अमेरिकी नागरिकता लेना होगा महंगा, ट्रंप प्रशासन ने 75% फीस बढ़ाने का दिया प्रस्ताव; इन भारतीयों पर सबसे ज्यादा असर

ट्रंप प्रशासन ने अमेरिकी नागरिकता की आवेदन फीस में 75 फीसदी तक बढ़ोतरी और फी वेवर खत्म करने का प्रस्ताव दिया है. अगर यह नियम लागू होता है, तो खासकर ग्रीन कार्ड धारक भारतीयों को नागरिकता लेने के लिए पहले से काफी ज्यादा खर्च करना पड़ सकता है.

यूएस पासपोर्ट Image Credit: CANVA

US Citizenship Fees: अमेरिका की नागरिकता हासिल करने की तैयारी कर रहे लाखों प्रवासियों, खासकर भारतीयों के लिए बड़ी खबर है. डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने अमेरिकी नागरिकता (US Citizenship) के लिए आवेदन शुल्क में करीब 75 फीसदी तक बढ़ोतरी करने का प्रस्ताव रखा है. इतना ही नहीं, कम इनकम वाले आवेदकों को मिलने वाली फीस में छूट और रियायती शुल्क की व्यवस्था भी खत्म करने की तैयारी है. अगर यह प्रस्ताव लागू हो जाता है, तो अमेरिकी नागरिक बनने का सपना पहले के मुकाबले काफी महंगा हो जाएगा.

क्या है नया प्रस्ताव?

अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग (DHS) और यूएस सिटिजनशिप एंड इमिग्रेशन सर्विसेज (USCIS) के प्रस्ताव के मुताबिक, पेपर के जरिए नागरिकता के लिए आवेदन करने की फीस 760 डॉलर से बढ़ाकर 1,330 डॉलर (1.26 लाख रुपये के करीब) की जा सकती है. वहीं ऑनलाइन आवेदन करने वालों को 710 डॉलर की जगह 1,280 डॉलर चुकाने होंगे. यानी दोनों ही मामलों में आवेदन शुल्क में करीब 75% की बढ़ोतरी का प्रस्ताव है.

इसके अलावा, अगर किसी व्यक्ति की नागरिकता की अर्जी खारिज हो जाती है और वह दोबारा समीक्षा (Form N-336) के लिए आवेदन करता है, तो उसकी फीस भी 830 डॉलर से बढ़ाकर 1,475 डॉलर किए जाने का प्रस्ताव है.

किन सुविधाओं को खत्म करने की तैयारी?

फिलहाल अमेरिका में कम इनकम वाले परिवारों, आर्थिक तंगी से जूझ रहे लोगों या कुछ सरकारी सहायता पाने वाले आवेदकों को नागरिकता आवेदन में फीस में छूट या रियायत मिलती है. लेकिन नए प्रस्ताव में इन सभी सुविधाओं को खत्म करने की बात कही गई है. हालांकि, अमेरिकी सेना में सेवा देने वाले लोगों को मिलने वाली फीस छूट पहले की तरह जारी रहेगी.

भारतीयों पर क्या होगा असर?

इस प्रस्ताव का सबसे ज्यादा असर उन भारतीयों पर पड़ सकता है, जो लंबे समय से अमेरिका में रह रहे हैं और अब अमेरिकी नागरिकता के लिए आवेदन करने की तैयारी कर रहे हैं. खासकर ग्रीन कार्ड (Green Card) धारक भारतीय, जो पहले H-1B वीजा पर अमेरिका गए थे और बाद में स्थायी निवासी बने, उन्हें अब नागरिकता लेने के लिए पहले से कहीं ज्यादा खर्च करना पड़ सकता है.

क्या अभी से बढ़ जाएगी फीस?

फिलहाल यह सिर्फ एक प्रस्ताव (Notice of Proposed Rulemaking) है. इसे लागू करने से पहले 60 दिनों तक लोगों और संस्थाओं से सुझाव लिए जाएंगे. इसके बाद ही अंतिम नियम जारी होगा. यानी अभी नागरिकता आवेदन की मौजूदा फीस और फीस छूट की व्यवस्था पहले की तरह जारी रहेगी.

अभी कितनी है फीस?

वर्तमान में ऑनलाइन आवेदन की फीस 710 डॉलर और पेपर आवेदन की फीस 760 डॉलर है. वहीं पात्र आवेदकों के लिए कम शुल्क और फीस माफी की सुविधा भी उपलब्ध है. अंतिम नियम लागू होने के बाद ही नई फीस प्रभावी होगी.

इसे भी पढ़ें- दो AC आउटडोर यूनिट के बीच कितनी होनी चाहिए दूरी? जानें सही गैप, वरना हो सकता है बड़ा हादसा!