TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

Israel की GDP ग्रोथ में Nvidia का बड़ा योगदान, Q3 में आधी आर्थिक तेजी के पीछे रही चिप कंपनी

AI चिप बनाने वाली अमेरिकी कंपनी Nvidia अब इजरायल की अर्थव्यवस्था के लिए भी अहम बन गई है. ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, सितंबर तिमाही में इजरायल की GDP ग्रोथ में करीब आधा योगदान Nvidia के स्थानीय कारोबार से जुड़ा रहा. इस दौरान इजरायल की अर्थव्यवस्था सालाना आधार पर 8 फीसदी की दर से बढ़ी. अगर Nvidia से जुड़ा योगदान हटा दिया जाए तो ग्रोथ करीब 4 फीसदी रहती.

Q3 में इजरायल की अर्थव्यवस्था सालाना आधार पर 8 फीसदी बढ़ी. Image Credit: Getty image

Highlights

  • Q3 में इजरायल की अर्थव्यवस्था सालाना आधार पर 8 फीसदी बढ़ी.
  • Nvidia के इजरायल कारोबार से कुल ग्रोथ में करीब आधा योगदान रहा.
  • Nvidia की AI चिप मांग में कमी इजरायल की अर्थव्यवस्था के लिए जोखिम बन सकती है.

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की बढ़ती मांग का असर अब सिर्फ टेक्नोलॉजी कंपनियों की कमाई तक सीमित नहीं है, बल्कि देशों की आर्थिक ग्रोथ में भी दिखाई देने लगा है. इसका ताजा उदाहरण इजरायल है, जहां अमेरिकी चिप कंपनी Nvidia की गतिविधियों ने देश की अर्थव्यवस्था को बड़ी रफ्तार दी है. ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सितंबर तिमाही यानी Q3 में इजरायल की सालाना आधार पर दर्ज आर्थिक ग्रोथ में करीब आधा योगदान Nvidia के इजरायल स्थित कारोबार से जुड़ा रहा.

इजरायल की अर्थव्यवस्था जुलाई से सितंबर 2026 के दौरान सालाना आधार पर 8 फीसदी की दर से बढ़ी. हालांकि, इस ग्रोथ के आंकड़े में विदेशों में हुए उत्पादन से जुड़े एक विशेष घटक का बड़ा योगदान रहा. यह हिस्सा मुख्य रूप से Nvidia के इजरायल स्थित कारोबार से होने वाली इनकम को दिखाता है. रिपोर्ट के मुताबिक, इस घटक ने कुल आर्थिक ग्रोथ में करीब आधा योगदान दिया. अगर इस हिस्से को हटा दिया जाए तो सितंबर तिमाही में इजरायल की अर्थव्यवस्था की सालाना ग्रोथ करीब 4 फीसदी रहती.

Nvidia की वजह से इजरायल में बढ़ा आर्थिक महत्व

Nvidia की इजरायल में मजबूत मौजूदगी की एक बड़ी वजह साल 2020 में Mellanox Technologies का अधिग्रहण है. Mellanox इजरायल की सेमीकंडक्टर नेटवर्किंग कंपनी थी. इस अधिग्रहण के बाद इजरायल Nvidia के लिए एक अहम इंजीनियरिंग और रिसर्च सेंटर बन गया.

रिपोर्ट के मुताबिक, Nvidia के इजरायल में करीब 6,000 कर्मचारी काम करते हैं. कंपनी की यहां मौजूदगी और उससे जुड़ी आर्थिक गतिविधियां देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं. Q3 के ग्रोथ आंकड़े इस बात को भी दिखाते हैं कि वैश्विक टेक्नोलॉजी कंपनियों का कारोबार किसी देश की आर्थिक तस्वीर को किस हद तक प्रभावित कर सकता है.

AI चिप की मांग में कमी बनी सकती है चुनौती

हालांकि, Nvidia के कारोबार से इजरायल को आर्थिक फायदा मिल रहा है, लेकिन इससे देश की अर्थव्यवस्था के सामने एक जोखिम भी खड़ा होता है. इजरायल की ग्रोथ में Nvidia से जुड़ी गतिविधियों का बड़ा योगदान यह संकेत देता है कि देश की अर्थव्यवस्था इस कंपनी और AI सेक्टर के प्रदर्शन पर निर्भर हो सकती है.

अगर आने वाले समय में AI चिप की मांग धीमी पड़ती है या दुनियाभर में AI से जुड़े निवेश में कमी आती है, तो इसका असर Nvidia के कारोबार पर पड़ सकता है. ऐसी स्थिति में इजरायल की अर्थव्यवस्था को भी इस ग्रोथ के स्रोत से मिलने वाला सहारा कम हो सकता है.

यह भी पढ़ेंः क्या फिलहाल नहीं मिलेगी कैपिटल गेन टैक्स से राहत? वित्त मंत्री को अर्थशास्त्रियों ने दी LTCG पर ऐसी सलाह

2026 में 5.6 फीसदी ग्रोथ का अनुमान

दूसरी ओर, बैंक ऑफ इजरायल ने पिछले महीने देश की आर्थिक ग्रोथ को लेकर अपना अनुमान बढ़ाया था. केंद्रीय बैंक ने 2026 में इजरायल की अर्थव्यवस्था के 5.6 फीसदी की दर से बढ़ने का अनुमान जताया है. इससे पहले उसने ग्रोथ का अनुमान 4 फीसदी रखा था.

इजरायल में वित्त वर्ष और कैलेंडर वर्ष एक ही होते हैं. वहां वित्त वर्ष 1 जनवरी से शुरू होकर 31 दिसंबर को खत्म होता है. ऐसे में बैंक ऑफ इजरायल का 5.6 फीसदी ग्रोथ अनुमान पूरे कैलेंडर वर्ष 2026 के लिए है.