मई के बीच उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम अचानक बदल सकता है. पश्चिमी विक्षोभ और अलग-अलग साइक्लोन सर्कुलेशन सिस्टम्स के असर से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश का दौर देखने को मिल सकता है.

मौसम विभाग के अनुसार हिमालयी राज्यों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है. IMD ने कहा है कि जम्मू-कश्मीर में 11 और 12 मई को, जबकि हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 12 और 13 मई को ओले गिर सकते हैं.

कैसे रहेगा दिल्ली में मौसम ?

दिल्ली-NCR में भी मौसम बदलने के संकेत मिल रहे हैं. 11 मई को आसमान में बादल छाने के साथ हल्की बारिश, गरज-चमक और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी स्पीड झोंकों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. 12 मई को भी इसी तरह का मौसम बने रहने का अनुमान है. इस दौरान दिल्ली का अधिकतम तापमान 36 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.

हिट वेव का भी अलर्ट

हालांकि उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में राहत की उम्मीद है, लेकिन राजस्थान और गुजरात में गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा. मौसम विभाग ने पश्चिम राजस्थान में अगले 7 दिनों तक और गुजरात में 14 मई तक हीटवेव चलने की चेतावनी जारी की है. वहीं पश्चिम मध्य प्रदेश में भी 12 और 13 मई को लू चल सकती है.

मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम के दौरान सतर्क रहने, तेज आंधी और बिजली गिरने के समय खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है.

इसे भी पढ़ें- बार-बार क्रेडिट कार्ड के लिए अप्लाई करना पड़ सकता है भारी, खराब हो सकता है क्रेडिट स्कोर, लोन अप्रूवल पर भी पड़ेगा असर