अभी कहां अटका मानसून? दिल्ली, यूपी-बिहार समेत उत्तर भारत में कब होगी बारिश, जानें IMD का 7 दिन का अपडेट

IMD के अनुसार, अगले 2 से 3 दिनों के दौरान मानसून के गुजरात, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं. इसके बाद अगले 3 से 4 दिनों में मानसून झारखंड और बिहार के शेष हिस्सों तथा उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में आगे बढ़ सकता है.

क्या है मौसम का हाल

IMD Weather Update: देश के कई हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है. मंगलवार को मानसून ने मुंबई समेत महाराष्ट्र के कुछ और हिस्सों, तेलंगाना, ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के कुछ इलाकों में दस्तक दे दी है. अब लोगों की नजर उत्तर भारत पर है, जहां उत्तर प्रदेश, बिहार और दिल्ली के लोग बारिश का इंतजार कर रहे हैं. इसी बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों के लिए ताजा पूर्वानुमान जारी किया है, जिसमें बताया गया है कि उत्तर भारत के अलग-अलग राज्यों में कब और कैसी बारिश होने की संभावना है.

UP और बिहार में कब आगे बढ़ेगा मानसून?

IMD के अनुसार, अगले 2 से 3 दिनों के दौरान मानसून के गुजरात, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं. इसके बाद अगले 3 से 4 दिनों में मानसून झारखंड और बिहार के शेष हिस्सों तथा उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में आगे बढ़ सकता है.

बिहार में कब होगी बारिश?

मौसम विभाग के अनुसार, 23 से 27 जून के बीच बिहार में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं 28 जून को राज्य में व्यापक बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है. 25 और 26 जून को बिहार में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के साथ थंडरस्क्वॉल भी आ सकता है.

उत्तर प्रदेश में कब बरसेंगे बादल?

IMD के मुताबिक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 23 और 24 जून, फिर 29 जून को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में 23 जून और फिर 28 से 29 जून के दौरान बारिश के आसार हैं. हालांकि मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश में 23 से 27 जून तक हीटवेव चलने की भी चेतावनी जारी की है.

दिल्ली का मौसम कैसा रहेगा?

दिल्ली-एनसीआर में 23 जून को आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ दोपहर या शाम के समय बहुत हल्की से हल्की बारिश, गरज-चमक और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाएं, जिनकी रफ्तार झोंकों के दौरान 50 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, चलने की संभावना है. अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

इसके अलावा 24 जून को गरज-चमक बनने की संभावना है, जबकि 26 जून को फिर से हल्की बारिश, गरज-चमक और 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाएं, जिनके झोंके 40 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकते हैं, चल सकती हैं. 25 जून को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा, लेकिन बारिश की संभावना नहीं जताई गई है.

इन राज्यों में हीटवेव का अलर्ट

मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश में 23 से 27 जून, विदर्भ में 23 से 25 जून तथा बिहार और दक्षिण-पूर्व मध्य प्रदेश में 23 से 24 जून तक हीटवेव चलने की चेतावनी दी है.

इसे भी पढ़ें- अमेरिकी नागरिकता लेना होगा महंगा, ट्रंप प्रशासन ने 75% फीस बढ़ाने का दिया प्रस्ताव; इन भारतीयों पर सबसे ज्यादा असर