दो AC आउटडोर यूनिट के बीच कितनी होनी चाहिए दूरी? जानें सही गैप, वरना हो सकता है बड़ा हादसा!

अगर आप नया AC लगवाने की योजना बना रहे हैं या घर में दूसरा AC इंस्टॉल कराने वाले हैं, तो इंस्टॉलेशन के समय आउटडोर यूनिट की सही लोकेशन और उनके बीच उचित दूरी का विशेष ध्यान रखें. यह छोटी-सी सावधानी आपके AC की बेहतर कूलिंग, कम बिजली खर्च और लंबे समय तक बेहतरीन परफॉर्मेंस सुनिश्चित करने में मदद कर सकती है.

एसी

Minimum Distance Between Two AC Outdoor Units: गर्मी के मौसम में घरों और दफ्तरों में एक से ज्यादा एयर कंडीशनर (AC) लगाना आम बात हो गई है. लेकिन ज्यादातर लोग AC खरीदते समय उसकी क्षमता और फीचर्स पर तो ध्यान देते हैं, जबकि इंस्टॉलेशन के दौरान एक जरूरी बात को नजरअंदाज कर देते हैं. खासकर जब दो स्प्लिट AC के आउटडोर यूनिट एक साथ लगाए जाते हैं, तो उनके बीच सही दूरी नहीं छोड़ी जाती. यह छोटी-सी गलती AC की कूलिंग, बिजली की खपत और मशीन की लाइफ तथा बड़े हादसे को दावत दे सकता है, इसलिए AC की बेहतर परफॉर्मेंस के लिए सिर्फ अच्छी मशीन खरीदना ही नहीं, बल्कि उसका सही इंस्टॉलेशन भी उतना ही जरूरी होता है.

दो आउटडोर यूनिट के बीच कितनी दूरी होनी चाहिए?

दो AC के आउटडोर यूनिट के बीच पर्याप्त दूरी रखना बेहद जरूरी है. अगर दोनों यूनिट बहुत पास-पास लगाए जाते हैं, तो एक यूनिट से निकलने वाली गर्म हवा दूसरी यूनिट में वापस पहुंच सकती है. इससे कंप्रेसर पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है और AC को कमरे को ठंडा करने के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है. इसका सीधा असर बिजली के बिल और AC की परफॉर्मेंस पर पड़ता है.

lawescompany की रिपोर्ट के मुताबिक, आमतौर पर दो AC आउटडोर यूनिट के बीच कम से कम से कम 4 फीट होनी चाहिए. इसके अलावा, आउटडोर यूनिट के पीछे दीवार से करीब 10 से 12 इंच (25 से 30 सेंटीमीटर) की दूरी और ऊपर कम से कम 2 से 3 फीट खुली जगह होनी चाहिए. इससे गर्म हवा आसानी से बाहर निकलती है और यूनिट अधिक प्रभावी तरीके से काम करती है.

कम दूरी होने पर क्या नुकसान हो सकता है?

अगर दो आउटडोर यूनिट बहुत पास लगाए जाते हैं, तो दोनों एक-दूसरे की गर्म हवा को खींचने लगते हैं. इससे कूलिंग क्षमता कम हो सकती है और AC को लगातार अधिक लोड पर काम करना पड़ता है. नतीजतन बिजली की खपत बढ़ती है, कंप्रेसर जल्दी गर्म होता है और मशीन में खराबी आने का खतरा भी बढ़ जाता है. लंबे समय तक ऐसा होने पर AC की उम्र भी कम हो सकती है.

सही दूरी रखने के क्या फायदे हैं?

सही दूरी रखने का सबसे बड़ा फायदा यह है कि AC की कूलिंग क्षमता बनी रहती है. कंप्रेसर पर अनावश्यक दबाव नहीं पड़ता और मशीन की उम्र बढ़ जाती है. इसके साथ ही बिजली की खपत कम होती है, क्योंकि AC को बार-बार ओवरलोड होकर काम नहीं करना पड़ता. ओवरहीटिंग और बार-बार खराब होने की संभावना भी काफी हद तक कम हो जाती है. इससे मेंटेनेंस का खर्च भी कम रहता है और AC लंबे समय तक बेहतर प्रदर्शन करता है.

इंस्टॉलेशन के समय इन बातों का भी रखें ध्यान

सिर्फ दो यूनिट के बीच दूरी रखना ही पर्याप्त नहीं है. आउटडोर यूनिट ऐसी जगह लगाएं, जहां हवा का प्रवाह बाधित न हो. यूनिट के सामने किसी तरह की दीवार, ग्रिल या भारी सामान नहीं होना चाहिए. साथ ही समय-समय पर आउटडोर यूनिट की सफाई और सर्विसिंग भी कराते रहें, ताकि धूल और गंदगी के कारण एयर फ्लो प्रभावित न हो.

इसे भी पढ़ें- IEMs vs Earbuds: गेमिंग से म्यूजिक तक, क्यों बढ़ रही है IEMs की लोकप्रियता? जानें बेहतर साउंड क्वालिटी के लिए कौन है बेस्ट ऑप्शन