मानसून ने पकड़ी रफ्तार, यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट; दिल्ली में भी बदलेगा मौसम

IMD के मुताबिक, 3 जुलाई 2026 के आसपास उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में एक निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है. इसके प्रभाव से मध्य भारत में पूरे सप्ताह मानसून एक्टिव रहेगा. वहीं 2 से 4 जुलाई के बीच कोंकण में बेहद भारी बारिश होने का अनुमान है. इसके अलावा 2 और 3 जुलाई को मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों तथा 3 और 4 जुलाई को गुजरात क्षेत्र के कुछ हिस्सों में भी बेहद भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है.

क्या है मौसम का हाल Image Credit: Firdous Nazir/NurPhoto via Getty Images

IMD Weather Alert: दक्षिण-पश्चिम मानसून अब तेजी से आगे बढ़ रहा है और आने वाले दिनों में देश के कई हिस्सों में जोरदार बारिश देखने को मिल सकती है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, 30 जून 2026 को मानसून मध्य प्रदेश के कुछ और हिस्सों, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के शेष भागों, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों, उत्तराखंड के अधिकांश इलाकों तथा हिमाचल प्रदेश और लद्दाख के कुछ हिस्सों तक पहुंच गया है. अगले 2 से 3 दिनों में इसके गुजरात, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के बाकी हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं.

3 जुलाई के आसपास बनेगा लो-प्रेशर एरिया

मौसम विभाग के अनुसार, 3 जुलाई 2026 के आसपास उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में एक निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है. इसके प्रभाव से मध्य भारत में पूरे सप्ताह मानसून एक्टिव रहेगा. वहीं 2 से 4 जुलाई के बीच कोंकण में बेहद भारी बारिश होने का अनुमान है. इसके अलावा 2 और 3 जुलाई को मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों तथा 3 और 4 जुलाई को गुजरात क्षेत्र के कुछ हिस्सों में भी बेहद भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है.

यूपी-बिहार समेत उत्तर भारत में कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में 30 जून से 6 जुलाई के बीच अलग-अलग दिनों में बारिश का दौर जारी रहेगा. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 2 और 3 जुलाई को भारी बारिश की संभावना है, जबकि 30 जून से 3 जुलाई के बीच गरज-चमक और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 1 और 2 जुलाई को भारी बारिश का अनुमान है. वहीं 30 जून को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश भी हो सकती है.

बिहार में 30 जून से 4 जुलाई के बीच कई इलाकों में बारिश का दौर बना रहेगा. 2 से 4 जुलाई के दौरान भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि 30 जून और 1 जुलाई को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा 30 जून से 2 जुलाई और 5-6 जुलाई के दौरान गरज-चमक और तेज हवाओं का भी अनुमान है.

उत्तराखंड में 30 जून से 6 जुलाई तक व्यापक बारिश का अनुमान है. 30 जून और 3 से 6 जुलाई के दौरान भारी बारिश हो सकती है, जबकि 1 और 2 जुलाई को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. हिमाचल प्रदेश में 1 जुलाई और 5-6 जुलाई को भारी बारिश का अनुमान है. वहीं 2 से 4 जुलाई के दौरान कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश हो सकती है.

इसके अलावा 3 से 5 जुलाई के बीच 50 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है.
हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में भी मौसम बदलने वाला है. 2 से 6 जुलाई के बीच इन राज्यों में व्यापक बारिश हो सकती है. हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 1 से 3 जुलाई के दौरान भारी बारिश का अनुमान है. वहीं पंजाब में 2 से 4 जुलाई और 6 जुलाई को भारी बारिश की संभावना जताई गई है.

दिल्ली में कब मिलेगी गर्मी से राहत

दिल्ली-एनसीआर में 30 जून को आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। हल्की बारिश, गरज-चमक और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाएं 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। इस दिन अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

1 जुलाई को भी हल्की बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रह सकता है. अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 से 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. 2 और 3 जुलाई को मौसम और सुहावना हो सकता है. इन दोनों दिनों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अनुमान है. अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है.

इसे भी पढ़ें- Closing Bell: सेंसेक्स और निफ्टी में लगातार दूसरे दिन गिरावट, IT स्टॉक्स ने बिगाड़ा सेंटीमेंट; इन शेयरों में रही तेजी