मानसून ने पकड़ी रफ्तार! दिल्ली, यूपी समेत इन 5 राज्यों में होगी भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का भी अलर्ट
IMD के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून ने 3 जुलाई को गुजरात, मध्य प्रदेश के शेष हिस्सों तथा राजस्थान और हरियाणा के कुछ और इलाकों में आगे बढ़त दर्ज की है. अगले 4 से 5 दिनों के दौरान मानसून के हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और गुजरात के बाकी हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं.

IMD WEATEHER ALERT: उत्तर भारत में आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी पर बने कम दबाव के क्षेत्र और दूसरे मौसम प्रणालियों के असर से कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी. दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में अलग-अलग दिनों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है.
दिल्ली-NCR का मौसम
दिल्ली में 3 जुलाई को दोपहर बाद आसमान में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश, गरज-चमक और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाएं 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं. अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. 4 जुलाई को भी बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी. 5 जुलाई को कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि 6 जुलाई को भी हल्की बारिश और गरज-चमक के आसार हैं.
उत्तर प्रदेश में कहां होगी बारिश?
IMD के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 3 जुलाई तथा 8 और 9 जुलाई को बारिश की संभावना है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 7 से 9 जुलाई के बीच बारिश का दौर तेज हो सकता है. राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक की गतिविधियां भी देखने को मिल सकती हैं. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 3 जुलाई और 8-9 जुलाई तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश में 7-9 जुलाई के दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है.
राजस्थान में बारिश और आंधी का अलर्ट
राजस्थान में 3 से 9 जुलाई तक अलग-अलग स्थानों पर बारिश का दौर जारी रह सकता है. पश्चिमी राजस्थान में 3 और 4 जुलाई को भारी बारिश की संभावना है, जबकि पूर्वी राजस्थान में 8 और 9 जुलाई को भारी बारिश हो सकती है. पूर्वी राजस्थान में 3 से 7 जुलाई के बीच कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है. पश्चिमी राजस्थान में 3 जुलाई को 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाएं 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं. इसी दिन धूलभरी आंधी की भी संभावना है.
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश
उत्तराखंड में 3 से 9 जुलाई तक कई स्थानों पर बारिश का दौर बना रहेगा और इस दौरान अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है. हिमाचल प्रदेश में 3 जुलाई और फिर 5 से 9 जुलाई के बीच बारिश होगी. राज्य में 3 से 5 जुलाई और 8-9 जुलाई के दौरान भारी बारिश, जबकि 6 और 7 जुलाई को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है.
पंजाब, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर का हाल
पंजाब और हरियाणा में 6 से 8 जुलाई के दौरान बारिश का दायरा बढ़ने की संभावना है. 6 से 9 जुलाई के बीच कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. 3 से 9 जुलाई तक गरज-चमक और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं जम्मू-कश्मीर में 3 से 9 जुलाई तक बारिश का दौर जारी रहेगा और 3 जुलाई को कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है.
इसे भी पढ़ें- मुकुल अग्रवाल, मधुसूदन केला, आशीष धवन के इन 3 स्टॉक पर रखें नजर, 6 महीने में 80% तक की तेजी; बनेगा अगला मल्टीबैगर?